Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

क्या 100वें टेस्ट को यादगार बनाकर इतिहास रच पायेंगे पुजारा

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
क्या 100वें टेस्ट को यादगार बनाकर इतिहास रच पायेंगे पुजारा
विज्ञापन
  • 100वें टेस्ट में शतक लगाकर इतिहास रच सकते हैं चेतेश्वर पुजारा
  • निशाने पर सचिन-द्रविड़ का रिकॉर्ड

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा टेस्ट करियर में 100वां मैच खेलने के लिए तैयार हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दूसरे मैच में पुजारा पर सबकी नजर होगी। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में उनके पास इतिहास रचने का मौका है। पुजारा अगर अपने 100वें टेस्ट में शतक लगा देते हैं तो वह कई रिकॉर्ड तो अपने नाम कर ही लेंगे, साथ ही 100वें टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन जायेंगे।

अब तक भारत के किसी भी बल्लेबाज ने अपने 100वें टेस्ट में शतक नहीं लगाया है। पुजारा भारत के लिए 100 टेस्ट खेलने वाले 13वें बल्लेबाज बन जायेंगे। उनसे ज्यादा टेस्ट सचिन तेंदुलकर (200), राहुल द्रविड़ (163), वीवीएस लक्ष्मण (134), अनिल कुंबले (132), कपिल देव (131), सुनील गावस्कर (125), दिलीप वेंगसकर (116), सौरव गांगुली (113), विराट कोहली (105), इशांत शर्मा (105), हरभजन सिंह (103) और वीरेंद्र सहवाग (103) ने खेले हैं। पुजारा 99 टेस्ट के साथ पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी पर हैं। 

अजहर ने अपने करियर में 99 टेस्ट खेले थे।
100वें टेस्ट में शतक की बात करें तो दुनिया भर में 10 बल्लेबाज यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। इंग्लैंड के कॉलिन कॉड्रे अपने 100वें टेस्ट मैच में शतक बनाने वाले पहले खिलाड़ी थे। वह किसी भी देश के लिए 100 टेस्ट मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी भी थे। 

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग अपने 100वें टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। पोंटिंग ने 2006 में सिडनी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 120 और 143 रन बनाये थे। डेविड वॉर्नर 100वें टेस्ट में शतक लगाने वाले 10वें बल्लेबाज बने थे। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक लगाया था। पुजारा के पास इस टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो हजार रन पूरे करने का मौका होगा। 

उन्होंने फिलहाल कंगारू टीम के खिलाफ 21 मैचों की 38 पारियों में 1900 रन बनाये हैं। इस दौरान उन्होंने पांच शतक और 10 अर्धशतक लगाये हैं। पुजारा अगर दिल्ली टेस्ट में 100 रन बना लेते हैं तो वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में दो हजार रन बनाने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बन जायेंगे। इसके अलावा अगर उनके बल्ले से मैच में कुल 244 रन बना लेते हैं तो द्रविड़ से आगे निकल जायेंगे।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 33,145