Breaking News
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

कल से शुरू हो रहे फीफा विश्व कप की प्रबल दावेदार है अर्जेंटीना

कल से शुरू हो रहे फीफा विश्व कप की प्रबल दावेदार है अर्जेंटीना
विज्ञापन
  • 36 मैचों से अजेय है अर्जेंटीना की टीम 
  • क्या मेसी अपने अंतिम विश्व में करेंगे चमत्कार?

अभय कुमार सिंह
 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फुटबॉल विश्व कप का आगाज आज से कतर में हो जायेगा। फुटबॉल विश्व कप के इस 22वें एडिशन में दुनिया की 32 टीमें अपनी किस्मत आजमाती हुई नजर आयेंगी। इन टीमों को 8 ग्रुप में बांटा गया है। यानी एक ग्रुप में 4 टीमें होंगी। इस विश्व कप में सबकी नजरें अर्जेंटीना की टीम स्टार फुटबॉलर व कप्तान लियोनल मेसी पर होगी। अर्जेंटीना की टीम पिछले तीन साल व 36 मुकाबलों से अजेय है जिसके कारण इस टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। लियोनल मेसी की अगुआई वाली अर्जेंटीना की टीम ने वॉर्मअप मैच के जरिए अपनी तैयारी का नमूना पेश किया है। अर्जेंटीना ने वॉर्मअप मैच में संयुक्त अरब अमीरात  को 5-0 से रौंदकर अन्य टीमों को चेतावनी देने की कोशिश की है कि आने वाले मुकाबलों में उससे पार पाना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा। अर्जेंटीना की टीम एक मैच और जीतकर इटली के सबसे ज्यादा मैच जीतने के रिकॉर्ड को तोड़ देगी। 
 

ग्रुप सी में है अर्जेंटीना 
 

अर्जेंटीना को सऊदी अरब, मैक्सिको और पोलैंड के साथ इस ग्रुप में रखा गया है। लियोनल मेसी एंड कंपनी फीफा विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत 22 नवंबर को सऊदी अरब के खिलाफ करेगी। अर्जेंटीना को अपने दूसरे मैच में 26 नवंबर को मैक्सिको भिड़ना है जबकि 30 नवंबर को यह टीम पोलैंड से टकरायेगी। 
 

जबरदस्त लय में हैं कप्तान मेसी  
 

अनुभवी फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वह पिछले 5 मैचों में 10 गोल दाग चुके हैं। उन्होंने अपने इंटरनेशनल गोल की संख्या 91 पर पहुंचा दी है। अर्जेंटीना की 26 सदस्यीय टीम में 9 डिफेंडर और 7 फॉरवर्ड शामिल हैं। इस टीम में कोपा अमेरिका कप जीतने वाले 21 खिलाड़ी शामिल हैं। अर्जेंटीना ने 1978 और 1986 में विश्व कप खिताब अपने नाम किया था। यह टीम 1990 और 2014 में उप विजेता रही थी। 
 

2014 के फाइनल में जर्मनी से मिली थी हार  
 

लियोनल मेसी के करियर का यह पांचवां विश्व कप है। माना जा रहा है कि मेसी का संभवत: यह आखिरी विश्व कप हो सकता है। ऐसे में वह इस विश्व कप को यादगार बनाना चाहेंगे। 35 वर्षीय लियोनल मेसी 4 विश्व कप के 17 मैचों में कुल 6 गोल दाग चुके हैं। मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना की टीम साल 2014 के विश्व कप के फाइनल में पहुंचने में सफल रही थी जहां उसे जर्मनी से हार मिली थी। मारिओ गोत्जे के एक गोल ने मेसी के साथ-साथ अर्जेंटीना के सपने को चकनाचूर कर दिया था। मेसी 2006 से विश्व कप में लगातार हिस्सा ले रहे हैं। अर्जेंटीना अगर यह विश्व कप जीतती है तो मेसी का नाम फुटबॉल के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जायेगा। मेसी ने विश्व कप को छोड़कर सारे इंटरनेशनल ट्रॉफी अपने नाम किये हैं। (लेखक वरिष्ठ पत्रकार सह एबीएन के खेल विशेषज्ञ हैं।)

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.