Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

भारतीय क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी पर खतरा

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
भारतीय क्रिकेट कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी पर खतरा
विज्ञापन

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। रोहित शर्मा की टेस्ट कप्तानी को तुरंत कोई खतरा नहीं है लेकिन मुंबई के इस स्टार बल्लेबाज को अगर पारंपरिक प्रारूप में अपनी नेतृत्व क्षमता पर सवालिया निशान लगने से रोकना है तो वेस्टइंडीज में शानदार प्रदर्शन करना होगा। 

रोहित वेस्टइंडीज में दो टेस्ट की श्रृंखला में भारतीय टीम की अगुआई करेंगे और संभवत: इसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड के साथ बैठकर पारंपरिक प्रारूप में अपने भविष्य पर चर्चा करेंगे। भारतीय टीम में इस मामले की जानकारी रखने वालों की मानें तो रोहित अगर 12 जुलाई से डोमीनिका में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट की श्रृंखला में कप्तानी से स्वयं हटने का फैसला नहीं करते हैं तो वह टीम की अगुआई करेंगे। 

रोहित हालांकि डोमीनिका या पोर्ट ऑफ स्पेन में होने वाले दूसरे टेस्ट 20 से 24 जुलाई में अगर कोई बड़ी पारी नहीं खेलते हैं तो बीसीसीआई के आला अधिकारियों और राष्ट्रीय चयन समिति पर कड़ा फैसला करने का दबाव होगा। बीसीसीआई एक वरिष्ठ सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि ये निराधार बातें हैं कि रोहित को कप्तानी से हटा दिया जायेगा। 

हां, क्या वह पूरे दो साल के डब्ल्यूटीसी चक्र में बरकरार रहेगा, यह एक बड़ा सवाल है क्योंकि 2025 में तीसरा चक्र समाप्त होने पर वह लगभग 38 वर्ष का होगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल मेरा मानना है कि शिव सुंदर दास और उनके सहयोगियों को दो टेस्ट के बाद और उनकी बल्लेबाजी फॉर्म को देखते हुए फैसला करना होगा। 

असल में बीसीसीआई अन्य खेल बोर्ड से बहुत अलग तरीके से काम करता है। भारतीय बोर्ड में शीर्ष अधिकारियों का मानना है कि जब आलोचना चरम पर पहुंच जाती है तो आप फैसले नहीं लेते। सूत्र ने कहा कि वेस्टइंडीज दौरे के बाद दिसंबर के अंत तक कोई टेस्ट नहीं है, जब टीम दक्षिण अफ्रीका की यात्रा करेगी। 

इसलिए चयनकर्ताओं के पास विचार-विमर्श करने और निर्णय लेने के लिए पर्याप्त समय है। तब तक पांचवां चयनकर्ता भी समिति में शामिल हो जायेगा और तब फैसला किया जा सकता है। जो लोग भारतीय क्रिकेट की जानकारी रखते हैं वे जानते हैं कि जब विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका में श्रृंखला हारने के बाद टेस्ट कप्तानी छोड़ी थी तो रोहित शुरू में पारंपरिक प्रारूप में कप्तान बनने के लिए बहुत उत्सुक नहीं थे क्योंकि उन्हें नहीं पता था कि उनका शरीर साथ देगा या नहीं। 

सूत्र ने कहा कि उस समय के दो शीर्ष अधिकारियों  को लोकेश राहुल के दक्षिण अफ्रीका में कप्तान के रूप में प्रभावित करने में विफल रहने के बाद उन्हें यह भूमिका निभाने के लिए राजी करना पड़ा।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 39,099