टीम एबीएन, रांची। झारखंड में पूरी क्षमता से बिजली आपूर्ति के लिए 116 ग्रिड सब स्टेशन की जरूरत है। हालांकि, वर्तमान में केवल 53 ही कार्यरत हैं। ग्रिडों द्वारा राज्य में 27455 एमवीए बिजली की जरूरत है। फिलहाल 9885 एमवीए की ही आपूर्ति हो पाती है। राज्य में समुचित तरीके से बिजली आपूर्ति हो सके, इसके लिए झारखंड ऊर्जा संचरण निगम द्वारा तेजी से नये ग्रिड सब स्टेशन बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। बताया गया कि 45 नये ग्रिड स्टेशन निर्माणाधीन हैं, जो एक-दो वर्षों में चालू हो जायेंगे। वहीं 18 ग्रिड सब स्टेशन की योजना बनायी जा रही है। बताया गया कि वर्तमान में 3100 मेगावाट तक बिजली की मांग चली जाती है, पर भविष्य में झारखंड में छह हजार मेगावाट बिजली की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए ये 116 ग्रिड आपूर्ति करने में सक्षम होंगे।ऊर्जा संचरण निगम द्वारा बताया गया कि भविष्य में बिजली की मांग को देखते हुए जहां 116 ग्रिड की जरूरत है। वहीं इन ग्रिडों को जोड़ने के लिए 15238 सर्किट किमी ट्रांसमिशन लाइन की जरूरत है। वर्तमान में 6507 सर्किट किमी ट्रांसमिशन लाइन हैं और 5005 सर्किट किमी ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण हो रहा है।400 केवी का ग्रिड लातेहार, 220 केवी क्षमता के ग्रिड लोहरदगा, जैनामोड़, पतरातू में बन रहे हैं। वहीं 132 केवी क्षमता के ग्रिड इरबा, सिल्ली, अनगड़ा, कोलेबिरा, कुरडेग, गावां, शिकारीपाड़ा, जरमुंडी, अमरापाड़ा, नारायणपुर, सारठ, बरहेट, कुंडहित, चौका, चकुलिया, हंसडीहा, कांड्रा, सुरदा, सुंदरनगर, महुधर, नौडीहा, नगरउंटारी, चैनपुर, रमकंडा, चंदवा, छतरपुर, चंदनकियारी, चतरा, बड़कागांव, सिमरिया, रामगढ़, बरही, बिष्णुगढ़, पेटरवार, हंटरगंज, गोला, दुग्धा, महुदा, निरसा व पुटकी में बनाये जा रहे हैं।
वेतनमान तय करने की मांग को लेकर शिक्षकों ने किया झामुमो कार्यालय का घेरावटीम एबीएन, रांची। झारखंड में सैकड़ों शिक्षकों ने वेतनमान तय करने की मांग को लेकर शनिवार को राजधानी रांची में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय कार्यालय का घेराव किया।झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटीईटी) उत्तीर्ण करने वाले इन शिक्षकों ने दावा किया कि परीक्षा में सफल होने के बावजूद उनका वेतनमान अभी तक तय नहीं हुआ है। झारखंड राज्य टीईटी सफल अध्यापक समन्वय समिति के सदस्य सीमांत घोषाल ने कहा, हमारी एकमात्र मांग टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले लगभग 13,000 शिक्षकों के लिए वेतनमान तय करना है।सीमांत घोषाल ने दावा किया कि जून 2020 में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान इन शिक्षकों को वेतनमान प्रदान करने की अनुशंसा की गयी थी। प्रदर्शनकारी शिक्षक ने कहा, सरकार ने हमारे मुद्दे पर महाधिवक्ता से भी सुझाव लिये थे। उन्होंने कहा कि जो पारा शिक्षक प्रशिक्षित हैं और टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं, उन्हें वेतनमान दिया जा सकता है।उन्होंने कहा कि वे अपनी मांग को लेकर पिछले 81 दिनों से राजभवन के पास प्रदर्शन कर रहे हैं। सीमांत घोषाल ने कहा, आज हमने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यालय का घेराव किया और इसके केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे से मुलाकात की। उन्होंने स्वीकार किया कि हमारी मांग जायज है और हमें आश्वासन दिया कि वह इसे सरकार तक पहुंचायेंगे।इन शिक्षकों ने धमकी दी कि अगर उनकी मांग पर उचित तरीके से विचार नहीं किया गया तो वे अपना विरोध प्रदर्शन तेज करेंगे और 15 नवंबर को राज्य के स्थापना दिवस के उत्सव के दौरान आंदोलन कर सकते हैं। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले पारा शिक्षक वेतनमान तय करने की मांग के समर्थन में उनके पास आये थे। विनोद कुमार पांडे ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से राजभवन के पास धरने पर बैठे हैं। मैंने उनकी बात गंभीरता से सुनी। मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि मैं उनकी मांग सरकार तक पहुंचाऊंगा और उचित कार्रवाई का अनुरोध करूंगा। मुझे उम्मीद है कि सरकार उनके पक्ष में कार्रवाई करेगी।
श्री राम की अयोध्या वापसीटीम एबीएन, रांची। संजय सर द्वारा लिखे नाटक श्रीराम की अयोध्या वापसी का उर्सुलाइन इंटर कॉलेज रांची की छात्राओं ने मंचन किया। दिवाली के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने लाजवाब अभिनय किया। कॉस्टयूम, डायलॉग, अभिनय हर दृष्टिकोण से उनकी प्रस्तुति बहुत सराहनीय रही। इसकी 3 प्रस्तुतियां हुई :- साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स की छात्राओं ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दीं और इसका आनंद कॉलेज की 5000 छात्राओं ने उठाया। इस नाट्य मंचन के अवसर पर संजय सर ने बताया कि दिवाली वह अवसर है जब श्रीराम 14 साल के वनवास के बाद अयोध्या लौटे। राम भारत के कण-कण के प्राण हैं और विशेषकर आज के युवाओं को राम के चरित्र, व्यक्तित्व और त्याग से शिक्षा लेना चाहिए। संवाद हो या विचार हजारों साल से राम का चरित्र लोगों का आदर्श रहा है।मौके पर इंटर कॉलेज की प्राचार्या डॉ मेरी ग्रेस ओएसयू ने इस अवसर पर कहा कि हमें अपने लक्ष्य को प्राप्त करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिये राम के आदर्श और मूल्यों का चिंतन करना चाहिए। आज की विषम स्थिति में हमारा आचरण निश्चित तौर पर राम के जीवन और धर्य से प्रभावित हो।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। जिले में आज सुबह-सुबह गोली चली, जिसमें एक शख्स घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार दो अपराधियों ने बड़ा खटाल के पास ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस गोलीबारी में अपराधियों ने व्यक्ति को दो गोली मारी। घायल की पहचान सेक्टर 9 महुआर के रहने वाले शंकर रवानी के रूप में की गयी। घायल को बोकारो जेनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर रांची के छात्र गिरींद्र विक्रम बासुकी ने सोशल बलूनी स्कूल देहरादून उत्तराखंड में 6 से 10 नवंबर तक आयोजित सीबीएसई नेशनल आर्चरी प्रतियोगिता में ब्राउंज मेडल जीत कर झारखंड का नाम रोशन किया। पूरे भारत वर्ष से 1000 आर्चर ने भाग लिया था। गिरींद्र विक्रम वासुकी ने अंडर-14 में कंपाउंड वर्ग में सीबीएसई नेशनल आर्चरी प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागी कौशल कुमार कोच डीएवी गांधीनगर के संरक्षण में नेशनल में खेलने गये थे।
आग लगे पर इस हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्कटीम एबीएन, रांची। रांची में दीपावली को लेकर फायर ब्रिगेड विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहा और पटाखा दुकानों को केंद्रित करते हुए अभी से ही दमकल तैनात कर दिये गये हैं। छोटे और बड़े दमकल वाहनों के अलावा हाइड्रोलिक प्लेटफार्म भी तैयार रखा गया है। राजधानी के चार फायर स्टेशनों के अलावा कुल 12 स्थानों पर दमकल वाहन भेजे गये हैं। आपात स्थिति में आग बुझाने के लिए फोम और अन्य संसाधनों का भी इंतजाम फायर बिग्रेड की ओर से किया गया है।डीजी अग्निशमन एवं होमगार्ड अनिल पलटा ने राज्य के सभी फायर स्टेशनों को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। फायर ब्रिगेड के द्वारा आम लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर के साथ कई गाइडलाइंस भी जारी किये गये हैं।इन चीजों का रखें ध्यान:-लाइसेंसी पटाखा दुकानों से ही करें खरीदारी।पटाखा के पैकेट पर दिए सुरक्षा उपायों का पालन करें।पटाखा को जलाने के लिए मोमबत्ती या अगरबत्ती का प्रयोग करें।आग लगने की शुरुआत की अवस्था में ही उसे बुझाने के लिए नजदीक में पानी भरी बाल्टी और बालू अवश्य रखें।हवाई पटाखे को आग लगने से पहले यह सुनिश्चित करें कि उसकी दिशा सही है।पटाखे चलाते समय सिंथेटिक कपड़े और लूज कपड़े न पहनें।बिजली के तार, पेड़ या अन्य प्रकार के अवरोध के नीचे हवाई पटाखे ना छोड़ें।112, 100 के अलावा भी हेल्पलाइन जारीआग लगने की स्थिति में आप डायल 100 और डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा डोरंडा फायर स्टेशन- 9304953404, पिस्का मोड़ फायर स्टेशन- 9304953405, आड्रे हाउस फायर स्टेशन- 9304953406 और धुर्वा फायर स्टेशन- 9304953407 के इन नंबरों पर भी सहायता ले सकते हैं।
टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने कहा कि वह प्रदेश में सरकारी विश्वविद्यालयों से भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बता दें कि राज्य संचालित विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति राधाकृष्णन ने पिछले महीने भ्रष्टाचार के आरोपों पर धनबाद में बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति सुखदेव भोई को बर्खास्त कर दिया था।उन्होंने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा- भ्रष्टाचार कोई नई घटना नहीं है। हर कोई इसे खत्म करना चाहता है। हमें 100 प्रतिशत भरोसा है कि हम अपने सभी विश्वविद्यालयों में शून्य भ्रष्टाचार सुनिश्चित करेंगे।उन्होंने कहा कि उनका कार्यालय इस दिशा में काम कर रहा है। राज्यपाल ने भरोसा जताते हुए कहा कि हम इसे यथासंभव कम से कम समय में करेंगे।
टीम एबीएन, रांची /दलादिली। दलादीली स्थित कृष्णा ट्रेड कॉरपोरेशन में अडानी सीमेंट के द्वारा दिवाली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गयी।इस दौरान सिल्वर कॉइन प्रोग्राम के तहत चयनित डीलर एवं सिविल ठेकेदारों के बीच चांदी का सिक्का वितरित किया गया। साथी सभी सिविल ठेकेदार बंधुओं को दिवाली का गिफ्ट हैंपर भी वितरित किया गया एवम अटूट बंधन 2.2 स्कीम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी।इस दौरान एरिया सेल्स मैनेजर शशि रंजन, जूनियर टेक्निकल इंजीनियर प्रिंसी कुमारी, भीम कुमार पांडे सहित कई डीलर एवं सिविल ठेकेदार मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। पालकोट शाहदेव परिवार के पूर्वज कुंवर श्रीनाथ शाहदेव जी की 207 वीं जयंती रांची बड़ा तालाब के दक्षिण में स्थित कुंवर श्रीनाथ शाहदेव घाट में मनाया गया। कार्यक्रम में माननीय वधायक सीपी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विदित हो कि कुंवर श्रीनाथ ने इस घाट का निर्माण सन 1845 ई में क्षेत्र के लोगों के लिए करवाया ताकि वे यहां अपना धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक रीतियों को परिपूर्ण कर सकें।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से एवं कुंवर श्रीनाथ की स्मृति में जलाशय में दीप दान कर किया गया। पालकोट शाहदेव परिवार के ऋषि अजातशत्रु नाथ शाहदेव ने सभी को कुंवर श्रीनाथ शाहदेव और उनके द्वारा जनसेवा मे बनाये गये पक्की घाट से अवगत कराया। सीपी सिंह ने कहा कि हमें अपनी विरासत, संस्कृति, भाषा और रीतियों का संरक्षण खुद करना है किसी और के भरोसे नही रहना है, खुद सक्रिय समर्पित रूप से करना है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राचीन घाट को सुरक्षित और स्वच्छ रखना हम नागरिकों का कर्तव्य है। चिन्मयानन्द आश्रम से पधारे आदरणीय स्वामी जी ने कहा कि संस्कृति और सांसकृतिक कार्यक्रमों से जनजुड़ाव कर इन ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण तथा सवारने की जरूरत है। कार्यक्रम में भैरो सिंह भी उपस्थित थे जिन्होंने राष्ट्र भक्ति और ऐसे धरोहरों को सम्हालने की बात कही। साथ ही बड़ा तालाब अंग्रेजो के द्वारा बंदी बनाये गये स्वतंत्रता सैनानियों के द्वारा बनाया गया था इस बात पे जोर देते हुवे कहा कि ये किसी आम कैदियों के द्वारा नहीं बल्कि राष्ट्रभक्तों के द्वारा बनाया गया, इसका एक अलग महत्व है।इस घाट का पुनरुद्धार 2021 में रांची नगर निगम द्वारा कराया गया ताकि रांची शहर की यह प्राचीन धरोहर बची रहे। इस प्राचीन ईमारत की निर्माण शैली भी अद्भुत है जो 178 वर्षों से पानी के ऊपर अडिग खड़ी है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के मानकों के अनुसार यदि कोई भी संरचना या ईमारत सौ वर्षों से अधिक पुरानी हो जाती है तो उसे ऐतिहासिक धरोहर का दर्जा प्राप्त हो जाता है।विदित हो कि रांची बड़ा तालाब एवं घाट को पालकोट शाहदेव परिवार के पूर्वज नवल किशोर नाथ शाहदेव द्वारा सन 1916 में रांची म्युनिसिपेलिटी को लीज पर दे दिया गया था एवं लीज के शर्तों में नवल किशोर शाहदेव ने रांची बड़ा तालाब एवं अपने पुरखे द्वारा निर्मित इस प्राचीन घाट के रख रखाव एवं सुरक्षा का जिम्मा रांची म्युनिसिपेलिटी को सौंप दिया था। वर्षों से यह घाट उपेक्षित एवं जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। वर्ष 2021 में इस घाट का पुनरुद्धार रांची नगर निगम द्वारा करवाया गया।पालकोट शाहदेव परिवार के सदस्यों ने उनके पुरखे द्वारा बनवायी गयी प्राचीन घाट का पुनरुद्धार करने के लिए रांची नगर निगम को धन्यवाद ज्ञापित किया। सभा में श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा रांची के मंत्री राधेश्याम सिंह एवं शाखा के कार्यकारिणी सदस्य आतिश तिवारी भी उपस्थित रहे। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल नाथ शाहदेव भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। इनके साथ ही सभा में पालकोट शाहदेव परिवार से भानु प्रताप नाथ शाहदेव, विक्रम नाथ शाहदेव नागदमनी नाथ शाहदेव, बद्री नाथ शाहदेव के साथ अन्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन कीर्तिमान नाथ शाहदेव एवं धन्यवाद ज्ञापन यदुनाथ शाहदेव ने किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.