- ईशान किशन विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय टीम में शामिल
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय चयनकर्ताओं ने केएल राहुल के रिप्लेसमेंट का एलान कर दिया है। राहुल की जगह ईशान किशन को टीम में शामिल किया गया है। स्टैंडबाय खिलाड़ी के तौर पर ऋतुराज गायकवाड़, मुकेश कुमार और सूर्यकुमार यादव को चुना गया है।
तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट और उमेश यादव भी चोटिल हैं। दोनों की चोट पर बीसीसीआई की मेडिकल टीम नजर रख रही है। भारतीय टीम सात से 11 जून तक होने वाले फाइनल मुकाबले में आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरेगी। यह मैच इंग्लैंड के ओवल में खेला जायेगा।
टीम इंडिया में फिलहाल एक ही विकेटकीपर केएस भरत हैं। राहुल भी कीपिंग कर लेते हैं, लेकिन वह टीम में नहीं हैं। ऐसे में ईशान को अतिरिक्त विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर चुना गया है। किशन के पास प्रथम श्रेणी क्रिकेट का भरपूर अनुभव है।
बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने 48 प्रथम श्रेणी मैचों में 38.76 की औसत से 2985 रन बनाये हैं। किशन अभी तक टेस्ट मैच में नहीं खेल पाये हैं। आस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए उन्हें चुना गया था, लेकिन वह प्लेइंग-11 में शामिल नहीं हो पाये थे।
भारत की टेस्ट टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, ईशान किशन (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।