एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। कुवैत में आयोजित एशियन यूथ चैंपियनशिप में झारखंड के गुमला की नेशनल एथलीट आशा किरण बारला ने 800 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीता है। इस पल को परिजनों के लिए यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने भी सहायता की और उनके घर टेलिविजन से साथ सेटटॉप बॉक्स भी पहुंचाया। बता दें कि एशियन यूथ चैंपियनशिप का आयोजन कुवैत में 13 से 16 अक्टूबर तक किया गया था। शनिवार रात फाइनल राउंड में आशा ने 800 मीटर की रेस 2:06.79 सेकेंड में पूरा कर गोल्ड मेडल जीता।
आशा की सफलता पर गुमला जिला प्रशासन ने बधाई दी है। जिला प्रशासन के द्वारा शनिवार को ही एथलीट आशा के घर पर टीवी सेट पहुंचाया गया था, जहां देर रात परिजन व ग्रामीणों ने कुवैत में आयोजित गांव की बेटी को ट्रैक पर दौड़ते देखा। आशा की सफलता पर गांव में चारों ओर खुशियां है। आशा किरण बाला इससे पहले खेलो इंडिया यूथ गेम 2017 में गोल्ड, 2018 में 3 गोल्ड, 2019 में एक गोल्ड, 2021 में सिल्वर और 2022 में अब तक दो गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी है। आशा किरण बारला की मां रोजनिया आईंद ने बताया कि आशा बचपन से ही पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी रुचि रख रहती थी, जिसको देखते हुए हमलोगों ने उसके खेल को हमेशा बढ़ावा दिया। इसकी वजह से आज वह यह मुकाम हासिल कर पायी है।