विश्रामपुर प्रखंड क्षेत्र में बच्ची की मौत मामले पर आयुक्त गंभीरटीम एबीएन, मेदिनीनगर (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त मनोज जायसवाल ने अवैध नर्सिंग होम एवं क्लिनिक के संचालन पर रोक लगाते हुए संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने विश्रामपुर प्रखंड क्षेत्र के एक नर्सिंग होम में इंजेक्शन देने के बाद बच्ची की मौत के मामले को गंभीरता से लिया है। इस संदर्भ में उन्होंने पलामू के सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार सिंह को तत्काल इस मामले की गहन जांच कर संचालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम एवं क्लिनिकों को चिन्हित कर कार्रवाई करते हुए 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। साथ ही पंजीकृत नर्सिंग होम एवं क्लिनिकों में तैनात चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की शैक्षणिक स्तर एवं अनुभव की भी जांच सुनिश्चित करने, भ्रूण की लिंग जांच पर रोक लगाने का सख्त निर्देश दिया। वहीं भ्रूण की लिंग जांच में संलिप्त अल्ट्रासाउंड संचालकों एवं संबंधित चिकित्सकों पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। आयुक्त ने बिना लाइसेंस दवा दुकानों के संचालन एवं एक फॉर्माशिस्ट की डिग्री व प्रमाण पत्र पर दो या दो से अधिक दवा दुकानों के संचालन को अवैध घोषित करते हुए कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने पलामू सिविल सर्जन को निदेशित किया कि वे जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर उनसे इस बात का प्रमाण पत्र लेना सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में एक भी अवैध नर्सिंग होम या क्लीनिक का संचालन नहीं होता है। अवैध रूप से नर्सिंग होम एवं क्लीनिक के संचालन को लेकर स्वयं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी जिम्मेवार होंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई हेतु कठोर कदम उठाये जायेंगे। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के माध्यम से झोलाछाप डॉक्टरों का पता लगाने एवं उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
कॉलेज भवन तक की जर्जर सड़क को दुरुस्त कराने एवं सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक इंतजाम कराने का दिया निदेश प्राचार्य की अनुपस्थिति पर जतायी नाराजगी एबीएन न्यूज नेटवर्क, पोखराहा/मेदिनीनगर (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त मनोज जायसवाल आज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज, पलामू (एमएमसीएच) का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयुक्त ने कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, नामांकित विद्यार्थियों, प्राध्यापकों की नियुक्ति एवं मेडिकल विद्यार्थियों मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं को जाना। आयुक्त ने प्राचार्य की अनुपस्थिति पर नाराजगी जतायी। उन्होंने प्रभारी प्राचार्य-सह-फिजियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अतुल प्रकाश, प्राध्यापकों एवं कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, प्रैक्टिकल, छात्र-छात्राओं को रहने के लिए हॉस्टल, कैंटिन, अन्य आवश्यक उपकरण एवं आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली।उन्होंने मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल निर्माण कार्य में गति लाकर काम पूर्ण करने का निदेश दिया। मेडिकल कॉलेज से अस्पताल की दूरी को देखते हुए छात्र-छात्राओं को अस्पताल आने-जाने हेतु एक बस की सुविधा को बढ़ाते हुए तत्काल कम-से-कम एक और बस की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।आयुक्त ने कहा कि मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज राज्य के बड़े अस्पतालों के अनुरूप है। पलामू में मेडिकल कॉलेज होना गर्व की बात है। यहां चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध होने से पलामू प्रमंडल के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों ने आयुक्त को अवगत कराया कि उन्हें प्रैक्टिकल के लिए कैडेवर (मृत शरीर) उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे उन्हें प्रैक्टिकल करने में असुविधा होती है। प्राध्यापकों ने आयुक्त को बताया कि लावारिस मृत शरीर, जिसे प्रशासन द्वारा संस्कार कर दिया जाता हो, वैसे शरीर मेडिकल कॉलेज को उपलब्ध करा दिया जाए, तो उसे यहां सुरक्षित रखते हुए विघार्थियों को प्रैक्टिकल कराने में भी सहूलियत होगी। आयुक्त ने इस संबंध में संबंधित विभागों से बात कर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया। आयुक्त ने कॉलेज में बिजली एवं पेयजल की समस्याओं से भी अवगत हुए। आयुक्त ने विद्युत की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जरेडा के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से दूरभाष पर बातचीत कर मेडिकल कॉलेज के छात्रावास परिसर में पर्याप्त सोलर सिस्टम स्थापित कर विद्युत व्यवस्था बहाल करने का अनुरोध किया। साथ ही कॉलेज प्रबंधन को ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजने का निदेश दिया आयुक्त ने मेडिकल कॉलेज की पहचान व्यापक स्तर पर बने, इसके लिए यहां शैक्षणिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ-साथ मुख्य पथ से जुड़े कॉलेज के पहुंच पर के प्रवेश वाले स्थान पर मेडिकल कॉलेज का एक बड़ा बोर्ड लगवाने एवं मुख्य सड़क से कॉलेज परिसर तक की पहुंच पथ को दुरुस्त करने का भी निदेश स्थानीय प्रशासन को दिया है, ताकि आवागमन में सुविधा हो सके।आयुक्त ने मेडिकल कॉलेज के परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासक को डस्टबिन उपलब्ध कराने एवं स्वच्छता वाहन भेजकर कॉलेज एवं छात्रावास परिसर से प्रतिदिन कचरे का उठाव सुनिश्चित कराने एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बलों की तनाती एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया।
टीम एबीएन, झुमरी तिलैया। जगन्नाथ जैन महाविद्यालय में लेफ्टिनेंट डॉ विजेन्द्र कुशवाहा के सम्मान में एनसीसी के कैडेट के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एनसीसी के आफिसर ट्रेनिंग एकेडमी, कामठी, महाराष्ट्र में तीन माह के सैनिक प्रशिक्षण के उपरांत लेफ्टिनेंट की उपाधि प्रदान की गयी है। इस समारोह में बीएड विभाग के शिक्षक डॉ संजय कुमार और डॉ जेन एलिस मिंज उपस्थित रही। विनोवा भावे विश्वविद्यालय के दूसरे शिक्षक है जिसको ट्रेनिंग के बाद लेफ्टिनेंट की उपाधि दी गयी है। एनसीसी के कैडेट कुणाल कुमार, विशाल कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। गोस्सनर कॉलेज के इतिहास विभाग की ओर से आर्कियोलॉजी इन झारखंड विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों को झारखंड में पाये जाने वाले प्राचीन स्मारक और किलो के बारे में विस्तृत जानकारी देना था। सेमिनार में आर्कियोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया रांची सर्कल के सहायक पुरातत्वविध डॉक्टर मोहम्मद अजहर साबिर बतौर मुख्य वक्ता शामिल हुए। उन्होंने झारखंड के प्राचीन स्मारक, मूर्तियां, कलाकृतियां एवं स्मारकों में बनायी गयी तकनीक पर प्रकाश डाला। उन्होंने पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को झारखंड में आर्कियोलॉजी विभाग की ओर से किये जा रहे कार्यों की अद्यतन जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण से विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास में बढ़ोतरी होती है। डॉ मोहम्मद अजहर साबिर ने कहा कि झारखंड में ऐतिहासिक स्थलों की बहुलता है और इसे विश्व स्तरीय पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सिसई प्रखंड में अवस्थित नागवंशी राजा दुर्जनसाल के द्वारा निर्मित नवरत्न गढ़ में आर्कियोलॉजी विभाग के कार्यों की भी जानकारी दी।इस अवसर पर आर्कियोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया रांची सर्कल के इंजीनियर रमेश कुमार, हिमांशु शेखर और कन्हैया कुमार झा ने भी अपने अनुभव साझा किया। कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर इलानी पूर्ति ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों को बहुत कुछ सीखने का अवसर प्राप्त होता है। सेमिनार की अध्यक्षता इतिहास विभाग की विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर अनिता अंजू खेस्स ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ बलबीर केरकेट्टा और धन्यवाद ज्ञापन डॉ नीलिमा सिन्हा ने किया। सेमिनार में फिलासफी विभाग के डॉ पीके गुप्ता, मानव शास्त्र विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ एसके मुर्मू, राजनीति विज्ञान के विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर विनय जॉन, डॉ मीना तिर्की, डॉ हाराधन कोइरी, डॉ सीमा टेटे, डॉ योताम कुल्लू, डॉ सलमा केरकेट्टा, डॉ कोरनेलियुस मिंज सहित इतिहास विभाग, मानव शास्त्र विभाग और जूलॉजी विभाग के विद्यार्थी काफी संख्या में मौजूद थे।
स्कूल से लौट रहे 4 साल के बच्चे को अनियंत्रित ट्रक ने रौंदाएबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 साल के मासूम को एक अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया, जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जिले के सोलागीडीह से शीतला मंदिर जाने वाले मार्ग का है। जानकारी के मुताबिक 4 वर्षीय मयंक अपने पिता मनोज के साथ साइकिल पर सवार होकर स्कूल से वापस घर लौट रहा था। इस दौरान अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे मयंक नीचे गिर गया और ट्रक चालक मयंक को रौंदता हुआ चला गया। वहीं, पिता के सामने उसके बच्चे की तड़प-तड़प कर मौत हो गयी। मामले में दुखी पिता का कहना है कि उसने ट्रक रोकने की कोशिश की, मगर वह नहीं रुका और बच्चे को रौंद दिया। मनोज ने बताया कि घटना होते ही दौड़कर उसने बच्चे को उठाया, मगर उसने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। वहीं, स्थानीय लोगों ने भागकर ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया है। चालक नशे में धुत्त था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर जो नंबर है वह भी फर्जी है।
टीम एबीएन, चाईबासा। जिले में आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए जवान राजेश कुमार को आज रांची स्थित सीआरपीएफ हेडक्वार्टर में श्रद्धांजलि दी गयी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई गणमान्य इस मौके पर शामिल हुए। श्रद्धांजलि देने के बाद उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव छत्तीसगढ़ के गैरेली भेजा गया। बताते चलें कि गुरुवार को चाईबासा के टोटो में आईईडी ब्लास्ट हुआ था, जिसमें सीआरपीएफ जवान राजेश कुमार शहीद हो गये थे। जबकि तीन जवान घायल हुए हैं। जिनमें से एक जवान की हालत गंभीर बतायी जा रही है। नक्सलियों के बिछाये बारुदी सुरंग की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। चाईबासा के टोटों इलाके में सीआरपीएफ 209 बटालियन, जिला बल और झारखंड जगुआर के जवान सर्च अभियान चला रहे थे। इसी दौरान टोंटोे के सरजोमबुरु और तुम्बाहाका गांव के पास आईईडी ब्लास्ट हुआ। इसमें कोबरा बटालियन के जवान राजेश कुमार शहीद हो गये। जबकि तीन जवान घायल हो गये। जिन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, डुमरी। निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी तुरीटोला के समीप देर रात बाईपास जीटी रोड पर अपराधियों ने लूटपाट के दौरान ट्रक चालक को मारी गोली मार दी है। इस घटना ट्रक चालक घायल हो गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ट्रक चालक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल डुमरी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए ट्रक चालक को धनबाद रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मामले की जांच में पुलिस जुट गयी है। बताया गया की ट्रक (आरजे 09 जी बी 1106) की टेलर ट्रक कोलकाता से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी ट्रक चालक को गोली मारी गयी है।
टीम एबीएन, कोडरमा। जनवितरण प्रणाली दुकानों में राशन कटौती के खिलाफ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत झारखंड राज्य निर्माण कामगार यूनियन (सीटू) के बैनर तले कोडरमा प्रखंड कार्यालय पर आक्रोश प्रदर्शन किया। इससे पूर्व तालाब पार्क से एक जुलूस निकाला गया। जिसमें राशन कटौती बंद करो, डीलरों पर कार्रवाई करो, कोडरमा जिला को सुखाड़ क्षेत्र घोषित करो, निर्माण मजदूरों को सुखाड़ राहत की गारंटी करो, निर्माण मजदूरों के लिए रोजगार योजना चालू करो आदि नारे लगाये जा रहे थे। जुलूस प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन व सभा में तब्दील हो गया। नागेश्वर दास की अध्यक्षता में हुई सभा को संबोधित करते हुए निर्माण कामगार यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने कहा कि देश की जीडीपी में लगभग 11% का योगदान करने वाला निर्माण मजदूरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों के रजिस्ट्रेशन के लिए श्रमाधान पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा है और जिसके कारण उनका लेबर कार्ड नहीं बन रहा है और कई सरकारी सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं। राशन डीलरों के द्वारा गरीबों के अनाज की चोरी हो रही है। जगह-जगह लाभुक विरोध कर रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन की कार्रवाई नगण्य है। अगर राशन कटौती पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। सीटू के जिला संयोजक रमेश प्रजापति ने कहा कि मजदूर वर्ग की सिर्फ घोर उपेक्षा नहीं बल्कि 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार लेबर कोड में बदलकर मजदूरों के कानूनी अधिकारों पर जबरदस्त हमला किया जा रहा है। पिछले 9 वर्षों में इस मोदी सरकार ने मजदूर वर्ग पर जबरदस्त हमला किया है। इसके खिलाफ मजदूर वर्ग को एकजुट होकर इस जनविरोधी मोदी सरकार को सत्ता से हटाना होगा। प्रदर्शन के माध्यम से सुखाड़ में निर्माण मजदूरों को अगले छह माह तक दस किलो प्रति व्यक्ति मुफ्त अनाज व पांच हजार रुपये प्रति माह सुखाड़ राहत राशि देने, निर्माण मजदूरों के लिए रोजगार योजना चालू करने, जनवितरण प्रणाली व्यवस्था में मुफ्त अनाज के साथ पुरानी व्यवस्था एक रुपये किलो अनाज को लागू करने, राशन में कटौती पर डीलर पर कार्रवाई करने आदि मांगों से संबंधित ज्ञापन सात सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा और वार्ता किया। प्रदर्शन में शंभु पासवान, राजेंद्र पासवान, बद्री तुरी, तालेवर दास, सहदेव दास, बालेश्वर राम, मदीना खातुन, उषा देवी, शांति देवी, उर्मिला देवी, रूबी खातुन, प्रभा देवी, बद्री राम सहित सैकड़ों की संख्या में महिला पुरूष शामिल थे।
1 अक्टूबर को प्रश्न मंच, एकल,युगल एवं समूह नृत्य, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता2 अक्टूबर को अग्रवरिष्ठजनों को सम्मान एवं मेडिकल कैंप का आयोजनटीम एबीएन, रांची। श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव सह 47 वां वार्षिकोत्सव 15 अक्टूबर 2023 को हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। महोत्सव 1 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 15 अक्टूबर तक चलेगा। 1 अक्टूबर को प्रश्न मंच, एकल नृत्य, युगल नृत्य, समूह नृत्य एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन अग्रसेन भवन में किया गया है। 2 अक्टूबर को अग्रवाल सभा के 47वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अग्रवाल सभा का स्थापना दिवस, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती, लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर सभा के पूर्व अध्यक्षों एवं पूर्व मंत्रियों के सम्मान के साथ ही साथ ऐसे वरिष्ठ अग्रजन जिन्होंने 75 बसंत देखने की अनुपम उपलब्धि प्राप्त कर ली है। वैसे अग्रवरिष्ठजनों के सम्मान समारोह का आयोजन महाराजा अग्रसेन भवन के सभागार में प्रात: 11 बजे से किया गया है। इस आयोजन के मुख्य अतिथि रांची सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अनिल कुमार खेतान होंगे तथा अग्रवाल सभा के स्थापना दिवस के अवसर पर मेडिकल कैंप एवं सहभोज का भी आयोजन किया गया है।अग्रवाल सभा के अध्यक्ष नंदकिशोर पाटोदिया, मंत्री मनोज चौधरी, महोत्सव संयोजक सज्जन पाड़िया एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने सभी से अनुरोध किया है कि कुल प्रवर्तक महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती के अवसर पर आयोजित समस्त कार्यक्रमों एवं अग्रवाल सभा की स्थापना दिवस मे सपरिवार सम्मिलित हो।व्यक्तित्व एवं प्रतिभा विकास हेतु बच्चों एवं महिलाओं को प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। उक्त जानकारी अग्रवाल सभा सह अग्रसेन जयंती आयोजन समिति के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.