टीम एबीएन, जमशेदपुर/रांची। मानगो पुलिस को रविवार की सुबह एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो मछली लदे वाहन से ब्राउन शुगर की तस्करी करता था। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, पकड़े गये दोनों तस्करों से थाना में पूछताछ की जा रही है। इस सबंध में बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो थाना क्षेत्र मछली लदे वाहन से ब्राउन शुगर की तस्करी हो रही है। इसके बाद पुलिस ने मानगो चौक में वाहन चेकिग की शुरुआत की। इस दौरान मछली से लदे वाहन को मानगो चौक के पास रोका गया। उस वाहन से तलाशी के दौरान उसके केबिन से लगभग 300 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया। वहीं पुलिस ने तत्काल वाहन चालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पकड़े गये लोगों से पूछताछ कर रही है, वो लोग ब्राउन शुगर को कहां लेकर जा रहे थे।