टीम एबीएन, रांची। भारत और दक्षिण अफ्रीका के जारी एकदिवसीय मैचों की शृंखला का दूसरा मुकाबला रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जाना है। जहां का मौसम इन दिनों गड़बड़ है। कभी धूप तो कभी छांव की स्थिति है। लेकिन मैच के दिन यानी रविवार को बारिश की भी आशंका जतायी जा रही है। भारत को सीरीज जीतने के लिए दूसरे वनडे में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। दक्षिण अफ्रीका ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बारिश से प्रभावित मैच में टीम इंडिया को 9 रन से शिकस्त दी थी। टीम इंडिया ने रांची में आखिरी बार मार्च 2019 में आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इस मुकाबले में कंगारू टीम ने भारत को 32 रन से हराया था।
मौसम ने लखनऊ वनडे का मजा किरकिरा किया था। बारिश के चलते पहला वनडे मुकाबला 40-40 ओवर का हुआ। रांची में रविवार (8 अक्टूबर) को 50 फीसदी बारिश का अनुमान है। मैदान पर बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा 90 फीसदी नमी रह सकती है। शाम के समय हवा की रफ्तार 11 किमी प्रति घंटा रहेगी। मैच के दौरान तापमान 22 से 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।