लोहरदगा : सीआरपीएफ बटालियन मुख्यालय में मिलन समारोह का हुआ आयोजन समर्पण भाव से करें कार्य : कमांडेंटटीम एबीएन, लोहरदगा। सीआरपीएफ 158 बटालियन के मुख्यालय, लोहरदगा में नववर्ष 2024 के पहले दिन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आने वाला प्रत्येक नया दिन आपके जीवन में अनेकानेक सफलताएं और अपार खुशियां लेकर आयें। उक्त बातें सीआरपीएफ 158 बटालियन कमांडेंट राहुल कुमार ने कही।बटालियन कमांडेंट राहुल कुमार ने इस उपलक्ष्य में केक काटकर नववर्ष का शुभारंभ किया। बटालियन में उपस्थित अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को नववर्ष के शुभकामनाएं दी।मौके पर कहा गया कि आपको और आपके परिवार को वैभव, ऐश्वर्य, उन्नति, प्रगति, आदर्श, स्वास्थ्य, प्रसिद्धि और समृद्धि के साथ-साथ आजीवन आपको जीवन पथ पर गतिमान रखें। इसी क्रम में बटालियन परिसर में चौपाल का भी आयोजन किया गया। इसमें बटालियन कमांडेंट राहुल कुमार समस्त अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया। इस दौरान कमांडेंट ने अपने आसपास के क्षेत्र में अमन-शांति और सौहार्दपूर्ण संबंधों को बनाये रखने बल दिया। सभी से राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने के बारे में बताया।सीआरपीएफ बटालियन मुख्यालय परिसर के आसपास के क्षेत्रों की साफ सफाई करने, समय-समय पर वृक्षारोपण करने के लिए भी जवानों को जागरूक और प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त कमांडेंट राहुल कुमार ने 158 बटालियन की तरफ से लोहरदगा के समस्त नागरिकों को भी नववर्ष की शुभकामनाएं दी।
पर्यटकों के सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारीटीम एबीएन, कोडरमा। उपायुक्त मेघा भारद्वाज द्वारा चंदवारा प्रखंड के उरांव पंचायत अंतर्गत तिलैया डैम का भ्रमण किया गया। उपायुक्त ने तिलैया डैम में पिकनिक मनाने व घूमने आने वाले लोगों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने तिलैया डैम में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि तिलैया डैम में पिकनिक मनाने व घूमने आने वाले लोगों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था देंगे। डैम में वोटिंग करने वाले को लाइफ जैकेट के साथ वोटिंग कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी नाविकों को आईडी कार्ड देने को कहा गया। साथ ही वोटिंग के समय तैराकों की भी नाव में रहने को कहा गया। उपायुक्त ने तिलैया डैम में बने टीकट काउंटर और अन्य भवनों के बारे में जानकारी ली। इसके अतिरिक्त उपायुक्त महोदया ने तिलैया डैम में रिसोर्ट बनाने से संबंधित प्रस्ताव को लेकर स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त ऋतुराज, अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदवारा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार व अन्य मौजूद थे।
बिहार से कोडरमा घूमने आये थे जीन दोस्तटीम एबीएन, कोडरमा। बिहार के समस्तीपुर से कोडरमा घूमने आये जीन युवकों में विनीत कुमार उर्फ बिट्टू, पिता गणेश कुमार झा गझंडी के वृंदाहा फॉल से लापता हो गया है। उसकी उम्र 25 साल बतायी जा रही है। वह मैनेजमेंट का छात्र बताया जाता है। इसके पहले भी पिछले जून में वृंदाहा फॉल से तीन युवकों के लापता होने की सूचना थी। इस बारे में मिलीजानकारी के अनुसार तीनों युवकों में चंदन कुमार, पिता सुभाष कुमार झा, विनीत कुमार उर्फ बिट्टू, पिता गणेश कुमार झा,अभिषेक उर्फ गोलू पिता राम विनोद झा तीनों युवक ट्रेन से कोडरमा आये। यहां से टोटो लेकर तीनों तिलैया डैम घूमने गये।वहीं से लौटने के बाद कोडरमा रेलवे स्टेशन में संचालित सुलभ शैचालय में कार्यरत अपने किसी जानकार से मिलकर उनका बाइक लिया और गूगल मैप के सहारे तीनों गझंडी के घले जंगल में स्थित वृंदाहा फॉल घूमने गये। तीनों की उम्र 24 से 25 साल बतायी जा रही है। विनीत के दोनों मित्रों से मिली जानकारी के अनुसार तीनों 31 दिसंबर की शाम में वृंदाहा फॉग गये थे। वहां जाकर वे सो गये। रात आठ बजे जब नींद खुली तो विनीत गायब मिला। आसपास और जंगलों में खोजने के बाद जब विनीत का कोई पता नहीं चला तो उन दोनों ने एक जनवरी को तिलैया थाना में विनीत के लापता होने की यूचना दी। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। लापता विनीत चंदन का ममेरा भाई था। विनीत के गायब होने के बाद सिर्फ उसके चप्पल का पता चला है। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह फॉल में डूब गया होगा। चंदन के अनुसार विनीत कुमार होटल मैनजमेंट कर रहा था।
बोकारो में बनेगा पूर्वी भारत का सबसे बड़ा एथेनॉल प्लांटटीम एबीएन, बोकारो। बोकारो के औद्योगिक क्षेत्र में पूर्वी भारत का सबसे बड़ा एथेनॉल प्लांट लगेगा। यहां बोकारो स्प्रिट एंड एलायड इंडस्ट्री और ईस्टर्न इंडिया सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड दो प्लांट लगायेगा। इस पर 442 करोड़ रुपये की लागत आयेगी। दोनों प्लांट के लिए झारखंड औद्योगिक राज्य विकास प्राधिकरण (जियाडा) ने मंजूरी दे दी है। यही नहीं, प्लांट के लिए बियाडा औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 में 24 एकड़ जमीन की स्वीकृति भी दे दी गयी है। इन दोनों प्लांट से रोजाना 2.90 लाख लीटर एथेनॉल का उत्पादन होगा। बोकारो स्प्रिट एंड एलायड इंडस्ट्री प्लांट के निर्माण पर 300 करोड़ का निवेश करेगी। वहीं ईस्टर्न इंडिया सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड 142 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। दोनों प्लांट को अग्नि शमन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी मिल चुका है। प्लांट चलाने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम और डीवीसी से बिजली देने का विकल्प दिया गया है। इस प्लांट से पूरे देश में एथेनॉल की सप्लाई की जायेगी। दोनों प्लांट शुरू होने से करीब 2500 लोगों को रोजगार मिलेगा। केंद्रीय ग्राउंड वाटर अथॉरिटी से इन प्लांटों के लिए अंडरग्राउंड पानी के दोहन की एनओसी मिल गयी है। वहीं झारखंड सरकार से फैक्ट्री लाइसेंस ओर सीटीई से एजेंसी को काम शुरू करने की स्वीकृति भी दी गयी है। इन दोनों प्लांट में करीब 2500 मजदूरों की जरूरत होगी। इसके अलावा सैकड़ों लोगों को अस्थायी तौर पर ड्राइवर आदि का काम मिलेगा। यहां काम करने वाले मजदूरों को स्वास्थ्य सुविधा भी दी जायेगी।
देवघर : नववर्ष के लिए बाबा मंदिर सज-धज कर तैयार, दो लाख लोगों की भीड़ का अनुमानएबीएन न्यूज नेटवर्क देवघर। वर्ष के पहले दिन बाबा मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। लोग बाबा बैद्यनाथ की पूजा कर नववर्ष की शुरुआत करने को तैयार है। वहीं रविवार को बाबा मंदिर सज-धज कर तैयार है। इधर, नववर्ष से पहले रविवार को सुबह से लेकर शाम पांच बजे पट बंद होने तक मंदिर में भक्तों की कतार लगी रही। नववर्ष के अवसर पर इस बार दो लाख भक्तों के बाबा मंदिर पहुंचने का अनुमान है। इसे लेकर मंदिर व जिला प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर ली गयी है। बाबा मंदिर परिसर से लेकर कतार के अंतिम छाेर समेत चौक-चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस बल व दंडाधिकारी के अलावा पुलिस के वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। इस दिन शीघ्रदर्शनम कूपन का दर पांच सौ रुपये रहेगा तथा कूपन काउंटर खाेलने के समय भी एक घंटे पहले कर दिया गया है। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए रविवार को किसी तरह की वीवीआइपी पूजा तथा आउट आफ टर्न पूजा पर भी रोक रहेगी। इस संबंध में डीसी सह बाबा मंदिर प्रशासक विशाल सागर ने आदेश कर दिये हैं।रात के 10 बजे से ही लगने लगी कतारबाबा मंदिर का पट अहले सुबह तीन बजे खुलने के बाद कांचा जल पूजा के उपरांत बाबा मंदिर महंत सरदार पंडा श्रीश्री गुलाब नंद ओझा स्वयं सरदारी पूजा करेंगे। इसके बाद सुबह चार बजे से आम भक्तों के लिए जलार्पण शुरू किया जायेगा। नववर्ष का पहला दिन इस बार संयोगों से भरा है। नया साल होने के साथ-साथ महादेव का प्रिय दिन सोमवार भी है। नववर्ष के पहले दिन बाबा पर जलार्पण के लिए भक्त रविवार रात 10 बजे से ही पंडित शिवराम झा चौक पर कतारबद्ध होते दिखे। हर साल की तरह इस साल भी सामान्य कतार व शीघ्रदर्शनम कूपन के माध्यम से पूजा कराने की व्यवस्था की गयी है।रोटेशन पर मिलेगा कूपनबाबा मंदिर से मिली जानकारी के अनुसार, नववर्ष पर एक घंटा पहले यानी सुबह पांच बजे से ही शीघ्रदर्शनम काउंटर को कूपन की बिक्री के लिए खोल दिया जायेगा। हर घंटे 1500 कूपन जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।साथ ही भीड़ को देखते हुए कूपन जारी करने पर निर्णय लिया जायेगा। अगर इस रास्ते में भीड़ अधिक हो जायेगी, तो सुविधा के अनुसार कूपन जारी करने पर कुछ देर के लिए रोक लगायी जायेगी। वहीं मंदिर खुले रहने तक कूपन जारी किया जायेगा।
आज बंद रहेगा जुबिली पार्क गेटटीम एबीएन, जमशेदपुर। नववर्ष के पहले दिन जुबिली पार्क का गेट बंद रहेगा। नववर्ष के पहले दिन बड़ी संख्या में सैलानी पार्क में पहुंचते हैं। इसको देखते हुए पार्क के गेट को बंद करने का निर्णय लिया गया है। सैलानियों को पार्क गेट के बाहर की वाहनों की पार्किंग करनी होगी। जुबली पार्क के साकची छोर वाले गेट के बायीं ओर रवींद्र भवन की तरफ सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।सोनारी की ओर से आने वाले को-ऑपरेटिव कॉलेज रोड, बिष्टुपुर स्टेट माइल रोड से आने वाले लोग सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल के आगे वाहनों की पार्किंग कर सकेंगे। जिला पुलिस के अलावा टाटा स्टील यूएसआइएल (जुस्को) की ओर से भी जुबिली पार्क में अतिरिक्त प्राइवेट सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती की गयी है।
साल के पहले दिन जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, छह लोगों की मौतएबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। नये साल की सुबह सुबह जमशेदपुर में भीषण हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों को मौत हो गयी, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल है।घायल का इलाज टाटा मेन अस्पताल में चल रहा है। हादसा बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि आरआईटी थाना क्षेत्र से कुछ लोग एक कार में सवार होकर पिकनिक मनाने निकले थे। उनकी कार बिष्टुपुर सर्किट हाउस गोलचक्कर के पास अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिससे मौके पर ही कार सवार पांच लोगों की मौत हो गयी। जबकि एक शख्स ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सभी जिला वासियों से अपील की है कि पिकनिक स्पॉट, वाटरफॉल में जा कर पूरा अनुशासन का परिचय दें : उपायुक्तशहर के ऐसे इलाके जहां पूर्व में कोई घटना घटी है, वैसे इलाकों में जिला प्रशासन की रहेगी पैनी नजरटीम एबीएन, रांची। उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा ने सभी जिलावासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि नया वर्ष हम सभी के लोगों के लिए सुख-शांति का संदेश लेकर लाये, यही कामना रहेगी। नववर्ष की शुरुआत इसी सौहार्द वातावरण में करें। उपायुक्त ने सभी जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि नववर्ष में लोग अपने घर से घूमने पिकनिक मनाने जाते है, क्यों की रांची जिला में एक से एक नैसर्गिक सुंदरता, अद्भुत यहां के नजारे है, जिसे सभी अपने प्रियजन, दोस्त, परिवार के साथ देखने निकलते हैं। उपायुक्त रांची, ने सभी से अनुरोध करते हुए कहा कि इन जगहों पर जाकर अनुशासन का परिचय दें। जिससे कोई अप्रिय घटना नही घटे। वहां जा कर स्वच्छता का भी ख्याल रखें ताकि ये टूरिस्ट पॉइंट स्वच्छ रहें। जिला प्रशासन की तरफ से रांची जिला के सारें टूरिस्ट पॉइंट पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की नियुक्तिउपायुक्त श्री सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन की तरफ से सारें टूरिस्ट पॉइंट पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की नियुक्ति पर्याप्त संख्या में रहेगी। ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना नही घटे। शहर में ऐसे इलाके जहां पूर्व में कोई घटना घटी है, वैसे इलाकों में जिला प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा ने सभी सम्बंधित अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा की शहर में ऐसे इलाके जहां पूर्व में कोई घटना-दुर्घटना घटी है, वहां जिला प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। जो भी आवश्यक दिशा-निर्देश पुलिस प्रशासन को देना आवश्यक रहेगा वह जरूर रहेगा।
जेबीकेएसएस का 2023 आंदोलन का साल रहा 2024 सरकार बनाने का साल होगा टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 31/12/23 को झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति सिल्ली विधानसभा के बैनर तले 2023 में किये गये कार्यों की समीक्षा की गयी। जिसमें 2024 की रणनीति, बूथ स्तरीय संगठन मजबूत कर स्थानीय जवलंत समस्या के समाधान पर रणनीति को लेकर महातीर्थ त्रिसंगम सतीघाट मैदान में मंथन मिलन समारोह किया गया।मौके पर जेबीकेएसएस के क्रांतिकारी देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि मंथन मिलन से सैकड़ों लोगों का विचार विमर्श लिया गया। जिसमें सर्वसम्मति से निष्कर्ष निकाला गया कि जेबीकेएसएस के लिए 2023 आंदोलन का साल रहा। विधायक-सांसद से लिखित समर्थन लेकर भारत के आंदोलन में एक नया अध्याय जोड़ा। हाट बाजार में सखुआ पत्ता घुमाकर सिदो-कान्हू का अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन को दोहराया। लगातार दो दिन बंद करके झारखंड आंदोलन के इतिहास को दोहराया। विधानसभा घेराव हो या मुख्यमंत्री आवास का घेराव सबको ऐतिहासिक बनाया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि सर्वसम्मति 2024 में चुनावी विजयी साल को सफल बनाने के लिए निम्न रणनीति बनायी गयी :सिल्ली विधानसभा के प्रत्येक पंचायत के सभी घर की माताओं से अपने साड़ी के आंचल के टुकड़ा में एक मुट्ठी चावल और एक-दो रुपये का सिक्का लेकर जनजागरण कार्यक्रम करके कमेटी का विस्तार किया जायेगा। सिल्ली विस क्षेत्र की सभी 48 पंचायतों में कमेटी विस्तार कर लगभग सभी 1.54 लाख वोटरों में प्रत्येक 11 वोटर पर एक प्रभारी नियुक्त किया जायेगा। रांची जिला सभी कॉलेज यूनिवर्सिटी में टुसू पर्व, करम पर्व, सरहुल इत्यादि स्थानीय पर्व मनाने के लिए आवेदन दिया जायेगा। महातीर्थ त्रिसंगम ए२तिहासिक सतीघाट मेला स्थल को पर्यटक स्थल बनाया जायेगा। हाथी के आतंक से क्षेत्र को मुक्त करने के लिए रांची तक आंदोलन किया जायेगा। अवैध बालू खनन और ढुलाई रोकने के लिए बड़ा आंदोलन किया जायेगा। आने वाले वर्ष 2024 के एक साल के कार्यों की समीक्षा तथा 2025 की रणनीति को लेकर आगामी 31 दिसंबर 2024 को पुन: मंथन मिलन समारोह किया जायेगा। सिल्ली विधानसभा के सभी पांचों कार्यालय को सुचारू ढंग से चलाया जायेगा। सिल्ली, सोनाहातु, राहे प्रखंड मुख्यालय में प्रत्येक 15 दिनों में समस्या समाधान शिविर लगाया जायेगा। सिल्ली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत किये गये कार्यों की समीक्षा प्रत्येक महीने की जायेगी।कार्यक्रम को सफल बनाने में अजीत कुमार, हरेंद्र, लक्की रामू राज, गणेश, राजेंद्र, मनोज, राजेश, मुकेश, राकेश, खुदीराम, अजय संजीव समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.