टीम एबीएन, गुमला/ रांची। झारखंड में संकल्प यात्रा के सातवें चरण के दौरान बिशुनपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला एवं भ्रष्टाचार मुक्त, अपराधमुक्त शासन के लिए भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी गांव गरीबों की चिंता करते हैं। केंद्र सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर और महिला के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने प्रधानमंत्री बनते ही अपने कार्यकाल का पहला कार्य मां बहनों के लिए इज्जत घर शौचालय का निर्माण करवाया। वे मां बहनों की परेशानियों को समझते हैं।उन्होंने कहा कि मोदी जी ने गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध करवाया जबकि घोषणावीर हेमंत ने एक लाख अतिरिक्त तो क्या मोदी जी द्वारा भेजे जा रहे पैसों का भी बंदरबांट कर दिया। प्रधानमंत्री जी गरीबों की चिंता करते हैं। उन्होंने गैस कनेक्शन के साथ साथ गैस पर सब्सिडी भी दिया। जबकि 75 लाख बहनों को नया कनेक्शन देने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर पूंजीपतियों के खाते खुलवाए जबकि प्रधानमंत्री मोदी जी ने जनधन खाते खुलवाकर एक एक गरीब व्यक्ति को बैंकों से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि कोविड काल में जब कल कारखाने बंद हुए तो मोदी जी ने सीधे खाते में पैसे डालने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी गरीबों के लिए अनाज भेज रहे हैं किंतु हेमंत सोरेन अनाजों की कालाबाजारी करवा रहे हैं।श्री मरांडी ने कहा कि अलग राज्य के आंदोलन करने वाले शिबू सोरेन कांग्रेस के गोद में खेलते रहे। कांग्रेस उन्हें खरीदकर जेल में भी डाल दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। आजाद भारत में आदिवासी समाज को सिर्फ भाजपा ने सम्मान दिया है। अलग झारखंड राज्य की सौगात, अलग आदिवासी मंत्रालय, संथाली भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करना, भगवान बिरसा मुंडा के जन्म जयंती को गौरव दिवस, आदिवासी बहन द्रौपदी मूर्मू को राष्ट्रपति बनाना और यहां तक कि आजादी के बाद पहली बार मोदी मंत्रिमंडल में आठ आदिवासी को मंत्री बनाया गया। उन्होंने कहा कि जी हमारी चिंता करते हैं। हमें उनके साथ चलना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर गांव-गांव तक सड़क, पुल पुलिया और बिजली पहुंचा। कांग्रेस शासन काल में शादी में बारात भी पैदल जाना पड़ता था। आज भाजपा के बनाये सड़कों की मरम्मत तक नहीं करवा पा रहे हैं हेमंत सोरेन।श्री मरांडी ने कहा कि मोदी जी के विरोध में बना "इंडी गठबंधन" रोहंगिया व बांग्लादेशियों को पनाह दे रहा है। इजराइल में हमास ने जिस प्रकार से हमला किया है यदि ऐसा गठबंधन रहा तो भारत की स्थिति भी यही होगा। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले आतंकी घटनाएं आम थी। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई और इनकमटैक्स के छापे में अब तक एक हजार करोड़ से ज़्यादा की संपत्ति जब्त हुई है, इससे भ्रष्ट दल बौखलाये हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी महिला गांव गरीब किसान मज़दूर की चिंता करते हैं जबकि हेमंत को दलाल, बिचौलियों और भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने की चिंता है।
टीम एबीएन, रांची। सेवा भारती,झारखंड की सेवा जागरण पत्रिका सेवा सुरभि के 24वां विशेषांक "उदीयमान भारत-हमारी भूमिका" का लोकार्पण रांची के पीपी कंपाउंड स्थित गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में किया गया। लोकार्पण समारोह के मुख्य वक्ता प्रो (डॉ) केजी सुरेश, कुलपति माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल ने अपने संबोधन में कहा कि किसी को संपत्ति देना ही नहीं अपितु स्वयं को समर्पित करने की भूमि है हमारा भारत। हमारे लिए सेवा नयी बात नहीं है। सेवा हमारी परंपराओं में निहित है। देश के सकारात्मक विचार का संचार होना चाहिए। इसके लिए मीडिया के अलावा जनसाधारण की भूमिका अधिक है। हम भी नागरिक संचार है।इसके पूर्व भारत माता के चित्र के समक्ष अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया एवं राष्ट्रगान से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मौके पर कत्थक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुती हुई। मंचासीन अतिथियों का स्वागत-परिचय सेवा भारती के प्रांतीय सचिव ऋषि पाण्डेय ने किया एवं सेवा भारती का कार्य वृत्त रखा।मौके पर डॉ हरेन्द्र प्रसाद सिन्हा ने उदीयमान भारत- हमारी भूमिका अंक पर प्रकाश डाला। लोकार्पण समरोह के सम्मानीय वक्ता रामनवमी प्रसाद ने कहा कि हमारा भारत मृत्युंजय है, अजन्मा है और उदयमान भारत है।लोकार्पण समारोह के विशिष्ट अतिथि प्रो आदित्य प्रसाद साहू ने भी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर सेवा सुरभि की संपादक डॉ सुष्मिता पांडेय को सम्मानित किया गया साथ ही कलाकारों को मोमेंटो भेंट किया गया। मौके पर सेवा भारती के संरक्षक डॉ एचपी नारायण ने आशीर्वचन में कहा की सेवा परमो धर्म के उद्देश्य पर हमें चलना है। अंत में धन्यवाद ज्ञापन सेवा भारती के प्रांतीय अध्यक्ष गिरीश मल्होत्रा ने किया जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन पूनम आनंद ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा भारती के गुरुशरण प्रसाद, प्रांत प्रचारक गोपाल शर्मा, प्रांत सह संघचालक अशोक श्रीवास्तव, राधेश्याम अग्रवाल, प्रो रमेश पाण्डेय, सीसीएल के पूर्व सीएमडी गोपाल सिंह, पूर्व गृह सचिव एनएन पांडेय, पद्मश्री मुकुन्द नायक, अभिजीत घोष, अयोध्यानाथ मिश्र, रमाकांत दुबे सहित नगर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
डीएवी हजारीबाग दूसरे और देवघर तीसरे स्थान परटीम एबीएन, झुमरी तिलैया। भारत विकास परिषद ने प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता चेतना के स्वर का आयोजन रविवार को रोटरी भवन में किया। इसमें डीएवी हजारीबाग शाखा, सरस्वती विद्या मंदिर गिरिडीह, डीएवी कोडरमा, डीएवी देवघर शाखा, राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर धनबाद और गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल बोकारो के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी रूपा सामंता, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रोफेसर डॉक्टर अजीत सिंह और डॉक्टर अभिषेक कुमार थे। अतिथियों के अलावा प्रांतीय महासचिव रामप्रवेश पांडेय, शाखा अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रांतीय संगठन सचिव संतोष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक कैलाश राणा, प्रांतीय ग्रामीण विकास संयोजक छोटेलाल पांडेय, प्रांतीय महिला बालिका बाल विकास संयोजिका जूही दास गुप्ता, डीवीसी प्लस टू स्कूल के शिक्षक राजेश सिंह और विवेकानंद कॉन्वेंट स्कूल के निदेशक अनिल गुप्ता ने संयुक्त रूप से भारत माता और स्वामी विवेकानंद की तस्वीर के सामने दीप जलाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम का संचालन आदर्श मिडिल स्कूल के हेड मास्टर अश्वनी कुमार तिवारी ने किया।कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका डॉ भूपेंद्र ठाकुर, संजीत भारती, राजीव रंजन चक्रवर्ती ने निभाई। प्रतियोगिता में गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल बोकारो को प्रथम, डीएवी पब्लिक स्कूल हजारीबाग को द्वितीय और डीएवी पब्लिक स्कूल देवघर को तृतीय स्थान मिला। अतिथियों ने विजेताओं को बारी-बारी से मंच पर बुलाकर शील्ड और सर्टिफिकेट प्रदान किया। इस मौके पर देवघर शाखा के अध्यक्ष आलोक मलिक, वित्त सचिव रणजीत वर्णवाल, नारायण सिंह, अरुण सेठ, भारत विकास परिषद के कोडरमा शाखा के संरक्षक सुरेश जैन, पूर्व अध्यक्ष सरयू चंद्र शर्मा, डीएवी हजारीबाग के विक्की दुबे, डीएवी झुमरी तिलैया के धर्मेंद्र पाठक, चांदनी दुबे, गिरिडीह सरस्वती विद्या मंदिर के मनीष कुमार पाठक, विपिन सहाय, विक्रमशिला विद्यापीठ के निदेशक निशांत कुमार समेत विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि और प्रतिभागी मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। आज आल इंडिया पोस्टल ऐंड आर एमएस पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड सर्किल की कार्यकारिणी समिति बैठक सह इसकी रांची शाखा पेंशनर्स एसोसिएशन डिविजनल कान्फ्रेंस रांची जीपीओ में संपन्न हुआ। इसके खुले सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्वरूप राकेश कुमार, चीफ पीएम जी झारखंड सर्किल ने कहा कि वर्क कल्चर में गिरावट आयी है, जिसके कारण विभाग में काम प्रभावित हो रहा है। रेवन्यू में भी कमी आयी है। हमें अपनी मेहनत और लगन से विभाग की साख को ठीक करना होगा। पेंशनर्स की समस्याओं के प्रति चिंता जताते हुए कहा कि इस पर विशेष ध्यान दिया जायेगा, ताकि पेंशनर्स को परेशानी न हो। डाक लेखा निदेशक पीके रवि एवं वरीय डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने भी संबोधित किया।सुबह 10 बजे से प्रतिनिधि सभा शुरू हुई। एमजेड खान सचिव ने अपना विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे चर्चा के उपरांत पारित किया गया। त्रिलोकी नाथ साहू एसोसिएशन का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। इसे भी आम से पारित किया गया। रांची डिविजन के लिए नयी कमेटी निम्न सदस्यों ने गठित की। अध्यक्ष के डी राय व्यथित, कार्यकारी अध्यक्ष त्रिवेणी ठाकुर, सुशील कुमार, जेठू बड़ाइक, रमेश सिंह, बी बारा सचिव गौतम विश्वास, कोषाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ साहू, संगठन सचिव एस पी मंडल, जय नारायण प्रसाद, हसीना तिग्गा चुने गये। तीसरे सत्र में स्टेट कार्यकारिणी की बैठक रखी गयी, जिसमें धनबाद, जमशेदपुर, दुमका, गिरिडीह, पलामू, गुमला, सिमडेगा, रांची के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और एजेंडा पर चर्चा की। रांची से त्रिवेणी ठाकुर, जमशेदपुर से जे भट्टाचार्य, गिरिडीह से अजय सिन्हा, पलामू से बीरेंद्र राम, गुमला से बायस टोप्पो, सिमडेगा से राफेल बखला, दुमका से सुभाष गुप्ता ने चर्चा में भाग लिया। सभा की अध्यक्षता साधन कुमार सिंहा ने की और संचालन एम जेड खान ने। इस सभा में चेन्नई में हो रही चौथी आल इंडिया कांफ्रेंस (13-14 दिसंबर 23) में झारखंड का प्रतिनिधित्व एमजेड खान और टीएन साहू करेंगे। उक्त जानकारी संगठन के प्रांतीय सचिव झारखंड रांची एम जेड खान ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, रांची। लापुंग इलाके में नक्सली संगठन पीएलएफआई का वर्चस्व एक बार फिर से बढ़ने लगा है। एक सप्ताह पूर्व दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले पीएलएफआई उग्रवादियों ने शनिवार देर रात लापुंग थाना क्षेत्र स्थित जल जीवन मिशन के दफ्तर पर हमला कर दिया।नक्सलियों ने कार्यालय में मौजूद कई लोगों को बुरी तरह से पीटा और एक कमरे को आग के हवाले भी कर दिया। बताया जा रहा है कि नक्सलयों की संख्या एक दर्जन के करीब थी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में गांव के ही एक अपराधी किस्म के युवक का हाथ बताया है, जो पीएलएफआई के नाम पर लेवी वसूलने के काम में लगा हुआ है।
लोकतंत्र की चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं करेगी इंडियादिल्ली में हुए पत्रकारों के गिरफ्तारी के विरोध में 9 अक्टूबर 2023 को रांची जिला स्कूल से जुलूस निकालकर राज भवन तक आक्रोश मार्चराज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापनटीम एबीएन, रांची। रांची भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय में इंडिया के बैनर तले घटक दलों की बैठक झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता मुस्ताक अंसारी, कांग्रेस के राकेश किरण, भाकपा के अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य रूप से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक उपस्थित थे।श्री पाठक ने कहा कि केंद्र की सरकार इंडिया घटक दलों के नेताओं को ई डी, सी बी आई एवं अन्य केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से परेशान कर रही है। ताकि इंडिया गठबंधन में टूट पैदा हो सके। श्री पाठक ने कहा कि जब से इंडिया गठबंधन बना है। तब से केंद्र की मोदी सरकार को नींद हराम हो चुकी है।अब देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति पैदा हो गयी है। तभी तो न्यूज क्लिक सहित दिल्ली के कई पत्रकारों को गिरफ्तार किया गया। उनके मोबाइल लैपटॉप को जप्त किया गया। यानी केंद्र सरकार के विरोध में चाहे विपक्षी पार्टियों के नेतृत्व हो या मीडिया कर्मी भाजपा के विरोध में बोलेंगे लिखेंगे खड़े होंगे तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।अघोषित आपातकाल की स्थिति दिखाई दे रहा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के मुस्ताक अंसारी ने कहा कि विपक्ष के लोगों में चाहे वो पंजाब हो बिहार बंगाल दिल्ली या झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सभी विपक्षी दलों के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है ।लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को भी मोदी की सरकार नहीं छोड़ रही है। इसके विरोध में लड़ाई लड़ी जायेगी। कांग्रेस नेता राकेश किरण ने कहा कि देश में नफरत की दुकान चलाने वाली केंद्र सरकार को मोहब्बत पसंद नहीं है। इसीलिए इंडिया घटक दलों से उसकी काफी नाराजगी है।इंडिया घटक दलों के तोड़ने के लिए हर हथकंडे को अपना रही है। राष्ट्रीय जनता दल के धर्मेंद्र महतो,आम आदमी पार्टी के, संतोष कुमार ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में पत्रकारों पर हमले विपक्षी नेताओं पर हमले बर्दाश्त नहीं किया जाकेगा।सीपीआई के अजय कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के जन विरोधी नीतियों के विरोध में इंडिया गठबंधन लगातार लड़ाई लड़ेगी। हर एक मुद्दे को लेकर सड़कों उतरा जाएगा। ये लड़ाई लंबी चलेगी। शोषण जुर्म और अन्याय के खिलाफ और 2024 में केंद्र की मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए इंडिया गठबंधन कटिबद्ध है। सीपीआईएम के अमल पांडेय वीरेंद्र कुमार मासस के सुशांत मुखर्जी सहित घटक दलों के कई नेताओं ने अपने-अपने विचार रखे।सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पत्रकारों एवं विपक्षी नेताओं के लगातार केंद्र सरकार के द्वारा किये जा रहे हैं। हमले के विरोध में 9 अक्टूबर 2023 को राजभवन मार्च कर महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सोपा जायेगा। बैठक में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक, जिला सचिव अजय कुमार सिंह, झारखंड मुक्ति मोर्चा के मुस्ताक अंसारी, कांग्रेस के राकेश किरण, राष्ट्रीय जनता दल के धर्मेंद्र महतो, आम आदमी पार्टी के संतोष कुमार रजक, कांग्रेस के जोगेंद्र सिंह बेनी, भाकपा के इम्तियाज़ खान, त्रिनमुल कांग्रेस के जयप्रकाश साहू, अशोक कुमार वर्मा, डॉक्टर जितेंद्र कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।
हेमंत सोरेन सत्ता में रहेंगे तो झारखंडियों के लिए कुछ नहीं बचेगा: बाबूलाल मरांडीटीम एबीएन, लातेहार/ रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आज फिर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर बरसे। श्री मरांडी ने बरवाडीह में मनिका विधानसभा क्षेत्र की संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता ने हेमंत सोरेन को विकास के लिए सत्ता सौंपी थी, युवाओं ने रोजगार के लिए उन्हें मुख्यमंत्री बनाया था, लेकिन हेमंत जी सत्ता में आते ही सारे वादे भूल गये। इन्हें केवल पैसा और परिवार याद रहा।उन्होंने कहा कि परिवार और पैसे के लिए हेमंत सोरेन झारखंड के खान, खनिज बालू पत्थर जमीन सब को लूट रहे। लूटते और लूटवाते हुए हेमंत जी फाइल, फोल्डर और बॉस में उलझ गये। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता के लिए बालू फ्री था, लेकिन सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुंबई, दिल्ली, कोलकाता के व्यापारियों को बालू घाट को लूटने की जिम्मेवारी दे दी। मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन अब और सत्ता में रहेंगे तो झारखंड वासियों के लिए राज्य में कुछ भी नहीं बचेगा।उन्होंने कहा कि आज राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। रोज हत्या, लूट, अपहरण की घटनाएं हो रही है। बहन- बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं। राज्य में प्रतिदिन औसत 5 हत्या और 5 बलात्कार की घटनाएं हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 6 महीनों में 23 व्यापारियों की हत्या हुई जो राज्य के विकास में अपना योगदान दे रहे थे। उनमें तो 9 ऐसे हैं जिन्हें मांगने पर भी राज्य पुलिस ने सुरक्षा गार्ड नहीं उपलब्ध कराये।
टीम एबीएन, रांची। रखंड में एक दिन में डेंगू के 70 नये मामले दर्ज किये गये हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक बुलेटिन के मुताबिक, शुक्रवार को 373 लोगों के रक्त के नमूनों की जांच की गयी, जिनमें से 70 लोग डेंगू से पीड़ित पाये गये।बुलेटिन के अनुसार, झारखंड के गिरिडीह जिले में सबसे ज्यादा 33 मामले दर्ज किये गये हैं, जबकि पूर्वी सिंहभूम और देवघर में क्रमश 16 और 12 मामले सामने आये हैं। साल 2023 में एक जनवरी से छह अक्टूबर तक झारखंड में डेंगू के 1,827 मामले दर्ज किये गये हैं, जबकि इस अवधि में बीमारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या छह है।
जिला अधिवक्ता संघ ने पीडीजे को आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग कीकार्रवाई नहीं होने पर 10 अक्तूबर से न्यायिक कार्य बहिष्कार करने का लिया निर्णय टीम एबीएन, लोहरदगा। जिला अधिवक्ता संघ, लोहरदगा ने प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीश को आवेदन देकर लोहरदगा व्यवहार न्यायालय परिसर में वरीय अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार के संबंध में जानकारी दी है। अभियुक्तों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर 10 अक्तूबर से न्यायिक कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है। आवेदन के माध्यम से संघ के सचिव लाल दीपक कुमार ने बताया कि सात अक्तूबर को व्यवहार न्यायालय परिसर में सेन्हा थाना क्षेत्र के डांडू गांव निवासी स्व करामात अंसारी के पुत्र मुस्तकीम अंसारी और हातिम अंसारी के पुत्र नूरहसन अंसारी ने वरीय अधिवक्ता अब्दुल रब से दुर्व्यवहार करते हुए थप्पड़ जड़ दिया। बताया गया कि दोनों अभियुक्तों को एसटी 178/2023 मामले में जिला और सत्र न्यायाधीश तृतीय के यहां कस्टडी में लाया गया था। लेकिन अभियुक्तों ने अधिवक्ता अब्दुल रब को देखते ही पुलिस अभिरक्षा में रहते हुए अपशब्द बोलते हुए थप्पड़ मार दिया। यह काफी निंदनीय और अशोभनीय है। जिला अधिवक्ता संघ ने इस दुखद घटना की निंदा करते हुए पीडीजे से अभियुक्तों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। अन्यथा 10 अक्तूबर से न्यायिक कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.