एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के 360 डिग्री बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर रहते हुए अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल कर ली है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से बुधवार को जारी रैंकिंग के अनुसार सूर्यकुमार 869 रेटिंग पॉइंट के साथ नंबर एक टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं। सूर्यकुमार टी20 विश्व कप के पांच मैचों में 190 के ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 225 रन बना चुके हैं। टूर्नामेंट में तीन अर्द्धशतक जड़ चुके सूर्यकुमार को जिम्बाब्वे के खिलाफ 25 गेंदों पर नाबाद 61 रन की विस्फोटक पारी खेलने के लिये प्लेयर आॅफ द मैच भी चुना गया था।