Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

झारखंड

View All
रामगढ़ : बस में आग लगने से महाकुंभ के श्रद्धालुओं में मची अफरातफरी
Published / 2025-02-20 21:19:52
रामगढ़ : बस में आग लगने से महाकुंभ के श्रद्धालुओं में मची अफरातफरी

महाकुंभ के श्रद्धालुओं को ले जा रही बस में लगी आग, मची अफरा-तफरी; बस से कूदते समय वाहन चालक घायलटीम एबीएन, रामगढ़/ रांची। झारखंड के रामगढ़ में उस वक्त हड़कंप मच गया जब रांची से श्रद्धालुओं को प्रयागराज में महाकुंभ के लिए ले जा रही एक बस में आग लग गयी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। 35 तीर्थ यात्रियों में से कोई भी हताहत नहीं मामला जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर हेसागढ़ा गांव के पास का है। बताया जा रहा है कि बीते बुधवार देर रात करीब एक बजे रांची से श्रद्धालुओं को प्रयागराज में महाकुंभ के लिए ले जा रही एक बस में आग लग गयी। इस घटना में बस में सवार 35 तीर्थ यात्रियों में से कोई भी हताहत नहीं हुआ। हालांकि बस से कूदते समय वाहन चालक घायल हो गया और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं क्योंकि वे समय रहते बस से बाहर निकलने में सफल रहे। आग लगने के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। एक यात्री ने बताया कि बस में कुछ जलने की गंध आने के बाद चालक ने वाहन रोक दिया था और समय रहते हम बस से बाहर निकलने में सफल हुए।

दुकानों के आवंटियों द्वारा लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वालों का आवंटन होगा रद्द : मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी
Published / 2025-02-20 21:19:04
दुकानों के आवंटियों द्वारा लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वालों का आवंटन होगा रद्द : मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी

जिला परिषद द्वारा आवंटित दुकान के आवंटियों द्वारा किराया जमा नहीं करने पर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने गंभीरता से लिया मुख्य कार्यपालक अधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त ने जिला परिषद की राजस्व वसूली एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उप विकास आयुक्त सह जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी शब्बीर अहमद आज जिला परिषद की राजस्व वसूली एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। प्रखंडवार राजस्व वसूली की समीक्षा के क्रम में जिला परिषद के दुकानों के आवंटियों द्वारा लंबे समय से किराया जमा नहीं करने को मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि ससमय किराया जमा नहीं करना गंभीर बात है। इससे सरकारी राजस्व की हानि हो रही है। उन्होंने लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले आवंटियों को अंतिम रूप से नोटिस जारी करने का निदेश दिया। इसके बावजूद बकायेदारों द्वारा किराया जमा नहीं करने की स्थिति में बकायेदारों का आवंटन रद्द करने तथा उनकी दुकानें सील करने की कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। इसके अतिरिक्त बकाया वसूली हेतु आवंटियों के विरुद्ध नीलाम पत्र वाद दायर करने की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने समीक्षा के क्रम में पाया कि कई दुकानों के आवंटियों द्वारा लंबे समय से किराया जमा नहीं किया जा रहा है। ऐसे बकायेदारों को चिन्हित किया गया है। समीक्षा के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि बकायेदारों को पूर्व में कई बार नोटिस भेजकर बकाया राशि जमा करने हेतु निर्देशित भी किया गया है, इसके वाबजूद बकाया राशि को जमा नहीं किया गया। योजनाओं की प्रगति की समीक्षा आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की समीक्षा में यह पाया गया कि जिले में 280 आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें से लगभग 100 केंद्र भूमि विवाद के कारण लंबित है। इस संदर्भ में संबंधित अंचलाधिकारी से फोन पर चर्चा कर समस्या के शीघ्र समाधान का निदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त, भूमि विवादों के त्वरित समाधान हेतु अंचलाधिकारी, समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता के साथ एक विशेष बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पंचायत भवन, स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन तथा 15वें वित्त आयोग मद से संचालित योजनाओं एवं अन्य लंबित योजनाओं की समीक्षा की गयी। समीक्षा बैठक में जिला अभियंता, सभी सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं जिला परिषद के कर्मीगण उपस्थित थे।

पलामू : बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता रथ को डीडीसी ने किया रवाना
Published / 2025-02-20 20:28:22
पलामू : बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता रथ को डीडीसी ने किया रवाना

हस्ताक्षर अभियान की भी हुई शुरुआत एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जागरूकता अभियान के तहत आज उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया। इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक रतन कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, जिला कल्याण पदाधिकारी सेवा राम साहू, एनडीसी विक्रम कुमार आदि थे। मौके पर सभी ने हस्ताक्षर कर जागरूकता संदेश दिया। हस्ताक्षर के माध्यम से बालिका जन्म पर खुशी मनाने, लिंग भेद को समाप्त करने, बालिका का स्कूल में दाखिला करवाने और उसकी पढ़ाई निरंतर जारी रखने, बाल विवाह व दहेज कुप्रथा का विरोध करने, अपने आसपास की महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित व हिंसा मुक्त रखने तथा महिलाओं/बालिकाओं को सम्पति में समान अधिकार देने हेतु संकल्प दोहराये। उप विकास आयुक्त  शब्बीर अहमद ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत जागरूकता रथ को रवाना किया गया। साथ ही हस्ताक्षर अंकित कर जागरूकता संदेश दिया गया। इसका मुख्य उद्देश्य बाल लिंगानुपात में सुधार लाना एवं बालिकाओं के प्रति लोगों की मानसिकता में परिवर्तन लाना है। बेटियों के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना और उन्हें शिक्षा का अवसर प्रदान करना है, ताकि बालिकाओं का संरक्षण हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेटियां एवं महिलाएं किसी से कम नहीं हैं। वे मेडिकल, इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में अद्भुत प्रदर्शन कर रही हैं। यह रथ विभिन्न प्रखंडों में जाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य करेगा। वहीं उन्हें बेटियों को शिक्षा देने के लिए प्रेरित भी करेगा। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने कहा कि यह जागरूकता कार्यक्रम 22 जनवरी से चल रहा है। यह कार्यक्रम 8 मार्च तक बच्चियों और महिलाओं को जागरूक करने के लिए चलेगा। बेटियां किसी से कम नहीं है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए हमलोग प्रयत्नशील हैं। सभी विभागों एवं समाजसेवी संस्थाओं के साथ समन्वय से बाल विवाह की रोकथाम सहित बेटियों के संरक्षण के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पलामू की पुलिस अधीक्षक एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा उदाहरण हैं। परिवार के निरंतर समर्थन से वे इस मुकाम तक पहुंची हैं। उन्होंने प्रत्येक महिलाओं से आह्वान किया कि जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए। अपनी शक्ति एवं सकारात्मक सोच से समाज में आमूल-चूल परिवर्तन लाने की दिशा में कार्य करते रहें।

जैक सचिव को सौंपा गया देवेंद्रनाथ महतो का पेपर लीक सबूत सही पाया गया
Published / 2025-02-20 20:26:05
जैक सचिव को सौंपा गया देवेंद्रनाथ महतो का पेपर लीक सबूत सही पाया गया

राज्यस्तरीय चक्का जाम झारखंड बंदी का घोषणा के दबाव से जैक ने हिंदी व विज्ञान परीक्षा को किया रद्द : देवेंद्रनाथ महतो पेपर लीक मामला से झारखंड राज्य कलंकित हुआ है शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन और जैक अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा इस्तीफा दे : देवेंद्रनाथ महतो पेपर लीक प्रकरण की सीबीआई से जांच कराकर दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई किया जाये : देवेन्द्र नाथ महतो टीम एबीएन, रांची। झारखंड में पेपर लीक का मामला थम ही नहीं रहा है, जैक द्वारा 10 वीं और 12वीं परीक्षा चल रहा है। जैक 10वीं का 18 फरवरी 2025 को प्रथम पाली में हिंदी तथा 20 फरवरी 2025 को विज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया था जिसका पेपर लीक परीक्षा से पूर्व ही हो गया, जिसका ठोस सबूत जेएलकेएम आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने जैक सचिव जयंत मिश्रा को सौंपा था। देवेन्द्र नाथ महतो द्वारा सौंपा गया सबूत सही पाया गया। उसके बाद देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में जैक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए हिंदी व विज्ञान परीक्षा रद्द करके उच्च स्तरीय जांच करते हुए दोषी अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का मांग किया गया।  कुछ ही देर बाद  जैक ने आफिशियल वेबसाइट पर अधिकारिक नोटिस जारी करते हुए हिंदी व विज्ञान परीक्षा को रद्द करने का घोषणा कर दिया है। मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने बताया कि राज्यस्तरीय चक्का जाम और झारखंड बंदी घोषणा के दबाव से जैक ने 10 वीं हिंदी व विज्ञान परीक्षा को रद्द किया है क्योंकि जैक सचिव जयंत मिश्रा जी को पेपर लीक का जब ठोस सबूत सौंपा था तो स्वीकार करने से इनकार किया था। मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान झारखंड सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है पेपर लीक का मामला तो मजाक बन कर रह गया है, इससे पूर्व के इतिहास में पहली बार 31 जनवरी 2024 को जेएसएससी कार्यालय के समक्ष पेपर लीक मामला आंदोलन के परिणाम से  सीजीएल परीक्षा रद्द हुआ था। और दूसरा दिन आंदोलन के दौरान जैक ने परीक्षा को रद्द किया।  देवेन्द्र नाथ महतो ने यह भी कहा  कि पेपर लीक होने का साबित हो गया है तो अब पेपर लीक प्रकरण मामला का जांच उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच ऐजेंसी सीबीआई से जांच कराकर दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई किया जाय। यह राज्य का बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि जिस परीक्षा में साढ़े सात लाख छात्र शामिल हो रहें हैं जो प्रश्न पत्र उपायुक्त के अंदर ट्रेजरी में शिल्ड रहता है उसके बावजूद आखिर कैसे परीक्षा के तीन दिन पहले बाहर निकाला। देवेन्द्र नाथ महतो ने यह भी मांग किया कि पेपर लीक का मामला झारखंड राज्य को कलंकित करने वाली घटना है नैतिकता के आधार पर शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन और जैक अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा को इस्तीफा देना चाहिए। जैक कार्यालय के समक्ष देवेन्द्र नाथ महतो के साथ चंदन कुमार, खगेन, सुखदेव, लालमोहन, रविन्द्र, अभिषेक, पंकज, हरेन, प्रकाश के अलावा अन्य लोगों का अहम योगदान रहा।

मेटास एड्वेंटिस्ट कॉलेज एंड हॉस्पिटल रांची में 29वां दीप प्रज्ज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
Published / 2025-02-20 19:50:49
मेटास एड्वेंटिस्ट कॉलेज एंड हॉस्पिटल रांची में 29वां दीप प्रज्ज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

टीम एबीएन, रांची। मेटास एड्वेंटिस्ट कॉलेज एवं एसडीए हॉस्पिटल स्कूल आॅफ नर्सिंग में आज दीप प्रज्ज्वलन (लैंप लाइटिंग) और शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बेसिक बीएससी नर्सिंग के 60 और जीएनएम के 20 छात्र छात्राओं को फ्लोरेंस नाइटेंगल शपथ दिलायी गयी। मौके पर बड़ी संख्या में छात्रों के अलावा छात्रों के परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे। समारोह की मुख्य अतिथि बीना कुमारी नर्सिंग सुपरीटेंडेंट रिम्स रांची, कॉलेज के एक्सक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट डॉ अनिल कुमार चिल्लीमुंथा, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, एसडीए हॉस्पिटल डॉ रीता अर्नेस्ट, जेनरल वाइस प्रेसिडेंट एसडीडी नायडू, वाइस प्रेसिडेंट अकादमिक अफेयर्स सुनील कुमार, वाइस प्रेसिडेंट फाइनेंस बॉबी जेम्स, एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट फाइनेंस दीपक कसारे, रजिस्ट्रार अजीत बाजराय, एडमिनिस्ट्रेटर हस्पताल विजय राज,  डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ शुभाकर प्रसाद, कॉलेज प्रिंसिपल एंजेलिन रेचल, स्कूल आॅफ नर्सिंग की प्रिंसिपल सुनीता हंसदा, प्रबीर पोद्दार, पास्टर बागे, नर्सिंग सुप्रीटेंडेंट इमानुएल लकड़ा, नमिता गुड़िया, मरीन ग्लैडिन सुरीन, रचेल, प्रेमशिला बाड़ा, सुशील दास कुजूर, हन्ना एलिजाबेथ कुजूर, ओलिव कुजूर, कैरोलिन मरांडी, सोनाली कुजूर, ज्योति कच्छप, नमिता टोप्पो, नेवलिन डांग, संध्या लेनिन, कीर्ति कुंकल, निकोला, मेलिससा कुजूर, दिलीप कुमार, डायना, प्रीति भेंगरा, विशाल जीत, नम्रता सोय व अन्य लेक्चरर्स उपस्थित थे। बीएससी नर्सिंग के छात्रों का प्रस्तुतीकरण कॉलेज प्रिंसिपल एंजिलिन रचेलऔर जीएनएम के छात्रों का प्रस्तुतीकरण सुनीता हंसदा ने किया। कार्यक्रम में सुनीता सुरीन ने फ्लोरेंस नाइटेंगल का किरदार निभाया और छात्रों की अगुवाई की। फ्लोरेंस नाइटेंगल शपथ हन्ना एलिजाबेथ कुजूर ने छात्र-छात्राओं को दिलायी। मुख्य अतिथि बीना कुमारी ने कहा कि सबसे पहले मैं इस शुभ अवसर के लिए मुझे मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के लिए प्रबंधन को धन्यवाद् देना चाहती हूं। मेटास कॉलेज में कार्यरत सभी प्रशासनिक पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं मेरे प्यारे छात्र-छात्राओं, आप सभी को आज के इस समारोह की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आज मैं विशेष रूप से छात्र-छात्राओं से कहना चाहती हूं कि यह समारोह आपके जीवन का एक बहुत ही महत्वपूर्ण समारोह है क्योंकि आज के इस दिन में आप नर्सिंग के इस महान प्रोफेशन में अपना पहला दृढ़ संकल्प लेने वाले हैं। आज आप जो दीप प्रज्वलित करेंगे वह आपके द्वारा बीमार एवं घायल व्यक्तियों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित होने के दृढ़ निर्णय का प्रतीक होगा। दीप की यह रोशनी आपके बीच ज्ञान, कौशल और नर्सिंग भावना के हस्तांतरण का प्रतीक है, आज आप सब यह घोषणा करते हैं कि आप अपना जीवन मानवता की सेवा के लिए संपूर्ण रूप से समर्पित कर रहे हैं। नर्सिंग एक बहुत ही महत्वपूर्ण पेशा है क्योंकि हम नर्सों के पास हमारे मरीज एवं उनके परिजनों के लिए दिल,दिमाग,आत्मा और शरीर को ठीक करने का ईश्वरीय अवसर प्राप्त होता है। मैं आप सभी को यह बताना चाहती हूं की सेवा भावना मानवता से हमें जोड़ने वाली सबसे मजबूत कड़ी होती है,  आपके देखभाल एवं सेवा के बाद मरीज को घर जाते वक्त जो खुशी होती है वह आप सब खुद ही महसूस करने वाले हैं, अंत में मैं आप सबसे कहना चाहती हूं कि आप सभी भाग्यशाली हैं जो ईश्वर ने आपको नर्सिंग जैसे नेक एवं महान कार्य के लिए चुना है। आप सभी को आपके व्यक्तिगत और पेशेवर जिंदगी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। धन्यवाद ज्ञापन कॉलेज के स्टूडेंट्स वेलफेयर डीन डॉ शुभाकर प्रसाद ने किया। उक्त जानकारी जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक नारायण वर्मा ने दी।

डीजीपी ने मेडल विजेताओं को किया सम्मानित
Published / 2025-02-20 19:49:50
डीजीपी ने मेडल विजेताओं को किया सम्मानित

पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड ने 68वीं आल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट 2024-25 में झारखंड पुलिस के गोल्ड एवं सिल्वर मेडल विजेताओं को किया सम्मानित टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक-20.02.2025 को महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड ने अपने कार्यालय कक्ष में 68वीं आल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट 2024-25 के झारखंड पुलिस के विजेताओं को सम्मानित किया। ज्ञात हो कि 68वीं आल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट 2024-25 प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक-10.02.2024 से 15.02.2024 तक झारखंड, रांची में किया गया था। जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से कुल 18 राज्य के प्रतिभागी एवं केंद्र शासित प्रदेश के 02 राज्य के प्रतिभागी एवं देश के अर्द्धसैनिक संगठन के कुल-08 टीमों ने भाग ली थी। आल इंडिया पुलिस डियुटी मीट में झारखण्ड पुलिस को 01 गोल्ड एवं 04 सिल्वर कुल-05 मेडल प्राप्त हुआ, जिसमें 1. पुलिस अवर निरीक्षक रोहित कुमार कालिन्दी को फिंगर प्रिंट में गोल्ड मेडल 2. पुलिस अवर निरीक्षक रवि शंकर को फिंगर प्रिंट में सिल्वर मेडल 3. पुलिस अवर निरीक्षक नविता कुमारी महतो को मेडिको लिगल में सिल्वर मेडल 4. सहायक पुलिस अवर निरीक्षक बलेन्द्र कुमार को पुलिस पोट्रेट में सिल्वर मेडल एवं 5. सहायक पुलिस अवर निरीक्षक महेन्द्र महतो को (डॉग-एरिक) ट्रैकर में सिल्वर मेडल प्राप्त कर झारखण्ड पुलिस को गौरवान्वित किये। इस उपलब्धि के उपरांत पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड ने सभी को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अनुराग गुप्ता, महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के अतिरक्त असीम विकांत मिंज, पुलिस महानिरीक्षक, अप०अनु०वि०, झारखण्ड, संध्या रानी मेहता, पुलिस उप-महानिरीक्षक, अप०अनु०वि०, झारखंड एवं अपराध अनुसंधान विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

रांची : महावीर चौक के मार्केट काम्प्लेक्स में अगलगी से मची अफरातफरी
Published / 2025-02-20 10:11:55
रांची : महावीर चौक के मार्केट काम्प्लेक्स में अगलगी से मची अफरातफरी

रांची: मार्केट कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग, मौके पर दमकल की टीमटीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के महावीर चौक के पास एक मार्केट काम्प्लेक्स में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई है।मौके पर पहुंचे फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद आंशिक रूप से आग पर काबू पा लिया है। हालांकि पूरी तरह से आग बुझाने में समय लगेगा। जिस मार्केट में आग लगी है, उसमें कपड़े के थोक विक्रेताओं की कई दुकानें है। लगभग सभी दुकानों को भारी नुकसान हुआ है।शॉर्ट सर्किट से लगी है आगस्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार की सुबह रांची में बारिश के साथ बिजली भी लगातार कड़क रही थी। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने की वजह अपर बाजार के महावीर चौक स्थित शर्मा काम्प्लेक्स में अचानक आग लग गई।जब आग की लपटें और धुआं लोगों को दिखाई दिया तब उन्हें यह जानकारी मिली कि शर्मा मार्केट में आग लग गई है। इसके बाद तुरंत कोतवाली पुलिस और फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। आधे घंटे के भीतर फायर बिग्रेड की टीम छह दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई।

देवेंद्र ने जैक सचिव को सौंपा पेपर लीक का सबूत
Published / 2025-02-19 21:20:17
देवेंद्र ने जैक सचिव को सौंपा पेपर लीक का सबूत

आंदोलनकारी नेता देवेंद्रनाथ महतो ने जैक सचिव जयंत मिश्रा से मुलाकात कर 10 वीं परीक्षा पेपर लीक का सौंपा सबूत 10 वीं हिंदी व विज्ञान परीक्षा रद्द कर पेपर लीक मामला का उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई किया जाय : देवेंद्र नाथ महतो टीम एबीएन, रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल रांची द्वारा 10 वीं और 12 वीं का परीक्षा शुरू होते ही सोशल मीडिया में पेपर लीक का मामला वायरल हो रहा हैं। मामला पूरे झारखंड में चर्चा का विषय बना हुआ है। उक्त मामले पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो जैक सचिव जयंत मिश्रा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मौके पर  देवेन्द्र नाथ महतो ने जैक  10 वीं के विज्ञान सैद्धांतिक एवं हिंदी विषय की परीक्षा प्रश्न पत्र लीक आउट का सबूत सौंपते हुए 10 वीं हिंदी व विज्ञान  परीक्षा रद्द कर , उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उन्होंने बताया कि आगामी 20 फरवरी 2025 को आयोजित होने वाली जैक 10 वीं के विज्ञान विषय की परीक्षा के दो दिन पूर्व ही प्रश्न पत्र लीक आउट का व्हाट्सएप में 17/02/2025 मंगलवार से ही वायरल हो रहा है। 18 फरवरी 2025 मंगलवार को हिंदी विषय की हो चुकी परीक्षा भी एक दिन पूर्व 17/02/2025 रात्रि को हुई  प्रश्न पत्र लीक आउट वायरल का हूबहू प्रश्न पूछे जाने का परीक्षार्थी द्वारा दावा किया जा रहा है। ऐसे खबर से राज्य में पढ़ने वाले छात्रों पर बुरा असर पड़ रहा है , साथ ही उन्होंने मामला पर त्वरित कार्रवाई किया जाय अन्यथा झारखंड के छात्रों के हित राज्यव्यापी आंदोलन करने का चेतावनी भी दिया। मौके पर जैक सचिव जयंत मिश्रा मामला को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इंतजार कीजिए जांच पड़ताल चल रहा है अगर वायरल खबर पर सच्चाई होगा तो निश्चित छात्रहित में कार्रवाई की जायेगी।

अंगारपथरा के गजलीटांड़ काटा पहाड़ी में नहीं थम रहा कोयला का अवैध कारोबार
Published / 2025-02-19 21:19:26
अंगारपथरा के गजलीटांड़ काटा पहाड़ी में नहीं थम रहा कोयला का अवैध कारोबार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद/ रांची। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि अंगारपथरा अंतर्गत गजलीटांड़ काटा पहाड़ी में बड़े पैमाने पर चल रहा कोयला का अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोयला तस्कर सिंह ओर यादव की जोड़ी बेखौफ होकर अवैध रूप से कोयला खनन कर रहे है।कोयला तस्कर प्रत्येक दिन ट्रक में कोयला लोड करकर बाहर कोयला मंडियों में भेजा जाता है। हर जगह चल रहे कोयले की अवैध कारोबार पर छापामार कार्रवाई की जा रहा है। लेकिन कोयला तस्कर सिंह और यादव की अवैध कारोबार पर सीआईएफ क्यों नहीं छापा मार रही है। इससे साफ पता चलता है कि इस कोयले की अवैध तस्करी में सीआईएसएफ की भी मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता है। अगर जल्द कोयला तस्करी पर रोक नहीं लगाया गया तो अंगारपथरा अंतर्गत गजलीटांड़ काटा पहाड़ी में ऐसे ही जोरो शोरों से अवैध तस्करी होते रहेगी और बीसीसीएल ओर राज्यस्व की नुकसान होते रहेगी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 121,900