- रोहित-द्रविड़ ने एक साथ लिया दोनों का टेस्ट
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक मार्च से चार मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जायेगा। यह मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मैच के लिए खास तैयारी में जुट गयी हैं। भारत के लिए जहां यह मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने का जरिया है, वहीं ऑस्ट्रेलिया को लाज बचाने के लिए वापसी करनी होगी। भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। एक और मैच जीतते ही टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच जायेगी।
भारतीय टीम का प्रैक्टिस सेशन : भारतीय टीम ने सोमवार को प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया। भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए फिलहाल सबसे बड़ा सवाल ओपनिंग को लेकर है। केएल राहुल के आउट ऑफ फॉर्म होने के बाद से उन्हें टीम से बाहर करने और शुभमन गिल को मौका देने की मांग हो रही है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने सोमवार को दोनों को साथ बल्लेबाजी कराने का फैसला लिया। नेट्स सेशन में राहुल और शुभमन अगल-बगल बल्लेबाजी करते नजर आये। वहीं, कोच राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा दोनों को बल्लेबाजी करते देखते रहे।
एकसाथ बल्लेबाजी करते दिखे शुभमन-राहुल : राहुल ने 47 टेस्ट के बाद 33.44 की औसत से 2642 रन बनाये हैं। उन्हें शानदार फॉर्म में चल रहे शुभमन की जगह खिलाया जा रहा है। इसको लेकर क्रिकेट जगत में राय बंट गयी है। दोनों ने करीब 30 मिनट तक बल्लेबाजी की। टीम मैनेजमेंट को राहुल की काबिलियत पर पूरा भरोसा है, जिससे उन्हें लगातार मौके दिए जा रहे हैं, लेकिन हर असफलता के साथ इस स्टाइलिश ओपनर पर दबाव बढ़ता जा रहा है। दूसरी ओर पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि शुभमन को प्लेइंग-11 में शामिल करने का इससे बेहतर समय नहीं हो सकता।
आक्रामक दिखे शुभमन, राहुल का डिफेंसिव अप्रोच : नेट्स सेशन के दौरान शुभमन अपने बैटिंग अप्रोच से अधिक आक्रामक दिखे, जबकि राहुल ने नेट्स में समय बिताया और डिफेंस पर ध्यान केंद्रित किया। राहुल ने हर गेंद को सीधे बल्ले से खेलने की कोशिश की। राहुल के साथ बल्लेबाजी करने से पहले शुभमन टीम के उन सदस्यों में से थे जो नेट्स पर प्रैक्टिस के लिए पहुंचे। साथ ही फील्डिंग प्रैक्टिस भी की। बैटिंग प्रैक्टिस के बाद शुभमन और राहुल दोनों थ्रोडाउन के लिए मैदान के दूसरी ओर चले गये।