टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। हाथियों का झुंड पिछले छह दिनों से इरगा पंचायत के पुरनाडीह में डेरा जमाये हुए है। जिस कारण यहां के निवासी और किसान पूरी तरह से भयभीत और त्रस्त हैं। हाथियों के झुंड में एक हथिनी गर्भवती है, जिस कारण वे एक जगह से दूसरे जगह विचरण नहीं कर रहे हैं।
इस बारे में वन विभाग के कर्मियों का कहना है कि हाथियों के झुंड में गर्भवती हथनी है, जिसे एक से दो दिनों में बच्चा होगा। हथिनी पानी में बच्चा देती है और इसके लिए पुरनाडीह का तालाब उन्हें अनुकूल लग रहा है, जिस कारण पिछले छह दिन से यहीं पर डेरा डाले हुए हैं। वन विभाग की टीम रोजाना इन्हें हटाने का प्रयास कर रहे हैं। पर हाथी एक किलोमीटर दूर तक विचरण करने के बाद वापस लौटकर पुरनाडीह आ रहे हैं।
जबतक गर्भवती हथिनी का बच्चा नहीं होगा। इनके यहां से अन्यत्र जाने की संभावना बहुत कम है। हाथियों को भगाने का रोजाना प्रयास कर रहे वन विभाग की टीम में शामिल सदस्य ने बताया कि झुंड में शामिल सभी हाथियों को भगाने पर थोड़ी दूर तक चले जाते हैं। पर मादा हथिनी वहां से थोड़ी दूर जाकर रुक जाते हैं, जिस कारण अन्य हाथी भी वापस लौट जाते हैं। हाथियों द्वारा रोजाना फसलों को बर्बाद करने से यहां के ग्रामीण पूरी तरह से त्रस्त और लाचार है।
ग्रामीणों का सब्र का बांध टूटता जा रहा है उनका कहना है कि हाथी इसी तरह से बर्बादी करते रहे तो उन्हें भूखे रहने की नौबत आ जायेगी। इस बात को लेकर ग्रामीण अब आंदोलन करने का मूड बना रहे हैं।