एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी विश्व कप 2022 के सुपर 12 मुकाबले में रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में पाकिस्तान को 4 विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाये और टीम इंडिया को जीत के लिए 160 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाये। यह मैच पैसा वसूल रहा, क्योंकि भारत ने आखिरी ओवर में 16 रनों की जरूरत होने पर अंतिम गेंद में मैच जीता। जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने 53 गेंदों में नाबाद 82 रनों की पारी खेली, जिसमें 6 चाैके व 4 छक्के शामिल रहे। इस पारी के दम पर जहां उन्होंने सचिन तेंदुलकर को एक खास मामले में पछाड़ा तो वहीं जीत में भारत ने खास उपलब्धि हासिल की। आइये इस मैच में बने बड़े रिकाॅर्ड्स पर एक नजर डालें :
सचिन को पछाड़ा : कोहली ने वर्ल्ड कप में 24 बार 50 से ज्यादा रन का स्कोर बनाया है। इससे पहले भारत के लिए 23 बार सचिन तेंदुलकर ने वर्ल्ड कप में 50 से ज्यादा स्कोर बनाया है। वहीं दोनों के प्रदर्शन की बात करें तो सचिन के आईसीसी टूर्नामेंट्स में 7 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं, तो कोहली ने 2 शतक और 22 अर्धशतक लगा दिये हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में मैच में आखिरी तीन ओवर में भारत ने सर्वोच्च लक्ष्य हासिल किया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2010 में ग्रोस आइलेट में पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी तीन ओवरों में 48 रन बटोरते हुए जीत हासिल की थी। अब भारत ने भी 48 रन बनाकर जीत हासिल की है।