मैच में ऑस्ट्रेलिया ने बनायी 296 की बढ़त
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मैच का तीसरा दिन खत्म हो चुका है। दिन की शुरुआत भले ही भारत के लिए सही रही हो, लेकिन दिन का खेल खत्म होने तक कंगारुओं ने फिर वापसी कर ली।
बता दें, तीसरे दिन के खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 123/4 है और उनके पास कुल 296 रनों की बढ़त है। अब यहां से भारत को जीतने के लिए चौथे दिन को पहले बॉलिंग से फिर बैटिंग से अपने नाम करना होगा।
ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरी पारी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। डेविड वॉर्नर को मोहम्मद सिराज ने सिर्फ 1 रन के स्कोर पर चलता कर दिया। फिर उस्मान ख्वाजा भी उमेश यादव का शिकार हुए। स्टीव स्मिथ को रवींद्र जडेजा ने 34 के निजी स्कोर पर चलता कर दिया। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने अपनी ही बॉल पर शानदार कैच लेते हुए ट्रेविस हेड को 18 के स्कोर पर चलता कर दिया।
तीसरे दिन के अंत तक ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट खोकर 123 रन बना लिये हैं। इसी के साथ पहली पारी में मिली 173 रनों की बढ़त की बदौलत अब कंगारुओं के पास 296 रनों की कुल बढ़त है। मार्नस लाबुशेन 41(118) और कैमरून ग्रीन 7(27) के स्कोर पर क्रीज पर नाबाद डटे हुए हैं।
बता दें, भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने 2 विकेट लिए और मोहम्मद सिराज-उमेश यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। अब यदि भारत को इस मैच में वापसी करनी है, तो चौथे दिन के पहले सेशन में जल्दी से जल्दी कंगारु टीम को ऑलआउट करना होगा।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 फाइनल के तीसरे दिन का पहला सेशन अपने नाम करते हुए अजिंक्य रहाणे ने भारत की वापसी करायी। आज शुरुआत ने भारत ने 6वां विकेट श्रीकर भरत के रूप में खोया, मगर फिर रहाणे और शार्दुल के बीच 108 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने भारत की मैच में वापसी करायी। हालांकि, लंच के बाद आते ही रहाणे 89 (129) के स्कोर पर कमिंस का शिकार हो गये।
उमेश यादव 5 रन पर आउट हुए, तो वहीं बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे शार्दुल को 51 के स्कोर पर कैमरॉन ग्रीन ने चलता कर दिया। वहीं भारतीय टीम ने अपना 10वां विकेट मोहम्मद शमी के रूप में गंवाया, जिन्होंने 11 गेंदों पर 13 रन की छोटी सी पारी खेली। इस तरह टीम इंडिया पहली पारी में 296 के स्कोर पर ऑलआउट हो गयी।