एबीएन न्यूज नेटवर्क, तमाड़। शहर में तीन अपराधियों ने दिनदहाड़े पांच लाख रुपये लूट लिये। लूट की वारदात को एसबीआई के सीएससी संचालक के तमाड़ सेंटर पर अंजाम दिया गया है। सीएससी संचालक शिवचरण महतो ने बताया कि वह हर दिन की तरह बुधवार को सेंटर खोल कर अंदर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधी उनके सेंटर में आ धमके और आते ही उन्होंने सबसे पहले सेंटर का दरवाजा बंद कर दिया। फिर उनके साथ मारपीट करते हुए काउंटर में रखे करीब पांच लाख रुपये लूट लिये और मौके से फरार हो गये। शिवचरण ने बताया कि अपराधियों के भागने के बाद वह तुरंत तमाड़ थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की पूरी जानकारी दी, हालांकि जब तक पुलिस की टीम मौके पर पहुंचती तीनों अपराधी फरार हो चुके थे। मामले में शिवचरण के बयान पर एफआईआर दर्ज की गयी है। लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश कर रही है। इसके अलावा रांची-टाटा रोड से गुजरने वाली सभी सड़कों पर चेकपोस्ट स्थापित कर तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। रांची के ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने सीएससी में लूट की वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी मिलने पर पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)।अवैध परिवहन को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने वाहनों का सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान अवैध परिवहन करते 8 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त 5 वाहनों को पण्डवा थाना एवं 3 वाहनों को टीओपी 2 थाना को सौंपा गया। वाहन को संबंधित थाना परिसर में ही रखा गया है । इन ओवरलोड वाहनों पर गिट्टी /पत्थर एवं अन्य मैटेरियल लोड थे।जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया गया कि यह अभियान व्यवसायिक वाहनों द्वारा अवैध रूप से किए जा रहे परिवहन के विरूद्ध चलाया जा रहा है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। जांच अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ उनके कार्यालय कर्मी शामिल रहे।
टीम एबीएन, रांची। डी ए वी पब्लिक स्कूल सीसीएल गांधीनगर में युगपुरुष महर्षि दयानंद की 201वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा सह यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों के साथ शिक्षक भी सम्मिलित हुए। श्री निराकार आचार्य ने महर्षि के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र और समाज के लिए कुछ लोग ही अपने जीवन को समर्पित कर देते हैं।इन कुछ लोगों में महर्षि दयानंद का स्थान अन्यतम है। पाखंड, कुरीतियों, छुआछूत आदि से भारत वर्षों से त्रस्त था और ऊपर से गुलामी का दंश भी झेल रहा था। ऐसी विषम परिस्थिति में भारत की पवित्र भूमि पर एक युग पुरुष का अवतरण हुआ था। इन्होंने समाज को सत्य का आईना दिखाया था।विद्यालय के वरीय शिक्षक वैद्यनाथ मिश्र ने छात्रों को संबोधित करते हुए राष्ट्र उत्थान में ऋषि के प्रयासों की चर्चा की। इस अवसर पर उनके चित्र पर छात्रों एवं शिक्षकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्णचंद्र आर्य, के नलिनी, सोमा घटक, कविता मुखर्जी, गोविंद झा, कौशल कुमार आदि की भूमिका रही।
टीम एबीएन, रांची। मंगलवार को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त प्रकट करते हुए कहा है कि नीड बेस्ट लेक्चरर नियुक्ति पर रोक स्वागत योग्य है उन्होंने कहा कि इस नियुक्ति में झारखंडी अभ्यर्थी को प्राथमिकता न देते हुए दूसरे राज्य के लोगों को प्राथमिकता देने का काम विश्विद्यालय द्वारा किया जा रहा था। आजसू शुरू से ही इसको लेकर विरोध दर्ज कर कुलपति को ज्ञापन के माध्यम से राज्य सरकार और उच्च शिक्षा विभाग को इसपर रोक लगाने एवं झारखंडी अभ्यर्थी को प्राथमिकता देने की बात कर रही थी। आज उच्च शिक्षा विभाग द्वारा ये निर्णय स्वागत योग्य है आजसू इसका समर्थन करती है और उच्च शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त करती है। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी।
समाज की बेहतरी व उत्थान के लिए शिक्षा आवश्यक : चमरा लिंडा, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग कलचर आदिवासियों की पहचान, इसे बढ़ायें आगे परिसंपत्तियों का किया गया वितरण दुबियाखांड़ में दो दिवसीय राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला शुरू, माननीय मंत्री ने किया शिरकत एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। वित्त, वाणिज्यकर, योजना एवं विकास व संसदीय कार्य विभाग के माननीय मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि समाज के हर वर्ग आगे बढ़े। आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी, अल्पसंख्यक समाज का भी उत्थान हो। इसके लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासी समाज का साक्षरता दर 52% है, जो राष्ट्रीय औसत से नीचे है। ऐसे में शिक्षा सभी के लिए आवश्यक है। शिक्षित होने से आदिवासियों के बच्चे विधानसभा एवं लोकसभा के सदस्य बनेंगे। इससे गर्व की अनुभूति होगी। उन्होंने हर वर्ग-समुदाय के शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एकजुट रहेंगे, तो आगे बढ़ेंगे। मंत्री पलामू के दुबियाखांड़ में आयोजित दो दिवसीय राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला पलामू जिला प्रशासन व मेला आयोजन समिति के समन्वय से प्रतिवर्ष 11 एवं 12 फरवरी को आयोजित होता है। मेले में लगायें गये विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसके पूर्व माननीय मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने राजा मेदिनीराय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से यह मेला पलामू प्रमंडल स्तर का होगा। इसमें तीनों जिले पलामू, लातेहार व गढ़वा जिले के आदिवासी समाज भाग लेंगे, इसके लिए सरकार के स्तर पर तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों की अपनी संस्कृति है। इसे बचाकर रखने की आवश्यकता है। आदिवासियों की आत्मा नदियों के किनारे बसती है। मांदर की थाप पर बसती है। प्रकृति में बसती है। आदिवासी समाज प्रकृति के धरोहर हैं। यह समाज आगे बढे़ता, तो पूरा समाज समृद्धशाली बन सकेगा। आदिवासी समाज प्रकृति/वशुंधरा का खजाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से संपन्न व्यक्ति भी आदिवासी संस्कृति, रहन-सहन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महानगरों की स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि महानगरों में रहने वाले लोग की स्वास्थ्य प्रतिकूल हो रहे हैं और हमलोग आज भी बहुत सुरक्षित वातावरण में रहते हैं। ऐसे में पुरानी परंपरा, जंगलों में रहने की प्रवृत्ति को मत छोड़ने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना के लाभ से लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सम्मान राशि से महिलाएं अपनी जरूरतों को पूरा कर रही हैं। साथ-ही-साथ बच्चों को पढाई में खर्च कर उन्हें आगे बढ़ा रहीं हैं। उन्होंने कहा कि राजा मेदिनीराय का पलामू किला पूरे पलामू प्रमंडल व राज्य के लोगों के लिए धरोहर है। इसका संपूर्ण विकास होगा। इसके लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। वहीं केचकी रिट्रीट, मलय डैम, आदिवासियों के क्षेत्र में पर्यटक स्टे होम का निर्माण कार्य की दिशा में सरकार ने कदम बढ़ा दी है। इससे आदिवासी क्षेत्रों का विकास होगा। साथ ही रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि आदिवासी गांव में शिक्षा के स्तर, पशुपालन, पेयजल की दशा का आकलन किया जा रहा है। आदिवासी गांव में बैंक के द्वारा ऋण उपलब्ध कराये जाने की भी समीक्षा होगी। शिक्षा से समाज में आती है जागरूकता अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के माननीय मंत्री ने चमरा लिंडा ने कहा कि समाज की बेहतरी व उत्थान के लिए शिक्षा आवश्यक है। विकास के लिए समाज को एकजुट रहना भी महत्वपूर्ण है। शिक्षा से समाज में जागरूकता आती है और विकसित समाज का सपना साकार होता है। सरकार आदिवासियों सहित समाज के हर वर्ग के उत्थान की दिशा में कार्य कर रही है। राजा मेदिनीराय ने विकसित समाज निर्माण का कार्य किया। एकजुटता पर बल दिया। आदिवासी समाज भी एकजुटता में कमी नहीं आने दें। एकता व दृढ़ता के साथ रहने से अधिकार खुद मिल जायेगा। समाज को आगे बढ़ाने की सोच रखनी होगी। उन्होंने कहा कि कलचर आदिवासियों की पहचान है। उन्हें यह विरासत में मिली है। इसे और आगे बढ़ाएं। उन्होंने मेदिनीराय की यादें एवं उनकी संस्कृति को वापस लाने की दिशा मेंं कार्य करने की बातें कही। उन्होंने सरकार की मंईयां सम्मान योजना के बारे में कहा कि इस योजना की राशि से महिलाओं को अपने बच्चों को शिक्षित करने में मदद मिल रही है। सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर आगे बढ़ाने हेतु प्रेरित किया। मेला को भव्यता प्रदान करें : रामचंद्र सिंंह मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने मेला को और भव्यता प्रदान करने की बातें कही। उन्होंने कहा कि मेला राज्य स्तर पर हो, और इसके माध्यम से और अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए। चेरो राजवंश को याद दिलाता है मेला पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि दो दशकों से लगातार मेला का आयोजन होता है, जो चेरो राजवंश को याद दिलाता है। राजा मेदिनीराय की याद में आयोजित इस मेले में सरकार के विभागों के स्टॉल लगाये जाते हैं। योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जाता है। मेला के माध्यम से योजना के बारे में जानकारी मिलती है। यहां मंईया सम्मान योजना संचालित है, जिसे दूसरे राज्य भी अपना रहे हैं। उन्होंने जल संग्रहण के दिशा में ध्यान आकृष्ट कराया। कहा कि पानी जो बहकर दूसरे राज्यों में चला जाता है, उसे संग्रहण करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। मेला आयोजन के लिए सजगता से कार्य करती है सरकार जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंंह ने कहा कि प्रतिवर्ष आयोजित इस मेले के लिए सरकार सजगता से कार्य करते रही है। पलामू जिला प्रशासन सक्रियता से इस मेला को सफल बनाने में जी-जान से मेहनत करते हैं। आयोजन समिति भी अपनी मेला के सफल संचालन में पूरे उत्साह के साथ कार्य करती है। जिला प्रशासन व आयोजन समिति के समन्वय से लगता है मेला इसके पूर्व मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी विकास मेला का शुभारंभ 1990 में हुआ है। यह मेला राजा मेदिनीराय की याद में लगता है। यह मेला जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति के समन्वय से लगते रहा है। उन्होंने राजा मेदिनीराय की यादों को ताजा करते हुए कहा कि मेला के माध्यम से प्रशासन एवं आमजनों का मिलना-जुलना होता है और योजनाओं से उन्हें लाभान्वित किया जाता है। उन्होंने कुछ मांगों को भी रखा। पारंपरिक वेश में नृत्य ने मोहा मन सरना समाज पलामू की ओर से पारंपरिक वेश में स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही पारंपरिक परिधान में पुरूष एवं महिलाओं ने गीत-संगीत प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नगर आयुक्त जावेद हुसैन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीना आदि उपस्थित थे। मेला को सफल बनाने में जिला कल्याण सह जिला खेल पदाधिकारी सेवा राम साहु, नजारत उप समाहर्ता विक्रम आनंद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह, हृदयानंद सिंह, उमेश सिंह, भर्दुल कुमार सिंह, अवधेश सिंह चेरो, रविन्द्र सिंह चेरो, हरेराम सिंह आदि सदस्य लगे हुए हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला में जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों का स्टॉल लगाये गये हैं। माननीय मंत्री सहित अन्य जन प्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने स्टॉल का भ्रमण कर निरीक्षण भी किया। स्टॉल के माध्यम से लोगों को दी जानेवाली जानकारी एवं गतिविधियों से अवगत होते हुए उसकी सराहना की। साथ ही स्टॉल पर ही संबंधित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया। मेला में जिला ग्रामीण विकास शाखा के स्टॉल पर अबुआ आवास, मनरेगा, बिरसा हरित ग्राम योजना, बिरसा सिंचाई कुप, बीर शहीद पोटो हो खेल आदि की योजनाओं की जानकारी लोगों ओ दी जा रही है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। यहां सरकार की योजनाओं से संबंधित पंपलेट, बुकलेट दिया जा रहा है। साथ ही एलईडी स्क्रीन पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के स्टॉल पर वन पट्टा, रोजगार श्रृजन योजना, छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना एवं मुख्यमंत्री पशुधन योजना की जानकारी दी जा रही है। क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, चियांकी एवं कृषि विज्ञान केंद्र के स्टॉल पर कृषि उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। कृषि विभाग के स्टॉल मेंं टपक/स्प्रींकलर सिंचाई प्रणाली, बिरसा फसल विस्तार योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की जानकारी दी जा रही है। वहीं कृषक पाठशाला, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन आदि योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ योजना से संबंधित पंपलेट व बुकलेट का वितरण किया जा रहा है। वहीं आत्मा के कार्यक्रमों की झलक प्रस्तुत की गयी है। परिवहन विभाग के स्टॉल पर सड़क सुरक्षा, मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी सहित परिवहन विभाग की ओर से संचालित योजनाओं से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के स्टॉल पर आदिवासियों से संबंधित अधिकार एवं कानून से संबंधित जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा ग्रीन वैली स्कूल द्वारा लगाए गए स्टॉल पर राजा मेदिनीराय, पालमू पर्यटन, झारखंड के आदिवासी, स्वतंत्रता सेनानी एवं सड़क सुरक्षा के बारे में यहां आ रहे आगंतुकों को जानकारी दी गई।साथ ही ग्रामीण जीवन-शहरी जीवन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से भी लोगों को अवगत कराया जा रहा है। जेएसएलपीएस के स्टॉल पर पलास ब्रांड के उत्पाद सहित अन्य सामग्रियों का प्रदर्शन एवं बिक्री की जा रही है। माटी कला बोर्ड के स्टॉल पर मिट्टी से निर्मित बर्तन की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के स्टॉल पर अचार, पापड़, चिप्स मिक्स अचार आदि प्रदर्शित किये गये हैं। जिला समाज कल्याण शाखा के स्टॉल पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से संबंधित जानकारी लोगों को उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलने वाले पोषाहार से संबंधित प्रदर्शनी लगाकर, उसके फायदे से लोगों को अवगत कराया जा रहा है। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सतबरवा की छात्राओं द्वारा बनाए गए फूल, मोमबत्ती, सेफ कॉर्नर आदि रखे गये हैं। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक, कौशल प्रशिक्षण केंद्र, श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास, मत्स्य कार्यालय, सामाजिक सुरक्षा आदि विभागों के स्टॉल में लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। जिला स्वास्थ्य समिति के स्टॉल पर लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ -साथ जरूरतमंदों को दवाईयां भी दी जा रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला में विभिन्न विभागों द्वारा लगाया गया। स्टॉल के माध्यम से परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। सरिता लकड़ा, माया देवी, रीता देवी, सोनपतिया देवी, सुनीता देवी को अबुआ आवास योजना अंतर्गत चाभी प्रदान किये गये। इसके अलावा मनातू अंचल के 10 लाभुकों को कल्याण विभाग की ओर से सामुदायिक वन पट्टा वितरण किया गया। साथ ही जिला ग्रामीण विकास शाखा की ओर से सांकेतिक रूप से 6 महिला मेठ को सम्मानित किया गया। वहीं 100 मानव दिवस सृजन करने वाले 8 श्रमिकों को सांकेतिक रूप से सम्मानित किया गया। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 बागवानी सखी को सम्मानित किया गया। वित्तीय वर्ष 2025- 26 के लिए बागवानी लेने वाले चयनित एवं स्वीकृत तीन लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये। कृषि विभाग की ओर से कृषिकों को मूंग बीज दिए गए। श्रम आयुक्त कार्यालय की ओर से लगाये गये स्टॉल पर श्रमिक सेफ्टी किट योजना के तहत निबंधित लाभुकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से एक-एक हजार की राशि स्थानांतरित किये गये। जेएसएलपीएस के स्टॉल के माध्यम से 99 सखी मंगल को चक्रीय निधि, 1422 को सामुदायिक निवेश निधि, 15 उत्पादक समूह को कार्यशील पूंजी, एक आजीविका संसाधन केंद्र को स्थापना व्यय एवं कार्यशील पूंजी के तहत लाभ दिए गये। जेएसएलपीएस के माध्यम से सखी मंडल को 7,76,70,000 रुपये के लाभ से लाभान्वित किया गया। पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों को बकरा एवं शुकर प्रदान किये गये। समाज कल्याण विभाग की ओर से 10 महिलाओं को गोद भराई की रस्में पूरी की गयी। वहीं पांच बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। पांच लोगों को दिव्यांग यंत्र लिये गये। 10 छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना एवं 2 को कन्यादान योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये। इसके अलावा अन्य विभागों के स्टॉल के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया गया।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के डोरंडा जनता बाजार में गरीब असहाय का दुकान को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण का हवाला देकर हटाया जा रहा है। पीड़ित दुकानदारों ने आज दिनांक 11/02/2025 को डोरंडा जनता बाजार झंडा चौक के समीप दुकानदारों का बैठक किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से जेएलकेएम आंदोलनकारी नेता पूर्व प्रत्याशी रांची लोकसभा देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में बाजार बचाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में जे एल के एम जिला सचिव अरशद अली सोनू, हटिया अध्यक्ष इरशाद आलम, शाहिद उर्फ बंटी हटिया प्रत्याशी अयूब अली, के अलावा जनता बाजार डोरंडा के सैकड़ों दुकानदार लोग मौजूद थे।
विधानसभा के बाद झारखंड नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी पार्टियांटीम एबीएन, रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी भी तेज हो गयी है। इसकी तैयारी भी जोर शोर से चल रही है। राज्य सरकार ने ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत कई जिलों में ओबीसी सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर होगा या फिर गैरदलीय आधार पर। लेकिन प्रमुख राजनीतिक दल इस चुनाव को लेकर सक्रिय हो गये हैं। साथ ही नगर निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए रणनीति बना रहे हैं। कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने प्रमुख नेता के साथ बैठक कर निकाय चुनाव को लेकर विचार किया था। इसके बाद नगर निकाय चुनाव के सफल संचालन के लिए 11 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति, नगर निगम के लिए नौ सदस्यीय समिति और नगर परिषद और नगर पंचायत के लिए पांच-पांच सदस्यीय समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया। भाजपा फिलहाल अपने सांगठिनक चुनाव की प्रक्रिया में जुटी हुई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि हर चुनाव के लिए भाजपा तैयार रहती है। नगर निकाय चुनाव में भी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ चुनाव में उतरेंगे, चाहे चुनाव दलीय आधार पर हो या गैर दलीय आधार पर। जदयू ने भी निकाय चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो के निर्देश पर कोषांग का गठन करने की कवायद शुरू की जा रही है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने भी झारखंड में चुनाव लड़ने की तैयारी में अपनी प्रदेश कमेटी का विस्तार किया है। साथ ही अपने उम्मीदवार उतारने की भी योजना बना रही है। वहीं, दूसरी तरफ राज्य निर्वाचन आयोग ने भी चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। भारत निर्वाचन आयोग से नवीनतम मतदाता सूची के आधार पर वॉर्ड का पुनर्गठन किया जा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.