वनडे या टेस्ट की कप्तानी छोड़ सकते हैं विराट : रवि शास्त्री
ABN Bureau• 13 Nov, 2021
1 Views
विज्ञापन
एबीएन डेस्क भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने कहा है कि विराट कोहली अपनी बल्लेबाजी में ध्यान देने के लिए अन्य फॉर्मेट में भी कप्तानी छोड़ सकते हैं। उन्होंने हाल ही में टी-20 की कप्तानी छोड़ी है। भारतीय टीम की कप्तानी का दबाव बहुत ज्यादा होता है खासकर कोरोना के समय में दबाव बढ़ा है। ऐसे में विराट की बल्लेबाजी भी कप्तानी की वजह से प्रभावित हुई है। इसी वजह से उन्होंने टी-20 फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ी है।
भारत के टी-20 वर्ल्डकप से बाहर होने के साथ ही रवि शास्त्री का कार्यकाल खत्म हो चुका है। इसी के साथ विराट कोहली ने टी-20 फॉर्मेट की कप्तानी भी छोड़ दी है। हालांकि उन्होंने इसका एलान बहुत पहले ही कर दिया था। बायो बबल की थकान से निपटने के लिए विराट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज और पहले टेस्ट से आराम लिया है। वहीं इंडिया टुडे से बातचीत में रवि शास्त्री ने कहा कि विराट दूसरे फॉर्मेट में भी कप्तानी छोड़ सकते हैं। वो अपना वर्कलोड कम करने के लिए यह कदम उठा सकते हैं।
टेस्ट या वनडे की कप्तानी छोड़ सकते हैं विराट : शास्त्री ने कहा कि विराट की कप्तानी में टीम इंडिया ने पिछले पांच सालों में कमाल का प्रदर्शन किया है। हालांकि विराट अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने के लिए और मानसिक तौर पर खुद को आराम देने के लिए टेस्ट की कप्तानी छोड़ सकते हैं। यह तुरंत नहीं होने वाला पर ऐसा हो सकता है। वनडे की कप्तानी को लेकर भी ऐसा ही हो सकता है। यह उनके ऊपर नहीं है, बल्कि उनके दिमाग और उनके शरीर के ऊपर है कि वो कब तक दोनों फॉर्मेट की कप्तानी करेंगे।