एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप से पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल की फॉर्म चिंता का विषय थी। कोहली लंबे समय से आउट ऑफ टच थे, रोहित जल्दी आउट हो रहे थे और राहुल कुछ समय बाद क्रिकेट में वापसी करने के बाद पहले जैसे नहीं लग रहे थे। अब विराट कोहली की बैटिंग ने तो वो कर दिखाया है जिसके बाद उनको कोई सपने में भी फॉर्म से बाहर नहीं मान सकता। राहुल ने वॉर्म अप मैचों में ठीक बैटिंक की थी लेकिन बड़े मैचों में उनका चलना बाकी है। रोहित अभी उसी ढर्रे पर हैं जैसे वर्ल्ड कप से पहले थे और भारत के पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर का कहना है कि वर्ल्ड कप में कप्तान की फॉर्म भारत की एकमात्र चिंता है।
पाकिस्तान के खिलाफ रोहित भी फेल हुए और राहुल भी। हार्दिक पांड्या एक बार फिर कूल थे भले ही वे फिनिशिंग नहीं कर सके लेकिन उन्होंने कोहली के लिए रास्ता तैयार किया और विराट ने भारत को मंजिल दिलाई। नीदलैंड्स के खिलाफ मुकाबले से पहले बात करते हुए गावस्कर ने कहा कि रोहित का टच से गायब होना ही एकमात्र चिंता का विषय है और इस पर तुरंत ध्यान देना होगा। बस एकमात्र चिंता यही है कि रोहित शर्मा उस तरह से स्कोर नहीं कर रहे हैं जिसके लिए हम उनको जानते हैं। अगर वे रन बनाते हैं जो चीजें वाकई में काफी आसान हो जाती हैं।
गावस्कर ने कहा कि पहले छह ओवर में थोड़ा संभलकर खेल लो और कोई विकेट ना गंवाओ। जबकि पाकिस्तान के खिलाफ भारत का स्कोर 4 विकेट पर 31 रन हो चुका था। एक बातचीत में गावस्कर कहते हैं कि आप एक अच्छा प्लेटफॉर्म बनाओ ताकि अच्छी शुरुआत के बाद बाकी बल्लेबाजों का काम आसान हो जाये। पाकिस्तान के खिलाफ आप 31 पर 4 थे। अगर आपने कम ही विकेट गवांए होते तो स्कोर 40 पर 1 होता जो ज्यादा बेहतर था। टीम इंडिया को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में 27 अक्टूबर को अगला मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलना है। इसके बाद अगला बड़ा मैच पर्थ में होगा जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगा। अगर भारत ये मैच जीत जाता है तो इस बात की पूरी संभावना है कि वो ग्रुप-2 में टॉप करता हुआ शान से सेमीफाइनल पहुंचेगा क्योंकि अगले दो मैच बांग्लादेश और जिम्बॉब्वे के खिलाफ जिनके खिलाफ थोड़ी सतर्कता ही टीम इंडिया को आसानी से मैच जिता देगी। हालांकि टी20 में सावधानी हटी और दुर्घटना घटी कभी भी हो सकता है इसलिए भारत को उसी तर्ज पर शुरुआत करनी होगी जैसी सलाह सुनील गावस्कर ने दी है। शुरुआत में विकेट बचाकर बाद में तेज रन बनाये जा सकते हैं।