Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

झारखंड

View All
झारखंड : चौथी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन
Published / 2024-11-28 20:28:48
झारखंड : चौथी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन चौथी बार बने सीएम, झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथटीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में हेमंत सोरेन सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने हेमंत सोरेन को झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलायी। उन्होंने चौथी बार सीएम पद की शपथ ली। इस मौके पर मंच पर हेमंत सोरेन के पिता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन, मां रूपी सोरेन, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई दिग्गज मौजूद रहे। आज गुरुवार को हेमंत सोरेन ने फिर झारखंड की बागडोर संभाल ली। राज्य में फिर हेमंत सोरेन की सरकार है। शपथ ग्रहण समारोह में सिर्फ उन्होंने ही मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। हालांकि पहले कांग्रेस और राजद कोटे से एक-एक मंत्री के शपथ लेने की चर्चा थी, लेकिन इंडिया गठबंधन में इस पर कोई निर्णय नहीं हो सका था। यही वजह रही कि हेमंत सोरेन ने अकेले ही शपथ ली। अबुआ सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होनेवाले नेताओं को राजकीय अतिथि का दर्जा प्राप्त था। देश के विभिन्न राज्यों से अतिथि रांची पहुंचे। कांग्रेस, राजद और भाकपा माले के वरिष्ठ नेता समारोह में शामिल हुए। हेमंत सोरेन सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदय स्टालिन, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन, कल्पना सोरेन, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, लोकसभा सांसद पप्पू यादव, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा समेत सहित कई दिग्गज मौजूद थे।

रांची : सड़क हादसे में रांची पुलिस का जवान गंभीर
Published / 2024-11-28 20:27:43
रांची : सड़क हादसे में रांची पुलिस का जवान गंभीर

टीम एबीएन, रांची। रांची-खूंटी मुख्य मार्ग स्थित दसमाईल चौक के समीप भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में रांची पुलिस का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। जवान की पहचान खूंटी थाना क्षेत्र के अजय भेंगरा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार जवान अजय भेंगरा रांची से खूंटी जा रहा था, इसी दौरान एक आटो खूंटी की तरफ जा रहा था। ओवरटेक के दौरान बाइक सवार जवान आॅटो में जोरदार टक्कर मार दी। जिसके चलते विपरीत दिशा से आ रहा चिप्स से लदे हाइवा के नीचे फंस गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे और घायल को तुपुदाना स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि जवान अजय भेंगरा का एक पैर पूरी तरह से डैमेज हो गया और शरीर पर कई जगहों पर गंभीर चोटें आयी है। सूचना पर खरसीदाग थाना प्रभारी भावेश भारती दल बल के साथ पहुंचे और टेंपो, हाइवा और बाइक को जब्त कर थाने ले गये। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में पता चला कि घायल युवक रांची पुलिस का जवान है, जो खूंटी जिले का निवासी है। उन्होंने बताया कि जवान का इलाज चल रहा है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गयी है।

हेमंत 2.0 : हेमंत की पहली कैबिनेट में 8 फैसले
Published / 2024-11-28 20:22:16
हेमंत 2.0 : हेमंत की पहली कैबिनेट में 8 फैसले

दिसंबर से मंईयां सम्मान के लाभुकों को मिलेंगे 2500 रुपयेटीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद हेमंत सोरेन ने कैबिनेट की बैठक की। इसमें 8 फैसलों पर मुहर लगायी गयी। गुरुवार (28 नवंबर) को हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक मंत्रिपरिषद की बैठक में दिसंबर 2024 से झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को 2500 रुपये प्रति माह भुगतान सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

 रांची में ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद
Published / 2024-11-28 11:49:54
रांची में ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद

टीम एबीएन, रांची। रांची में शपथग्रहण को लेकर सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर (कांके रोड), चांदनी चौक (कांके रोड) के बीच, पिस्का मोड़ से न्यू मार्केट के बीच, एसएसपी आवास से रेडियम चौक के बीच, ऑटो और ई-रिक्शा का प्रवेश और परिचालन बंद रहेगा।      शपथग्रहण को देखते हुए रांची में बड़े वाहनों को एंट्री पर रोक लगा दी गई है। रात 10 बजे तक गाड़ियों के आने पर पाबंदी है। इस दौरान कार्यक्रम में भाग लेने वाली गाड़ियों को ही प्रवेश की इजाजत दी गई है। वहीं छोटे-बड़े मालवाहक गाड़ियों के प्रवेश की भी मनाही है।

झारखंड : ऐतिहासिक होगा कल सीएम हेमंत सोरेन का शपथ ग्रहण समारोह
Published / 2024-11-27 21:05:06
झारखंड : ऐतिहासिक होगा कल सीएम हेमंत सोरेन का शपथ ग्रहण समारोह

कल होने वाले अबुआ सरकार के शपथ ग्रहण समरोह कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया तथा उपस्थित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये टीम एबीएन, रांची। हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से अतिथि रांची पहुंचेंगे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन और आप पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शपथ ग्रहण समारोह में आने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। राज्य सरकार ने इन सभी गणमान्य लोगों को राजकीय अतिथि घोषित किया है। मंत्रिमंडल समन्वय विभाग ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है। सभी अतिथि 28 नवंबर को रांची आयेंगे और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर उसी दिन लौट जायेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस, राजद और माले के वरीय नेताओं का पहुंचना भी संभावित है। हालांकि, अब तक उनकी स्वीकृति राज्य सरकार को प्राप्त नहीं हुई है।

लातेहार : बूढ़ापहाड़ के कुख्यात माओवादी कमांडर छोटू खरवार की हत्या
Published / 2024-11-27 21:02:29
लातेहार : बूढ़ापहाड़ के कुख्यात माओवादी कमांडर छोटू खरवार की हत्या

मामले की जांच में जुटी पुलिसएबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भीमपांव जंगल के पास माओवादी कमांडर छोटू खरवार की हत्या कर दी गयी। पलामू डीआईजी वाई एस रमेश ने इसकी पुष्टि की है। डीआईजी का कहना है कि आपसी विवाद में माओवादी छोटू खरवार की हत्या हुई है। हालांकि पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही हत्या का कारण साफ हो पायेगा।दरअसल, कुछ दिनों से माओवादियों के बीच आपसी रंजिश चल रही थी। बताया जाता है कि मंगलवार की रात समझौते के लिए माओवादी नक्सली भीमपाव जंगल में इकट्ठा हुए थे। इसी बीच विवाद बढ़ गया और माओवादी एक-दूसरे से उलझ गये। इस दौरान एक माओवादी ने छोटू खरवार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद मृतक के शव को जंगल में छोड़कर अन्य नक्सली मौके पर से फरार हो गये। इस संबंध में पलामू डीआईजी वाई एस रमेश ने बताया कि जंगल में जो बॉडी मिली है, वह माओवादी छोटू खरवार की ही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्पष्ट जानकारी हो पायेगी।

दादा सोबरन मांझी को सीएम हेमंत ने किया नमन...
Published / 2024-11-27 21:01:50
दादा सोबरन मांझी को सीएम हेमंत ने किया नमन...

टीम एबीएन, रांची। पूज्यनीय दादाजी अमर वीर शहीद मास्टर सोबरन मांझी जी के शहादत दिवस पर शत-शत नमन। आज नेमरा में पूज्यनीय दादाजी अमर वीर शहीद मास्टर सोबरन मांझी के शहादत दिवस पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। झारखंडियों ने सदियों से शोषण और दमन के खिलाफ संघर्ष किया है, लड़ाई लड़ी है। हमारे वीर पुरखों ने हमें हमेशा हक-अधिकार के लिए लड़ने का जज्बा दिया। शोषण और दमन तथा महाजनी कुप्रथा के खिलाफ पूज्यनीय दादाजी के संघर्ष को आदरणीय बाबा दिशोम गुरुजी ने आंदोलन के साथ आगे बढ़ाया।पूज्यनीय दादाजी एक कुशल शिक्षक थे, उनका मानना था कि शिक्षा से ही समाज में क्रांति आ सकती है, एक समृद्ध समाज के लिए शिक्षित होना बहुत जरूरी है। शोषकों के खिलाफ संघर्ष करते हुए भी शिक्षा की अलख जलाते हुए पूज्यनीय दादाजी ने शोषित और वंचित समाज को शिक्षित करने का अपना महाअभियान जारी रखा। हमारे वीर पुरुखों और पूज्यनीय दादाजी के संघर्षों से प्रेरणा लेकर उनके सपनों को पूरा करने में मैं प्रयास कर रहा हूं।

बिरसा मुंडा का वंशज सड़क हादसे में घायल
Published / 2024-11-27 21:00:47
बिरसा मुंडा का वंशज सड़क हादसे में घायल

हेमंत सोरेन ने दिया बेहतर चिकित्सा मुहैया कराने का निर्देशटीम एबीएन, रांची। आदिवासियों के महानायक बिरसा मुंडा के वंशजों में से एक सदस्य सड़क हादसे में जख्मी हो गये हैं। कार्यवाहक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीते मंगलवार को खूंटी जिले के प्रशासन को उन्हें बेहतरीन चिकित्सा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस ने बताया कि वंशज की पहचान मंगल मुंडा के रूप में हुई है। उसने बताया कि खूंटी जिले के साइको थाना क्षेत्र में पीडिहातु मोड़ के निकट सोमवार शाम को एक यात्री वाहन की छत से गिरने के बाद उसके सिर में चोटें आयीं। खूंटी के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि वाहन के पीड़िहातु मोड़ पर मुड़ने के दौरान एक वाहन की छत से 2 लोग गिर गये। मुंडा को खूंटी के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे व्यक्ति को मामूली चोट आयी है। अधिकारी ने बताया कि मंगल को बेहतर इलाज के लिए रांची राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया। खूंटी के उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री को सूचित किया कि खूंटी के सिविल सर्जन के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम गठित की गयी और चिकित्सा पेशेवरों को रांची स्थित रिम्स भेजा गया है, ताकि पीड़ित को बेहतर इलाज दिया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता हुई तो चिकित्सकों की सलाह पर एयर एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की जा सकती है। आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मंगल मुंडा की हालत अभी स्थिर है।

दुर्घटना पीड़ित धरती आबा के वंशज से मिले सीएम हेमंत और कल्पना
Published / 2024-11-27 20:58:58
दुर्घटना पीड़ित धरती आबा के वंशज से मिले सीएम हेमंत और कल्पना

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने रिम्स के ट्रामा सेंटर एंड सेंट्रल इमरजेंसी में भर्ती धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा के स्वास्थ्य को लेकर उनके परिजनों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उनके चल रहे उपचार से संबंधित जानकारी प्राप्त की और बेहतर इलाज के साथ सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। विदित हो कि 25 नवंबर की रात्रि में भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा खूंटी में सड़क दुर्घटना में घायल हो गये थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 85,563