Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
खेल समाचार

महिला एशिया कप : थाईलैंड फतह कर फाइनल में जगह बनाना चाहेंगी भारतीय महिलाएं

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
महिला एशिया कप : थाईलैंड फतह कर फाइनल में जगह बनाना चाहेंगी भारतीय महिलाएं
विज्ञापन
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत का महिला एशिया कप में अब तक का सफर आसान रहा है और गुरुवार को यहां सेमीफाइनल में टीम जब थाईलैंड की कमजोर टीम से भिड़ेगी तो उसके एक और जोरदार जीत दर्ज करने की उम्मीद है। इन दोनों टीम के बीच पिछला मुकाबला काफी एकतरफा रहा था जिसमें भारत ने थाईलैंड को 15.1 ओवर में सिर्फ 37 रन पर ढेर कर दिया था और फिर लीग चरण के इस मुकाबले में आसान जीत दर्ज की। थाईलैंड की टीम भारत के खिलाफ पिछले मैच की तुलना में बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। टीम ने मेजबान और गत चैंपियन बांग्लादेश को पछाड़कर पहली बार एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। नारुमोल चाईवाई की टीम यह साबित करने की उम्मीद कर रही होगी कि टूनार्मेंट के लिए उसका क्वालीफाई करना तुक्का नहीं है। भारत को इस टूनार्मेंट के जरिए अपनी बेंच स्ट्रैंथ को परखने का शानदार मौका मिला है और इस प्रतियोगिता के जरिए टीम की कम अनुभवी खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीका में अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप से पहले पर्याप्त मुकाबले खेलने का समय मिला है। इस रणनीति के तहत भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर छह लीग मैच में से केवल तीन में खेली और भारत की एकमात्र हार के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं। फिनिशर की भूमिका निभाने वाली खिलाड़ी की तलाश में भारत ने आक्रामक बल्लेबाजों किरण प्रभु नवगिरे और डायलन हेमलता को आजमाया। मई में महिला टी20 चैलेंज में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाली किरण तीन पारियों में सिर्फ 10 रन बना पाई जबकि उनसे अधिक अनुभवी हेमलता के नाम भी चार पारियों में सिर्फ 45 रन दर्ज हैं। अब यह देखना होगा कि भारत प्रयोग जारी रखता है या फिर फाइनल की तैयारी के लिए अपनी सबसे मजबूत टीम उतारता है। दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा और राजेश्वरी गायकवाड़ की स्पिन तिकड़ी पूरे टूनार्मेंट के दौरान विरोधी बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में सफल रही है। भारत को चुनौती देने के लिए थाईलैंड की टीम अपनी शीर्ष तीन खिलाड़ियों नानापट कोंचारोएनकेई, नथाकन चेंथम और कप्तान चाईवाई पर निर्भर करेंगी। इन तीनों ने टूनार्मेंट में टीम के लिए काफी रन बनाए हैं लेकिन भारत की अनुशासित गेंदबाजी के सामने उनकी राह आसान नहीं होगी। भारत के लिए सबसे सकारात्मक पक्ष जेमिमा रोड्रिग्ज की फॉर्म रही है। जेमिमा ने मध्यक्रम में जिम्मेदारी निभाते हुए दो अर्धशतक की मदद से सर्वाधिक 188 रन बनाए हैं। पहले दो मैच में विफल रही सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने भी मजबूत वापसी की है। दूसरा सेमीफाइनल भी गुरुवार को ही पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जायेगा।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 41,003