Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

झारखंड

View All
एसआर डीएवी पुंदाग के बच्चों ने किया स्वच्छता के लिए श्रमदान
Published / 2023-10-01 16:50:53
एसआर डीएवी पुंदाग के बच्चों ने किया स्वच्छता के लिए श्रमदान

टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर  स्वच्छता अभियान चलाया गया। मौके पर विद्यालय के प्राचार्य संजीत कुमार मिश्र, एसएच राजश्री मिश्रा तथा सभी अध्यापकों के साथ मिलकर विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय तथा आसपास की सफाई की।जुलूस निकालकर विद्यार्थियों ने पुंदाग के साहू चौक पर सफाई के लिए श्रमदान किया। इस दौरान उनकी सुरक्षा के लिए दस्ताने, मास्क, टोपी, जैकेट, जूते आदि उपलब्ध करवाए गये थे। उनके हाथों में झाड़ू तथा छोटे-छोटे कूड़ेदान थे। वे लोगों को अपने आसपास सफाई रखने तथा कूड़ा हमेशा कूड़ेदान में ही फेंकने की सलाह दे रहे थे। बच्चे जुलूस निकालकर प्लेकार्ड और बैनर्स के माध्यम से लोगों में सफाई के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे थे। इतना ही नहीं, उनके साथ नुक्कड़ नाटक की एक टोली भी निकली थी, जिसमें सप्तम कक्षा के विद्यार्थी शामिल थे। उन्होंने घूम-घूम कर रांची के विभिन्न जगहों पर लोगों को इकट्ठा करके सबका खूब मनोरंजन किया तथा स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही सम्मिलित प्रयास से स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत बनाने में अपना योगदान देने का आग्रह भी किया। उन्होंने जनता की खूब तालियां बटोरीं।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों का सामूहिक प्रयास था, जिसमें उन्होंने स्वच्छता ही सेवा का प्रारूप बनाया, जिसे देखकर सभी मंत्रमुग्ध रह गये। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां से सेल्फी लेते हुए चेहरों पर खुशी झलकती दिखाई दी। प्राचार्य संजीत कुमार मिश्र ने  अपने संदेश में कहा कि बापू अस्वच्छता को देश का सबसे बड़ा शत्रु समझते थे, जो आज भी हमें हर प्रकार से हानि पहुंचाने के लिए डटकर खड़ा है। हम सबको मिलकर इसका मुकाबला करना है। यह कोई एक दिन का काम नहीं है। हमें हर दिन अपने घर के साथ-साथ अगल बगल भी थोड़ी-बहुत सफाई करनी चाहिए। सभी ऐसा करेंगे तो पूरा देश खुद ही साफ हो जायेगा। कचड़ा फेंकने के लिए आवश्यकतानुसार हरे और नीले कूड़ेदान का प्रयोग करना चाहिए ताकि कचड़ों को सही तरीके से हटाया भी जा सके। आजकल तो सड़क बनाने में भी कूड़े-कचड़े का इस्तेमाल किया जाने लगा है। हम अपनी सामर्थ्य के अनुसार अपने परिवेश को अवश्य ही साफ रखें, क्योंकि यह हम सबकी सेहत के लिए जरूरी है और हमारी जिम्मेदारी भी है। पूरा कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य संजीत कुमार मिश्र के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के लगभग पंद्रह सौ बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

एसडीओ के नेतृत्व में चला सघन वाहन चेकिंग अभियान
Published / 2023-10-01 16:02:53
एसडीओ के नेतृत्व में चला सघन वाहन चेकिंग अभियान

बिना चालान के साथ खनिज परिवहन करते कई वाहनों की जांच की गयीजांच के क्रम में बिना चालान के खनिज परिवहन करते 01 ट्रैक्टर और 07 हाईवा जब्त, प्राथमिकी दर्जएसडीएम संदीप कुमार मीना का अपील… बिना चालान व ग़लत चालान को लेकर खनिज परिवहन करने से राज्य सरकार की राजस्व का नुकसान होता हैइसलिए बिना चालान व गलत चालान को लेकर खनिज परिवहन करने से बचें, नहीं तो होगी सख्त कार्रवाईटीम एबीएन, कोडरमा। विगत दिनों संपन्न हुई जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में बिना चालान के खनिज परिवहन, अवधि समाप्त परिवहन चालान, गलत चालान, बिना लाईसेंस और ओवरलोड वाहनों की चलाने की बात सामने आयी थी। साथ ही यह भी बातें सामने आयी कि तेज गति व ओवरलोड वाहन चलाने से अधिक दुर्घटनाएं होने की संभावना रहती है। इससे निपटने के लिए जिला प्रशासन कोडरमा कटिबद्ध है और सख्त कार्रवाई करने हेतु अग्रेसित है। इसी कड़ी में दिनांक 30 सितम्बर की देर रात्रि को जिला खनन टास्क फोर्स के सदस्य एसडीओ संदीप कुमार मीना के नेतृत्व में झुमरी तिलैया के बाईपास रोड और चंदवारा प्रखंड अंतर्गत ढाब-थाम मुख्य पथ व नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत खनिज लदे वाहनों का सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।चंदवारा प्रखंड अंतर्गत ढाब-थाम मुख्य पथ खनिज लदे वाहनों का सघन चेकिंग अभियान के दौरान 2 वाहनों को पकड़ा गया, जिसमें स्टोन चिप्स लदा हुआ पाया गया और झुमरी तिलैया के बाईपास रोड खनिज लदे वाहनों की जांच के दौरान 04 वाहनों को पकड़ा गया, जिसमें स्टोन चिप्स लदा हुआ था। इसके अतिरिक्त नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत जांच अभियान के दौरान स्टोन चिप्स लदा 2 वाहनों को जब्त किया गया। पकड़े गये वाहनों में 01 ट्रैक्टर और 07 हाईवा शामिल है। जिम्स पोर्टल पर जांच करने पर भी उक्त सभी वाहनों में लदे खनिज का कोई परिवहन चालान प्रदर्शित नहीं हुआ। वाहनों में लदे खनिज के बावत किसी प्रकार का कागजात यथा परिवहन चालान नहीं पाये जाने पर जिला खनन टास्क फोर्स के सदस्यों द्वारा सभी वाहनों को जब्त करते हुए पुलिस बल की सहायता से संबंधित थाना में सुरक्षार्थ रखा गया है। वहीं जिला खनन पदाधिकारी द्वारा सभी वाहनों के चालक एवं मालिक के विरूद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए जब्त वाहन/ खनिज को राज्यसात की कार्रवाई की गयी। एसडीओ ने कहा कि बिना चालान व ग़लत चालान के खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ जांच अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना चालान व गलत चालान को लेकर खनिज परिवहन करने से राज्य सरकार की राजस्व का भी नुकसान होता है। इसलिए बिना चालान व गलत चालान को लेकर खनिज परिवहन न करें, ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर विधि सम्मत सख्त कार्रवाई की जायेगी। साथ ही उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि तेज गति से वाहन न चलाने के साथ साथ ओवरलोड वाहन न चलायें। इस मौके पर जिला खनन पदाधिकारी दारोगा राय और पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर में 82 रोगियों का इलाज
Published / 2023-10-01 15:54:13
निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर में 82 रोगियों का इलाज

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 01 अक्टूबर, 2023 (दिन रविवार) को श्री सर्वेश्वरी समूह की रांची शाखा में निःशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन कर कुल 82 रोगियों को दवाई और परामर्श उपलब्ध कराया गया। समूह की स्थानीय शाखा- औघड़ भगवान राम आश्रम, अघोर पथ, लेक रोड पश्चिम, रांची में आयोजिय मिर्गी रोग चिकित्सा का यह आठवां चरण था, जिसमें वैद्य श्री रणजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में रांची के आस-पास से आये रोगियों के अतिरिक्त कोलकाता, गढ़वा, धनबाद, आरा, सासाराम आदि क्षेत्रों से मिर्गी रोगी और परिजन उपस्थित हुए।मिर्गी रोगियों और उनके साथ आये परिजनों के लिए रात्रि विश्राम और भोजन आदि की व्यवस्था समूह शाखा ने की थी तथा रविवार प्रातः सूर्योदय के पूर्व दवा दी गयी और छोटे बच्चों को सूर्योदय के पश्चात दवा दी गयी। साथ ही दवा सेवन की विधि एवं परहेज भी बताये गये।शिविर के प्रचार-प्रसार के लिये स्थानीय हाठ-बाजार जैसे बिजुपाड़ा बाजार, मखमन्द्रों बाजार, शालीमार बज़ार, रातू एतवारी बाजार, हरमू बज़ार इत्यादि में समूह सदस्यों ने पिछले एक हफ्ते से व्यापक प्रचार अभियान चलाया था।उल्लेखनीय है कि अब तक रांची शाखा के द्वारा आठ चरणों मे आयोजित मिर्गी रोग चिकित्सा शिविरों के माध्यम से एक हज़ार से अधिक रोगियों की निःशुल्क चिकित्सा की गयी है, जिसमें से अधिकांश रोगियों को लाभ प्राप्त हुआ है। आयुर्वेदिक और फकीरी पद्धिति से आयोजित शिविर का आयोजन निकट भविष्य में पुनः किया जायेगा। शिविर में समूह शाखा के तरफ से राधेश्याम सिंह, अभय सहाय, आनन्द सिंह, नवीन कुमार, हेमन्त नाथ शाहदेव, आशुतोष कुमार, समरेन्द्र सिंह, प्रशान्त सिन्हा, धर्मेन्द्र सिंह, गंगाधर नाथ शाहदेव, प्रताप आदित्य नाथ शाहदेव, गिरेन्द्र नाथ शाहदेव, अंजनी सिंह, अभिजीत रौनियार, नागदमनी नाथ शाहदेव, सागर सिंह, राज सहाय, मानवेन्द्र नाथ शाहदेव आदि के साथ लगभग 30 सदस्यगण शामिल हुए।

रांची : लिफ्ट से दबकर मजदूर की मौत
Published / 2023-10-01 13:39:17
रांची : लिफ्ट से दबकर मजदूर की मौत

कंपनी में काम करने के दौरान हादसाटीम एबीएन, रांची। जिले के सदर थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रीयल एरिया कोकर में एक ब्रेड बनाने वाली कंपनी में कार्यरत मजदूर पर लिफ्ट गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गयी है। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी गोरांग सरकार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गोरांग रांची में रहकर ब्रेड बनाने वाली कंपनी में मजदूरी करता था। हालांकि घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी। घटना शुक्रवार की देर रात हुई थी। वहीं घटना के दूसरे दिन शनिवार की शाम मजदूरों ने गोरांग सरकार के शव के साथ कंपनी में जमकर प्रदर्शन किया और मृतक के परिजन को मुआवजा देने की मांग की। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गयी और मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है। पुलिस की पूछताछ में प्रदर्शन कर रहे साथी मजदूरों ने बताया कि शुक्रवार की रात गोरांग सरकार कंपनी में काम कर रहा था। जिस स्थान पर मजदूर काम कर रहा था, उसी के ऊपर से एक लिफ्ट मजदूर पर ही गिर गया, जिसमें गोरांग गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आनन-फानन में गोरांग को रिम्स ले जाया गया। जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद मजदूर को मृत घोषित कर दिया।

रामगढ़ : भुरकुंडा से लापता सुजल का शव बंद खदान से बरामद
Published / 2023-10-01 13:31:40
रामगढ़ : भुरकुंडा से लापता सुजल का शव बंद खदान से बरामद

टीम एबीएन, रामगढ़। भुरकुंडा पटेल नगर करमाली टोला निवासी जगदेव करमाली के एकलौते पुत्र सुजल करमाली उम्र 22 वर्ष 30 सितंबर को दोपहर 12 बजे से लापता था। लापता को लेकर परिजनों के दौरा भुरकुंडा ओपी में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था। शनिवार को परिजनों के दौरा काफी खोजबीन की गयी। लेकिन कहीं भी कुछ अतापता नहीं चला। रात्रि को उसका बाइक, हेलमेट, मोबाईल व चप्पल भदानीनगर थाना क्षेत्र के आइएजी तेतरिया बंद खदान के पास मिला। रविवार को खदान में लोगों ने एक शव तेरते हुये देखा गया। लोगों के दौरा इसकी सूचना भदानीनगर पुलिस को दी। पुलिस ने खदान से शव को निकला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में पुलिस ने कहा कि हर बिंदुओं पर जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहां जा सकता है। जिस वक्त सुजल का शव खदान से निकला जा रहा था, तो उसके हाथ में डेनराइट था। सुजल के पिता जगदेव करमाली ने बताया कि शनिवार को दोपहर 12 बजे मेरे भगीना से मोटरसाइकिल मांग कर कहीं गया था। शाम 5 बजे मेरे भगीना रोहित कुमार बाइक मांगने घर आया था पर सुजल घर में नहीं था। उसके बाद सुजल को खोजने लगे। शव मिलने के बाद से घर में मातम का माहौल छा गया। सुजल एकलौता पुत्र था। सुजल दो महीने पहले रामगढ़ होण्डा शोरूम में काम करता था।

पैसे के अभाव में एचईसी के दो कर्मियों की मौत
Published / 2023-10-01 13:28:05
पैसे के अभाव में एचईसी के दो कर्मियों की मौत

आर्थिक तंगी के कारण नहीं करा पा रहे थे बेहतर इलाजटीम एबीएन, रांची। एचईसी के दो कर्मियों का शनिवार को देहांत हो गया। हटिया मजदूर लोक मंच के रामकुमार नायक ने बताया कि एफएफपी के 05 शॉप में कार्यरत शाहदेव लोहरा की तबीयत अचानक खराब हो गयी। वह पहले से ही ब्लड प्रेशर व शुगर के मरीज थे। शनिवार को तबीयत खराब होने के बाद परिजन उन्हें इएसआइ अस्पताल ले गये। वहां से उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। श्री नायक ने कहा कि 19 माह का वेतन बकाया होने के कारण वह आर्थिक तंगी का सामना कर रहे थे। इस कारण वे ठीक ढंग से इलाज नहीं करा पा रहे थे। उनके परिवार में तीन पुत्र, तीन पुत्रियां व पत्नी है। वहीं एचएमटीपी में कार्यरत नंदू मुंडा का भी देहांत शनिवार को हो गया। इस बाबत एचइसी सप्लाई संघर्ष समिति के मनोज पाठक ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण नंदू मुंडा परेशान थे। सही से इलाज नहीं होने के कारण उनका देहांत हो गया। एचईसी प्रबंधन ने शनिवार को इएसआइ को बकाया राशि का भुगतान कर दिया। अब सप्लाई कर्मियों का इलाज जारी रहेगा। इस बाबत एचइसी बचाओ मजदूर जन संघर्ष समिति के मनोज पाठक ने बताया कि सप्लाई कर्मियों ने शुक्रवार को प्रबंधन से वार्ता की थी। इसके बाद प्रबंधन ने इएसआइ मद में बकाया 74 लाख रुपये निर्गत किया। इधर, समिति की सभा शनिवार को एचएमटीपी गेट के सामने दिन के एक बजे से प्रकाश कुमार की अध्यक्षता में हुई। वक्ताओं ने कहा कि समिति मजदूरों की मांगों को लेकर प्रबंधन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से ही तीनों प्लांटों के गेट पर तथा एचइसी मुख्यालय के समक्ष पिछले तीन दिनों से सभा कर रही है। प्रबंधन ने इएसआइ को बकाया भुगतान कर दिया है।

सहोदया कंपलेक्स कोडरमा अपने पूर्व कोषाध्यक्ष को किया सम्मानित
Published / 2023-10-01 13:23:06
सहोदया कंपलेक्स कोडरमा अपने पूर्व कोषाध्यक्ष को किया सम्मानित

टीम एबीएन, झुमरी तिलैया। मॉडर्न पब्लिक स्कूल में कोडरमा स्कूल सहोदया कंपलेक्स के बैनर तले संस्था के कोषाध्यक्ष नवीन कुमार की सेवानिवृत्ति पर एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान के साथ किया। तत्पश्चात सहोदया के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह ने स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ तथा सचिव शर्मेंद्र कुमार साहू ने अंग वस्त्र के माध्यम से नवीन जी का स्वागत व सम्मान किया। संस्था के सचिव शर्मेंद्र कुमार साहू ने अपने उद्बोधन में बताया कि कोडरमा जिला के शिक्षा जगत में नवीन कुमार जी एक जाने-माने और सम्मानित व्यक्तित्व हैं। इनके मार्गदर्शन में ही  कोडरमा स्कूल सहोदया कंपलेक्स कोरोना जैसे कालखंड को पार करते हुए आज निर्वाध गति से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। मौके पर सहोदया के अन्य सदस्य भी श्री कुमार के प्रति अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में पूर्व कोषाध्यक्ष नवीन कुमार ने अपने उद्बोधन में बताया कि शिक्षा जगत में व्यक्ति आजीवन सीखने का ही कार्य करता है और सहोदया से मैं भी बहुत कुछ सीखा हूं। अतः संगठन के प्रति सदैव आभारी रहूंगा। उपस्थित सदस्यों के बीच सर्वसम्मति से सहोदया के नवीन कोषाध्यक्ष के रूप में इकरा पब्लिक स्कूल के प्राचार्य मकसूद आलम जी का नाम मनोनीत किया गया। संगठन के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया कि नवीन जी की व्यक्तित्व हम सबों के लिए प्रेरणास्रोत है। वैधानिक दृष्टिकोण से भले ही यह सेवानिवृत्त हो सकते हैं परंतु मानसिक, शारीरिक और सामाजिक दृष्टिकोण से अब ये सहोदया के और करीब हो गये हैं। संगठन इन्हें अपने हृदय में रखे हुए है, और आने वाले भविष्य में इन से सदैव मार्गदर्शन प्राप्त करेगा। मौके पर ग्रिजली विद्यालय के निदेशक अविनाश सेठ, सेक्रेट हार्ट स्कूल के निदेशक प्रमोद कुमार, बीआर इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक ओम प्रकाश राय, मेरिडियन अकादमी के प्राचार्य अभिषेक पांडेय तथा शिव तारा सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य रमेश कुमार उपाध्याय उपस्थित रहे।आभार ज्ञापन के साथ कार्यक्रम समाप्त की गयी।

लातेहार : बालूमाथ के कस्तूरबा स्कूल में दौड़ी 11 हजार की करंट, चार विद्यार्थी गंभीर रूप से घायल
Published / 2023-09-30 18:34:23
लातेहार : बालूमाथ के कस्तूरबा स्कूल में दौड़ी 11 हजार की करंट, चार विद्यार्थी गंभीर रूप से घायल

स्कूल में पढ़ रहे थे बच्चे, अचानक दौड़ने लगा 11 हाई वोल्टेज करंट और फिर...टीम एबीएन, लातेहार। जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्कूल में अचानक 11 हाई वोल्टेज करेंट दौड़ने लगा, जिससे स्कूल में अफरा-तफरा मच गयी। वहीं, घटना में 4 छात्राएं गंभीर रूप से घायल हुई है। मामला जिले के बालूमाथ थाना स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का है। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास लगे ट्रांसफार्मर के पास से 11 हजार वोल्टज का तार गुजर रहा था और वह एक पेड़ की टहनी से सटा हुआ था। स्कूल में बिजली सप्लाई के लिए जा रही तार भी उसी पेड़ की चपेट में आ गई, जिससे 11 हजार वोल्टेज का करेंट स्कूल की विद्युत लाइन में आ गया, जिससे स्कूल में लगे पंखे जल गए, बल्ब टूटने लगे और सप्लाई वायर में आग लग गई। यह नजारा देख सभी बच्चे सहम उठे और स्कूल में भगदड़ मच गई। वहीं, 4 छात्राएं गंभीर रूप से घायल हुई है। स्कूल में हुई इस घटना से लातेहार जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने घटना का संज्ञान लेकर जांच के आदेश दिये हैं।

कोडरमा : सेक्रेड हर्ट परिवार ने दी सेवानिवृत प्राचार्य नवीन कुमार को विदाई
Published / 2023-09-30 18:31:17
कोडरमा : सेक्रेड हर्ट परिवार ने दी सेवानिवृत प्राचार्य नवीन कुमार को विदाई

सेक्रेड हार्ट स्कूल में विदाई कार्यक्रम का आयोजनअनुशासन और समय के पाबन्द थे नवीन कुमार : निदेशकटीम एबीएन, झुमरी तिलैया। सेक्रेड हार्ट स्कूल में शनिवार को विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सेवानिवृत्त विद्यालय के प्राचार्य नवीन कुमार को विदाई दी गयी। विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार ने उनके कार्यकाल की सराहना की और कहा कि उन्होंने सेक्रेड हार्ट स्कूल में 5 वर्षों तक बेदाग सेवा दी है, जो किसी भी शिक्षक और प्राचार्य के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होती है।उन्होंने कहा कि नवीन कुमार को अंग्रेजी की अच्छी जानकारी थी। उन्होंने कहा कि नवीन कुमार अनुशासन प्रिय और समय के पाबंद थे। अन्य शिक्षकों को भी उनके जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन एकेडमिक को-आर्डिनेटर प्रवीण कुमार ने किया। जबकि सेवानिवृत्त प्राचार्य नवीन कुमार ने अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधन को सराहा और कहा कि विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार से उन्हें बराबर सम्मान और प्रतिष्ठा मिलती रही है। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि कि शिक्षकों को अपनी गलतियों को सुधार कर अच्छा करने का प्रयास करना चाहिए। उनके हाथ में बच्चों का भविष्य होता है, जिसे संवारने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए बच्चों के अपेक्षाओं की कसौटी पर खरा उतरने वाले शिक्षक ही समाज और राष्ट्र के लिए आदर्श बनते हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया। विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार ने शॉल ओढ़ाकर और उपहार देकर उनको विदाई दी। उन्हें प्रशस्ति पत्र भी भेंट किया गया। जबकि शिक्षकों की ओर से भी उन्हें उपहार दिये गये। सबों ने उनके स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की। मौके पर एकेडमिक डायरेक्टर प्रमोद शर्मा के अलावा विद्यालय के भी शिक्षक शिक्षिकाएं और शिक्षकेत्तर कर्मी मौजूद थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 125,741