टीम एबीएन, रांची। भाजपा कार्यकर्ता आज रांची के प्रोजेक्ट बिल्डिंग स्थित सचिवालय का घेराव करने पहुंच गये हैं। इसको लेकर धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में कार्यकर्ताओं का जुटान हुआ है सचिवालय घेराव को लेकर पार्टी ने करीब तीन लाख कार्यकर्तओं के जुटने की उम्मीद जतायी है। इधर, घेराव को लेकर पुलिस और प्रशासन की भी सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था है।
पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा- धारा 144 लगाओ या 148, भाजपा का प्रदर्शन रहेगा जारी
झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा, चाहे धारा 144 लगाओ या 148 भाजपा कार्यकर्ता अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे, जहां उन्हें रोका जायेगा, वहीं प्रदर्शन करेंगे।
झारखंड सचिवालय घेराव : प्रभात तारा मैदान पहुंचे बाबूलाल मरांडी
प्रभात तारा मैदान पहुंचे बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जेएमएम इतनी डरी हुई है कि हमारे कार्यकताओं को जगह-जगह रोका जा रहा है। लेकिन समय पर सभी कार्यकर्ता आ जायेंगे। धारा 144 लगाये जाने के सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह धारा सिर्फ 144 लोगों पर लागू हुई है, बाकी हमारी भीड़ हज़ारों की संख्या में होगी। हम इसके दायरे में नहीं आने वाले हैं।
सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा- जेएमएम की सरकार डर गयी है
कोडरमा से सांसद अन्नपूर्णा देवी प्रभात तारा मैदान पहुंची, कहा- जेएमएम की सरकार डर गयी है। सुबह से ही हमारे कार्यकर्ताओं को जगह-जगह पर रोका जा रहा है। ये सरकार का ही आदेश है जिसका पालन किया जा रहा है। लेकिन हमारे कार्यकर्ता जहां भी हैं वहीं, प्रदर्शन करके अपनी बात रखेंगे।