एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। ब्राजील फीफा वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है। क्वार्टर फाइनल में क्रोएशिया ने पेनल्टी शूटआउट में नेमार से सजी टीम को बाहर का रास्ता दिखाया। इस हार के बाद ब्राजील में खलबली मच गई है। हार के तुरंत बाद ब्राजील के कोच टिटे ने इस्तीफा दे दिया है, मगर ब्राजील में मची ये हलचल बस कोच की वजह से ही नहीं है, बल्कि नेमार के कारण भी है।
नेमार इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले रहे हैं, ये बात दुनिया के हर कोने में होनी शुरू हो गई और नेमार के संन्यास की बात शुरू होने के पीछे वजह भी उनका बयान ही है। क्रोएशिया से मिली हार के बाद नेमार बुरी तरह से टूट गये। वो मैदान पर ही फूट फूट कर रोने लगे थे। टीम के साथियों ने उन्हें मैदान पर संभाला। इसके बाद नेमार ने ही अपने भविष्य को लेकर बयान दिया। उन्होंने फिर से ब्राजील के लिए खेलने के अपने कमिटमेंट से इनकार कर दिया है। 30 साल के नेमार ने ईएसपीएन से बात करते हुए कहा कि ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं पता। मुझे लगता है कि अभी इस पल के कारण बात करना सही नहीं है। शायद मैं सीधा नहीं सोच रहा हूं। अभी ये कहना कि ये अंत है, अपने आप में जल्दबाजी होगी, मगर मैं किसी भी चीज की गारंटी नहीं देता। देखते हैं आगे क्या होता है। इस वर्ल्ड कप को उनका आखिरी वर्ल्ड कप इसलिए भी माना जा रहा है कि 2026 वर्ल्ड कप तक वो 34 साल के हो जायेंगे। ऐसे में कहा जा रहा है कि ये उनका आखिरी वर्ल्ड कप साबित हो सकता है।