Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

झारखंड

View All
लोहरदगा : करणी सेना अध्यक्ष की हत्या के विरोध में क्षत्रिय समाज ने निकाला जुलूस
Published / 2023-12-07 21:34:55
लोहरदगा : करणी सेना अध्यक्ष की हत्या के विरोध में क्षत्रिय समाज ने निकाला जुलूस

अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए सजा ए मौत की मांग टीम एबीएन, लोहरदगा। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में गुरूवार को लोहरदगा में क्षत्रिय समाज ने मशाल जुलूस निकाला। वारदात में शामिल सभी अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए सजा ए मौत की मांग की गई। मशाल जुलूस की शुरूआत मैना बागीचा लोहरदगा से हुई।  अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा लोहरदगा के तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शन की अगुवाई जिला अध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने की। सत्यजीत ने कहा कि सुखदेव सिंह की हत्या राजपूत समाज के लिए बड़ी क्षति है। क्षत्रिय समाज एकजुट होकर न्याय के लिए संघर्ष करेगा।समाज के लोगों को हर तरह के मतभेद भुलकर एकजुट रहने की जरूरत है, ताकि समाज के सामने खड़ी चुनौतियों का मजबूती से सामना किया जा सके। इसके पूर्व महासभा की बैठक में समाज को सशक्त बनाने और समन्वय बेहतर करने पर चर्चा हुई। करणी सेना के दिवंगत अध्यक्ष को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मनोज सिंह, कन्हाई सिंह, पप्पू सिंह, विजय सिंह, मदन सिंह, अमित सिंह, उमेश सिंह, पप्पू सिंह, कृष्ण सिंह, जयंत कुमार सिंह, अजय चौहान, धीरज सिंह, अशोक सिंह,अमित सिंह, संजय शाहदेव, सूरज सिंह, दिनेश सिंह, जानदार सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के युवा मौजूद थे।

स्मार्ट सिटी वाले राज्यों में अपना झारखंड बना नंबर वन
Published / 2023-12-07 20:45:29
स्मार्ट सिटी वाले राज्यों में अपना झारखंड बना नंबर वन

देश के स्मार्ट शहरों की रैंकिंग में रांची ने लगाई बड़ी छलांग स्मार्ट सिटी मिशन के शहरों में रांची बना सेकंड टॉपर केंद्र द्वारा जारी आज की रैंकिंग में रांची दूसरे पायदान पर देश के 100 स्मार्ट शहरों में रांची दूसरे पायदान पर राज्यों की श्रेणी में झारखंड बना फिर नंबर वन आल ओवर परफॉर्मेंस के आधार पर मिली रैंकिंगटीम एबीएन, रांची। देश के 100 स्मार्ट शहरों में हो रहे विकास कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर होने वाली लाइव रैंकिंग में झारखंड की राजधानी रांची स्मार्ट सिटी ने बड़ी छलांग लगाई है और पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वही स्मार्ट सिटी वाले शहरों में विकास के आधार पर केंद्र द्वारा जारी संबंधित राज्यों की रैंकिंग में झारखंड को देश भर में अव्वल स्थान प्राप्त हुआ है। वैसे लगातार स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहा है कार्यों की बदौलत रांची देश के टॉप 10 शहरों में अपना स्थान सुरक्षित रखने का काम किया है। आपको बताना चाहेंगे कि रांची के धुर्वा क्षेत्र में विकसित हो रहे रांची के स्मार्ट सिटी में आधारभूत संरचना के विकास का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और बहुत जल्द बाकी का कार्य पूरा हो जाएगा। वही तीन चरणों में आवासीय,मिक्स यूज, इंस्टिट्यूशनल,हेल्थ सेक्टर और पब्लिक सेमी पब्लिक नेचर के कई बड़े प्लॉट का ए आक्शन भी संपन्न हो चुका है।चौथे चरण के आक्शन का कार्य प्रक्रियाधीन है।रैंकिंग के लिए सरकार द्वारा निर्धारित मानदंडस्मार्ट सिटी मिशन की योजनाओं के तहत हो रहे विकास कार्यों के पूर्ण होने पर मिलने वाला अंक। नन एससीएम के तहत चल रही योजनाओं के पूर्ण होने पर प्राप्त होने वाला अंक। फंड यूटिलाइजेशन। पिछले माह का एक्सपेंडिचर। इंडिया साइकिल फॉर चेंज और ट्रांसपोर्ट फॉर आॅल के लिए उठाये गये कदम। ट्यूलिप के तहत विभिन्न क्षेत्रों में पढ़ाई कर रहे बच्चों को कराए गए इंटर्नशिप । सिटी लेवल एडवाइजरी फॉर्म की बैठकों इत्यादि।रैंकिंग में प्राप्त अंकइस रैंकिंग में कुल 350 अंकों में रांची को 324.48 अंक प्राप्त हुआ है,वही प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गुजरात के शहर सूरत को 335.79 अंक प्राप्त हुआ है। राज्यों की श्रेणी में झारखंड को 350 अंकों में 324.48 अंक प्राप्त हुआ है।सीएम और विभागीय सचिव को दिया श्रेयरांची स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार ने कहा कि रांची स्मार्ट सिटी में हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता विश्व स्तरीय है और हमारी कोशिश है कि जो प्लॉट्स आक्शन किए जा रहे हैं उसे पर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू हो और हम झारखंड की जनता को बेहतर नागरिक सेवाओं के साथ एक विश्व स्तरीय शहर दे सकें। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री झारखंड श्री हेमंत सोरेन जी और नगर विकास एवं आवास विभाग के विभागीय सचिव श्री विनय कुमार चौबे सर के दिशा निर्देश में शहर का विकास कार्य तेजी से चल रहा है और आधारभूत संरचना का कार्य जल्द पूरा हो जायेगा। स्मार्ट सिटी की क्या है अद्यतन स्थितिगौरतलब है कि रांची स्मार्ट सिटी के तहत् आधारभूत संरचना विकसित करने का कार्य अंतिम चरण में है। रांची स्मार्ट सिटी के तहत विकसित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर 2021 में ही पूर्ण हो चुका है और यह योजना पूर्ण रूप से कार्य कर रही है। इसके तहत रांची में ट्रैफिक मैनेजमेंट, निगरानी जैसे कार्य से शहरवासियों को लाभ मिल रहा है। वहीं कमांड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर से प्रतिदिन लगभग तीन हजार यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों की सूची रांची पुलिस को मुहैया करायी जा रही है ताकि उनका ई-चालान निर्गत किया जा सके। इसके अलावा स्मार्ट सिटी में राज्य पोषित अर्बन सिविक टॉवर परियोजना का कार्य अपने अंतिम चरण में है। वहीं 656 एकड़ भूमि में बन रहे रांची स्मार्ट सिटी एबीडी एरिया का कार्य भी लगभग पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही पब्लिक बाईसिकल शेयरिंग सिस्टम के तहत रांची वासियों को बाईसिकल का लाभ मिल रहा है। स्मार्ट सिटी के सीईओ ने जतायी खुशी मौके पर रांची स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार ने पूरे हर्ष के साथ रांची स्मार्ट सिटी की पूरी टीम और संबंधित एजेंसियों को शुभकामनाएं देते हुए यह उम्मीद जतायह कि रांची स्मार्ट सिटी का कार्य स्मार्ट सिटी मिशन के पूर्ण होने से पहले पूर्ण कर लिया जायेगा। शहर के नागरिकों को मिल रहा लाभ उन्होंने कहा कि पैन सिटी में भी इंटेलिजेंट कमांड सेंटर की मदद से लोगों को कई मदद पहुंचाई जा रही है वहीं शहर के क्राइम कंट्रोल और ट्रैफिक के संचालन में पहले से काफी अंतर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि नॉन एससीएम प्रोजेक्ट के तहत स्मार्ट सिटी के कई इंपैक्टफुल प्रोजेक्ट राज्य सरकार की ओर से शहर को स्मार्ट बनने के लिए चलाये जा रहे हैं। श्री कुमार ने रांची स्मार्ट सिटी के पदाधिकारी, कर्मियों और पूरी टीम को इस कार्य के लिए बधाई दी।

खूंटी : सड़क हादसे में दो की मौत
Published / 2023-12-07 20:41:24
खूंटी : सड़क हादसे में दो की मौत

खूंटी के रनिया में सड़क हादसा, ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, दोनों की मौतएबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। जिले के रनिया थाना अंतर्गत रनिया मारचा मुख्य पथ पर बिसरामपुर के पास ट्रक ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे दोनों की मौत हो गयी। बाइक सवार नमजन टोपनो (30 वर्ष) तोरपा थाना क्षेत्र के गिरूम गांव का रहने वाला था, वहीं अनिल केरकेट्टा बुदु गांव का रहने वाला था। अनिल केरकेटट्टा की मौत घटनास्थल पर ही हुई, वहीं नमजान टोपनो को मौत सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। दोनों रिश्ते में जीजा-साला थे। ट्रक राउरकेला से रांची की ओर जा रहा था। बाइक सवार तुरिगरा से लोहागढ़ की ओर जा रहे थे। थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने कहा कि अत्यधिक बारिश होने की वजह से हादसा हुआ है।

सरायकेला-खरसावां में सीएम हेमंत ने खोला योजनाओं का पिटारा
Published / 2023-12-07 20:36:17
सरायकेला-खरसावां में सीएम हेमंत ने खोला योजनाओं का पिटारा

हेमंत सोरेन ने 236 करोड़ की 90 योजनाओं का शिलान्यास एवं 80 करोड़ की 142 योजनाओं का किया उद्घाटन एबीएन न्यूज नेटवर्क, सरायकेला-खरसावां। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य का कोई ऐसा कोना नहीं मिलेगा, जहां सरकार नहीं पहुंचेगी। हेमंत सोरेन ने खरसावां के सिमला पंचायत स्थित गोंडपुर मैदान में आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में कहा कि आज राज्य के गांव और पंचायत में शिविर के जरिए जरूरतमंद योजना का लाभ ले रहें हैं। सरायकेला-खरसावां के नौ प्रखंड के 132 पंचायत में भी तय समय अनुसार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा राज्य भर में लग रहे शिविर के माध्यम से आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, महिला, युवा, किसान-मजदूर और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 15 हजार किलोमीटर ग्रामीण सड़क का निर्माण होगा। बिजली, पानी और सड़क गांव गांव पहुंचाने का कार्य होगा। वर्तमान में आपकी सरकार सौ यूनिट बिजली मुफ्त उपलब्ध करवा रही है, इसका लाभ अबतक करीब 66 हजार लोगों को मिला है। वहीं सीएम ने कहा कि सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को मजबूती के उद्देश्य से शहर में निवास करने वाले लोगों को अपने घरों एवं कैम्पस पर पेड़ लगाने पर पांच यूनिट बिजली मुफ्त देने का निर्णय लिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 236 करोड़ की 90 योजनाओं का शिलान्यास एवं 80 करोड़ की 142 योजनाओं का उद्घाटन किया।

झारखंड : कारोबारी रूंगटा के घर छापा से कारोबार जगत में हड़कंप, आक्रोश
Published / 2023-12-07 20:35:15
झारखंड : कारोबारी रूंगटा के घर छापा से कारोबार जगत में हड़कंप, आक्रोश

झारखंड के बड़े कारोबारी आरसी रूंगटा के ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेडटीम एबीएन, रांची। झारखंड के बड़े कारोबारी आरसी रूंगटा के ठिकाने पर इनकम टैक्स की टीम ने गुरुवार (7 दिसंबर) को सुबह-सुबह छापेमारी की। इनकम टैक्स की टीम ने टैक्स चोरी के मामले मे रूंगटा के यहां छापे मारे हैं। सबसे पहले आयकर विभाग की टीम राजधानी रांची से सटे रामगढ़ जिले में रूंगटा के ठिकाने पर छापेमारी की। इनकम टैक्स की टीम ने आरसी रूंगटा के रामगढ़ स्थित तीन प्लांट और आवास सह कार्यालय में छापेमारी की है। रूंगटी की जिन तीन फैक्ट्रियों में छापेमारी की गई है, उनमें एक बरकाकाना के हेहल में है, दूसरा अगरडा में और तीसरा कुजू ओपी में है। रामगढ़ के पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित उनके आवास सह कार्यालय में भी आईटी की टीम पहुंची है। सुबह-सुबह भारी संख्या में सीआरपीएफ के जवानों के साथ एक साथ कई गाड़ियों में आईटी की टीम रामगढ़ पहुंची और रूंगटा के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। बताया जा रहा है कि आईटी की टीम बिहार से आई है, क्योंकि कई गाड़ियां बिहार के नंबर की है। बरकाकाना के हेहल ओपी स्थित मां छिन्नमस्तिका आयरन स्पंज एंड सीमेंट फैक्ट्री में जो टीम पहुंची है, उसकी इनोवा कार का नंबर बीआर 01 पीजी 0592 है। इसके अलावा अरगडा स्थित झारखंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड और कुजू ओपी के करमा में आलोक स्टील में भी छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। रूंगटा का आवास रामगढ़ थाना क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक के पास है, जिसमें उनका आफिस भी है।

रक्षा मंत्री को मिला तमिलनाडू में हुए नुकसान के आकलन का जिम्मा
Published / 2023-12-07 20:34:06
रक्षा मंत्री को मिला तमिलनाडू में हुए नुकसान के आकलन का जिम्मा

तमिलनाडु : रक्षा मंत्री राजनाथ चक्रवात से हुए नुकसान का आकलन करेंगेएबीएन सेंट्रल डेस्क। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चक्रवात मिचौंग के मद्देनजर अभूतपूर्व बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए शुक्रवार को चेन्नई पहुंचेंगे। तमिलनाडु में मिचौंग तूफान से सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को व्यापक नुकसान हुआ है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्री राजनाथ दोपहर में एक घंटे तक बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद उनका नुकसान और सरकार द्वारा किए गए राहत कार्यों पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मिलने का कार्यक्रम है। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा राहत कार्यों के लिए केंद्र से अंतरिम राहत की मांग करते हुए एक याचिका सौंपने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि श्री स्टालिन ने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 5,060 करोड़ रुपये की तत्काल अंतरिम राहत जारी करने की मांग की थी और उनसे नुकसान का आकलन करने के लिए एक केंद्रीय टीम नियुक्त करने का भी आग्रह किया गया था।

रांची : रफ्तार के कहर में चल बसे दो होनहार
Published / 2023-12-07 20:33:05
रांची : रफ्तार के कहर में चल बसे दो होनहार

रांची में रफ्तार ने बरपाया कहर, सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौतटीम एबीएन, रांची। रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलने पर बेड़ो थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेम्ब्रम और एएसआई अक्षय कुमार सिंह दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक युवक के जेब से एक मोबाइल बरामद किया। जिससे एक युवक की पहचान हो सकी। युवक का नाम रंथू उरांव है और वो मांडर के बंझिला का रहने वाला था। जबकि दूसरे युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने पर परिजन बेड़ो थाना पहुंचे। वहीं घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार बाइक पर सवार होकर दोनों युवक बेड़ो की ओर जा रहे थे। इसी बीच पथ पर खड़े एक ट्रेलर को उसने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से युवकों का शव और बाइक बरामद कर लिया है। वहीं आज को शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा जाएगा। इधर ग्रामीणों का कहना है कि अगर युवक ने हेलमेट पहना होता तो जान बच सकती थी। ज्ञात हो कि 29 नवंबर दिन बुधवार को दिन में इसी जगह खड़े ट्रेलर में बाइक सवार जितेश गोप की टक्कर मारने से मौत हो गई।

रांची विवि के नवनियुक्त कुलसचिव को नये दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं
Published / 2023-12-07 14:03:55
रांची विवि के नवनियुक्त कुलसचिव को नये दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं

टीम एबीएन, रांची। झारखंड अ. सहायक प्राध्यापक संघ ने बुधवार को राजधानी के विवि मुख्यालय अवस्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में रांची विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलसचिव को पौधा देकर सम्मानित किया।उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मौके पर संघ के पदाधिकारियों ने आशा एवं विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि नवनियुक्त कुलसचिव विवि एवं विवि के संस्थानों में शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने एवं विवि को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में अहम योगदान देंगे तथा साथ ही संबंधित समस्याओं का ससमय समाधान, निष्पादन एवं उचित निराकरण करेंगे।वहीं इस अवसर पर अ. सहायक प्रधायपकों के बुनियादी समस्याओं की वस्तुस्थिति से संघ के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त कुलसचिव को अवगत कराते हुए सहानुभूति पूर्वक विचार कर मानवीय दृष्टिकोण रख समस्याओं का निष्पादन की बात कही। नवनियुक्त कुलसचिव को बधाई देनेवालों अ. सहायक प्राध्यापक संघ के प्रो. अरविंद प्रसाद, डॉ. धीरज सिंह, प्रो. अमित, प्रो. विकास, प्रो आलोक उत्पल आचार्य, डॉ. अभिषेक आदि प्रमुख थे।

अजीवन व्रत धारण करना सीधे ईश्वर के प्रेम से जुड़ा है : महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो एस जे
Published / 2023-12-07 14:00:27
अजीवन व्रत धारण करना सीधे ईश्वर के प्रेम से जुड़ा है : महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो एस जे

टीम एबीएन, रांची। आज निर्मला कॉलेज, डोरंडा के सिस्टर्स ऑफ चैरिटी ऑफ मेरी एण्ड जीसस की 15 धर्मबहनों ने रांची के महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो एस जे के सम्मुख अंतिम मन्नत पूरी की।निर्मला कॉलेज, डोरंडा में रहने वाले एस सी जे एम (सिस्टर्स ऑफ चैरिटी ऑफ मेरी एण्ड जीसस) के 15 धर्मबहनों के लिए अजीवन व्रत धारण करने का धार्मिक अनुष्ठान रखा गया। इस धार्मिक अनुष्ठान का आरंभ पवित्र मिस्सा बलिदान से हुआ जिसकी अगुवाई रांची के महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो एस जे ने की। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि व्रत्तता का जीवन सीधे ईश्वर के प्रेम से जुड़ा है। अजीवन व्रत धारण करना अपने जीवन को होम बलि के रूप में अर्पित करने का प्रतीक है।अजीवन व्रत धारण करने वाले 15 धर्मबहनों के नाम इस प्रकार हैं: सिo प्रभा कुल्लु, सिo ज्योति केरकेट्टा, सिo शशि बा, सिo अंशु बागे, सिo अंजु तिर्की, सिo सोनिया टोप्पो, सिo ललिता खेरवा, सिo ललिता नागेसिया, सिo रीमा कुजुर, सिo अलका टेटे, सिo अनिमा कुजुर, सिo मगदली होरो, सिo अंजना लकड़ा, सिo सुशन्ना नायक और सिo बिनसी सांगा। रांची के महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो एस जे ने सभी 15 धर्मबहनों को बधाईयां एवं शुभकामनाएं दीं और अपनी प्रार्थनाओं का भी आश्वासन दिया। अजीवन व्रत को पवित्रता को बनाए रखने और लोगों की सेवा में ईमानदार बने रहने के लिए उन्हें प्रेरित किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाईयां दी। इस अवसर पर सिस्टर्स ऑफ चैरिटी ऑफ मेरी एण्ड जीसस की जेनरल सुपीरियर की प्रतिनिधि मेरी जोसेफ वल्यांकल, प्रोविंशियल सुपीरियर सिo सुषमा बेक, पुरोहितगण अन्य धर्मसंघ के धर्मबहनें एवं धर्मबंधुगण और विश्वासीगण मौजूद थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 120,956