एबीएन डेस्क। पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की कर ली है। ऐसा इसलिए क्योंकि पाक टीम ने ग्रुप-2 में भारत और न्यूजीलैंड जैसी दो बड़ी टीमों को हराया है। पाकिस्तान की इस जीत ने भारत की सेमीफाइनल की राह थोड़ी आसान कर दी है। अब भारत को जरूरत है कि वह न्यूजीलैंड को हराए और इसके बाद लगातार तीन मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करे। टीम इंडिया अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ हारती है तो सेमीफाइनल की राह बेहद मुश्किल हो जाएगी। पहले जो नतीजे हम बताने जा रहे हैं, उसमें हम यह मान कर चल रहे हैं कि ग्रुप-2 की बड़ी टीमें यानी भारत, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड छोटी टीमों को यानी अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड और नामीबिया को हराने में कामयाब होगी।
1. इस स्थिति में टीम इंडिया अगर न्यूजीलैंड को हराती है तो पाकिस्तान टीम के 10 अंक होंगे और वह ग्रुप में पहले स्थान पर रहेगी। वहीं, भारत आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहेगा। न्यूजीलैंड के छह अंक रहेंगे। ऐसे में पाकिस्तान और भारत पहले और दूसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे। इस स्थिति में भारत का सामना ग्रुप-1 में टॉप पर रहने वाली टीम से होगा। ग्रुप-1 में टॉप पर रहने की दावेदार इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका है।
2. वहीं, अगर न्यूजीलैंड की टीम भारत को हरा देती है तो पाकिस्तान के 10 अंक ही रहेंगे, लेकिन इस स्थिति में न्यूजीलैंड के आठ अंक होंगे और भारत के सिर्फ छह अंक रह जाएंगे। ऐसे में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी। वहीं, भारतीय टीम सेमीफाइनल के रेस से बाहर हो जाएगी।