दिल्ली के कर्णी सिंह रेंज में चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप निशानेबाजी में 10 मीटर एयर पिस्टल में अपना दबदबा बनाकर रविवार को पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते। भारत की यश्वस्विनी सिंह देसवाल, मनु भाकर और श्री निवेथा की टीम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल की टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक हासिल किया।
इसके बाद युवा ओलंपिक और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सौरभ चौधरी, अभिषेक वर्मा और शाहजार रिजवी की टीम ने पुरुष वर्ग के फाइनल में वियतनाम को 17-11 से हराकर आसानी से सोने का तमगा अपने नाम किया।
महिला वर्ग में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक के मुकाबले में 16 शॉट जमाए और वह पोलैंड की जूलिता बोरेक, योआना इवोना वावरजोनोवस्का और एग्निस्का कोरेजवो को पीछे छोड़ने में सफल रही। कर्णी सिंह रेंज में चल रही प्रतियोगिता में पोलैंड की टीम आठ अंक ही बना पाई। भारतीय टीम ने दूसरे क्वालीफिकेशन में 576 अंक बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया था जबकि पोलैंड की टीम 567 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही थी।