जिला कौशल विकास एवं अनुश्रवण समिति की बैठक एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उपायुक्त शशि रंजन के निर्देश पर उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद की अध्यक्षता में आज समाहारणालय सभागार में जिला कौशल विकास एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। उप विकास आयुक्त ने सभी विभाग को अपने स्तर पर कौशल विकास के लिए कार्य योजना तैयार करने एवं इससे युवक-युवतियों को जोड़कर रोजगार मुहैया कराने की दिशा में अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर जिले के अंतिम व्यक्ति तक इसकी जानकारी पहुंचायें। उन्होंने कहा कि पलामू में उद्योग, होटल, व्यवसाय, मॉल, साहित्य, रोजगार के अन्य साधन हैं। इसे ध्यान में रखकर कौशल विकास केंद्र में लोगों को प्रशिक्षण करवाये। श्रम अधीक्षक सह जिला कौशल पदाधिकारी एतवारी महतो द्वारा सभी उपस्थित पदाधिकारियों को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत झारखंड कौशल विकास विभाग, रांची द्वारा पलामू जिले में संचालित प्रशिक्षण केंद्रों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में दो (2) दीन दयाल उपघ्याय कौशल केंद्र (आवासीय), दस (10) सक्षम कौशल केंद्र(आवासीय) तथा दो (2) बिरसा कौशल केंद्र (गैर-आवासीय) पलामू जिले में संचालित है। योजना पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड की युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं उद्यमशीलता कौशल विकसित करना युवाओं को रोजगार क्षमता में वृद्धि करना और उन्हें झारखंड और भारत के आर्थिक विकास में भागीदार बनाने के लिए सशक्त बनाना, समाज के वंचित वर्ग के युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाले कुशल कर्मी बनाना योजना का मुख्य उद्देश्य है। यूएनडीपी के परियोजना सहायक ने बताया कि मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र, सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना तथा प्रखंड स्तर पर 14 केंद्र संचालित है। प्रशिक्षण केंद्रो में डाटा एंट्री आपरेटर, वेयरहाउस एसोसिएट, असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट तथा अन्य ट्रेडो का प्रशिक्षण दिया जाता है। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हेल्थ केयर, इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी एवं अन्य तरह के कोर्स का संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ.अनिल सिंह, जिला पशुपालन पदाधिकारी, समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी एवं कौशल विकास केन्द्र के संचालक उपस्थित थे।
बाल श्रम उन्मुलन एवं पुर्नवास हेतु जिला स्तरीय गठित टास्क फोर्स की बैठकएबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू उपायुक्त शशि रंजन आज अपने कार्यालय वेश्म में श्रम विभाग द्वारा बाल श्रम उन्मुलन एवं पुर्नवास हेतू जिला स्तरीय गठित टास्क फोर्स की बैठक की। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि जो नियोजक अपने प्रतिष्ठान में 14 वर्ष के कम उम्र के बाल श्रमिक को नियोजित करते हैं, उनके विरूद्ध बाल एवं अल्प व्यस्क श्रमिक (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए 20,000-20,000 रुपये प्रति बाल श्रमिक जुर्माना के रूप वसूली किया जाये। वहीं विमुक्त बाल श्रमिक की ट्रैकिंग तथा पुनर्वासन के लिए मानक कार्य पद्धति के अनुसार कार्य किये जाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने श्रम अधीक्षक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को विमूक्त बाल श्रमिकों को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय एवं अनुसूचित जाति एवं जनजातीय आवासीय विद्यालयों में नामांकन करवाया जाये एवं उनके माता-पिता को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से जोड़ा जाये। उन्होंने समय-समय पर जिले में बाल श्रमिक के उन्मूलन हेतू गठित धावादल द्वारा छापेमारी अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया।श्रम अधीक्षक एतवारी महतो ने बताया कि अल्प वयस्क बाल श्रमिक (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 के अन्तर्गत 14 वर्ष से कम उम्र के बालक से काम लेना कानूनी अपराध है। अगर कोई नियोजक 14 वर्ष के कम उम्र के बच्चों से काम लेते हैं, तो उनको 6 माह से 2 वर्ष तक का कारावास या 20,000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक जुर्माना या दोनों हो सकता है।बैठक में पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव, श्रम अधीक्षक एतवारी महतो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी एवं जिला बाल कल्याण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
जैक बोर्ड 10वीं और 12वीं प्रश्न पत्र लीक आउट का सौंपा सबूत टीम एबीएन, रांची। राज्य में प्रश्न पत्र लिक आउट होने का मामला बेहद ही गंभीर होते जा रहा है। इससे राज्य के छात्रों में भारी नाराजगी चल रही है। झारखंड अधिविद्य परिषद रांची द्वारा संचालित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक आउट के मामले जेएलकेएम वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो प्रखर है। श्री महतो ने आज महामहिम राज्यपाल महोदय से मुलाकात कर मांग पत्र और पेपर लीक का ठोस सबूत पेन ड्राइव में सौंपा। देवेंद्रनाथ महतो ने महामहिम राज्यपाल से निम्नलिखित मांग की गयी : पेपर लीक प्रकरण का सीबीआई जांच किया जाये। मामला की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर त्वरित कड़ी कार्रवाई किया जाये। शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को पेपर लीक मामले पर श्वेत पत्र जारी करने का निर्देश दिया जाये। पूर्व विवादित वर्तमान जैक अध्यक्ष और सचिव को अयोग्य घोषित करते हुए निलंबित किया जाये। तत्काल जेपीएससी अध्यक्ष पद नियुक्त किया जाये। जेपीएससी-1 और जेपीएससी-2 में घोटाले में चार्जशीट हुए पदाधिकारियों को तत्काल पद से निलंबित कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई किया जाये। मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने मीडिया संबोधन में बताया कि महामहिम राज्यपाल महोदय को अवगत कराया गया कि झारखण्ड राज्य पेपर लीक की परंपरा बन गयी है। झारखंड सरकार के अधिकारियों के सहयोग से पेपर लीक गिरोह द्वारा झारखंड में मेधावी छात्रों की प्रतिभा का निरंतर कत्ल कर जघन्य अपराध किया जा रहा है। पेपर लीक से झारखंड राज्य कलंकित हो रहा है लेकिन फिर भी राज्य सरकार पेपर लीक प्रकरण पर उच्च स्तरीय जांच और न ही दोषियों को कड़ी कार्रवाई के प्रति गंभीर है। उन्होंने महामहिम को यह भी जानकारी दिया कि जैक सचिव को मेरे द्वारा परीक्षा से पूर्व ही 19 फरवरी 2025 को ही पत्र संख्या 69/फरवरी/25 के माध्यम से परीक्षा प्रश्न पत्र का ठोस सबूत सौंपा गया था।लेकिन सबूत को इंकार करते हुए जैक बोर्ड 19/02/2025 को ही अपना आफिशियल वेबसाइट पर पत्र संख्या 8/25 के माध्यम से कानूनी कार्रवाई हेतु धमकी भरा फरमान जारी किया था। लेकिन जब दूसरे दिन 20/2/2025 को परीक्षा केंद्र पर मेरे द्वारा सौंपा गया विज्ञान विषय का लीक आउट पेपर सबूत हूबहू पाया गया।तभी हमलोग जैक बोर्ड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए झारखंड बंद और राज्यव्यापी चक्का जाम आंदोलन का घोषणा किया तभी जैक बोर्ड ने पत्र संख्या 9/2025 के माध्यम से मेरे द्वारा सौंपा गया सबूत हूबहू पाये जाने और आंदोलन के दबाव के परिणामस्वरूप 20/02/2025 को ही हिंदी और विज्ञान विषय को रद्द कर दिया लेकिन 5 दिन बीतने के बावजूद पेपर लीक गिरोह का असली मास्टरमाइंड गिरोह का सरगना को पकड़ा नहीं गया। साथ ही उन्होंने यह भी अवगत कराया कि पेपर लीक माफिया लभ लालच में इतना गिर गया है कि मैट्रिक का पेपर लीक करके 200-300 रुपये में बेचा है। राज्यपाल से मुलाकाती छात्र मंडली में देवेंद्रनाथ महतो, चंदन कुमार रजक, सुहानी कुमारी, खगेंद्रनाथ महतो, प्रदीप कुमार शामिल रहे। बताते चलें कि वर्तमान अध्यक्ष और सचिव के सर्विस बुक विवादित होने का साक्ष्य भी सौंपा गया।
यूनिवर्सिटी के बैंक अकाउंट में डाका, कैसे उड़ा दिये डेढ़ करोड़ रुपये? 3 अरेस्ट एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। चाईबासा कोल्हान विश्वविद्यालय में हुए 1.59 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी टीम ने उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड के रामगढ़, रांची और बोकारो में जांच की थी, जहां से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में गिरफ्तार किये गये आरोपियों में रामगढ़ जिला के परसौतिया गांव के रहने वाले धनंजय प्रजापति, रामगढ़ जिले के रहने वाले ईएसएएफ बैंक रांची के कडरू शाखा के असिस्टेंट मैनेजर संजय कुमार और यस बैंक बोकारो जिला के चांस शाखा की कर्मचारी अमृता शर्मा के नाम शामिल हैं। आरोपियों के पास से 14.80 लाख कैश, पांच मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और 73 चेक बरामद किये गये।इसके साथ ही बैंक अकाउंट में जमा लगभग 93 लाख रुपये को फ्रीज कर वापस करवाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गयी है। दरअसल पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाईबासा में स्थित कोल्हान विश्वविद्यालय में 1.59 करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा हुआ था। इस मामले को लेकर, कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से मुफ्फसिल थाना में केस दर्ज कराया गया था। 19 फरवरी को मुफ्फसिल थाने शिकायत करते हुए बताया गया था कि कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा के बैंक खाते से अज्ञात लोगों ने लगभग 1.59 करोड़ रुपये की अवैध रूप से निकासी की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले के एसपी ने स्पेशल रेड टीम का गठन किया गया था।कई तकनीकी पहलुओं की मदद से विशेष छापेमारी दल ने उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ के साथ ही साथ झारखंड के रामगढ़, रांची और बोकारो जिला में छापेमारी की। तब जाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 14.80 लाख रुपये जब्त किये गये। वहीं बैंक में जमा 93 लाख रुपये को फ्रीज किया गया। यूनिवर्सिटी के अकाउंट में पैसे वापस करने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
बजट सत्र के दूसरे दिन विपक्ष का सदन के बाहर धरना प्रदर्शनटीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। वहीं आज भाजपा के विधायक विधानसभा के प्रवेश द्वार के बाहर धरने पर बैठे हैं। भाजपा विधायक मैट्रिक बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही भाजपा विधायक पेपर लीक की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहे हैं।वहीं मांडू से आजसू के विधायक प्रवेश द्वार भी हाथ में पोस्टर पकड़ धरने पर बैठे हैं। पोस्टर में लिखा है- रामगढ़ जिला के घाटों ओपी एवं कुज्जू ओपी क्षेत्र में विगत दिनों 22 घरों में हुई चोरी की घटना के अपराधियों को गिरफ्तार करो। गौरतलब हो कि 24 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र की शुरूआत हो चुकी है। वहीं बजट सत्र के औपबंधिक कार्यक्रम के तहत आज यानी 25 फरवरी को पहली पारी में प्रश्नकाल और दूसरी पारी में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। इस दौरान जरूरी राजकीय विधेयक टेबल करने के साथ राजकीय कार्य निपटाये जायेंगे। इसके बाद 26 फरवरी को महाशिवरात्रि होने के कारण बैठक नहीं होगी। जबकि 27 फरवरी को वर्ष 2024-25 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया जायेगा।बता दें कि झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 27 मार्च तक चलेगा। वित्त वर्ष 2025-26 का बजट 3 मार्च को पेश किया जायेगा। नवंबर 2024 में झामुमो के नेतृत्व में गठबंधन की जीत के बाद हेमंत सोरेन सरकार का यह पहला पूर्ण बजट सत्र होगा।
महसूस किये गये 5.5 तीव्रता के भूकंप के झटकेटीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में भूकंप के झटके महसूस किये गये हैं। घटना सुबह 6 बजे की है। भूकंप का केंद्र बंगाल की खाड़ी बताया जा रहा है। हालांकि इसकी तीव्रता कितनी थी इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं, इस भूकंप से किसी के जान माल के हानि की भी सूचना नहीं है। बता दें कि सुबह सुबह भूकंप के झटके बंगाल और ओडिशा में देखने को मिला था। इसकी तीव्रता 5.5 बतायी जा रही है। इससे पहले रात के वक्त दिल्ली में भी भूकंप के झटके महसूस किये गये।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद/ रांची। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की। बाघमारा सोनारडीह तेतुलिया में डंके की चोट पर कोयले की अवैध तस्करी की जा रही है। कोयला की अवैध तस्करी खुलेआम हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री समेत राज्य के तमाम आलाधिकारियों को पत्र लिख अपने स्तर से संज्ञान लेकर छापेमारी कर कार्रवाई करने की मांग की है।
किसी काम को करने के लिए नींव को मजबूत करना जरूरी पलामू में आयोजित हुआ जिला स्तरीय रोजगार सृजन मेला, 363 को मिला आफर लेटर एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि सफलता के लिए इंफॉर्मेशन, एनालिसिस एवं एप्लीकेशन आवश्यक है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। इसके लिए कड़ी मेहनत की आवश्यकता होती है। वर्तमान दौर प्रतियोगिताओं का है और तकनीक का विस्तार हुआ है। ऐसे में पढ़ने, सीखने और माहौल से खुद को बेहतर बनाने की आवश्यकता है। किसी काम को करने के लिए नींव को मजबूत करना जरूरी है। नींव को मजबूत करने के लिए मेहनत अति आवश्यक है। उपायुक्त आज 4 वें जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार सृजन मेला-2025 के तहत आयोजित कार्यक्रम युवक-युवतियों को मार्गदर्शन कर रहे थे। मेला का आयोजन ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार के स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी की ओर से बेरोजगार युवाओं को बेहतर भविष्य प्रदान करने हेतु दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत आयोजित था। उपायुक्त ने अनुशासन पूर्वक सोशल मीडिया का सदुपयोग करते हुए जीवन शैली को बेहतर बनाने की सीख दी। साथ ही समूह में अध्ययन करने हेतु सभी को प्रेरित किया। उन्होंने एआई तकनीक, चैट जीपीटी आदि तकनीक के प्रयोग एवं उसके सकारात्मक प्रभाव से जीवन को बेहतर बनाने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से तकनीक का विस्तार हो रहा है, वैसे में तकनीक के साथ चलना होगा। उन्होंने कहा कि नई चीज सीखने की ललक होगी, तो भविष्य बेहतर कर पायेंगे। उन्होंने रोजगार उन्मुख गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर बल दिया। उपायुक्त ने बालक-बालिकाओं द्वारा पूछे गये विभिन्न प्रश्नों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासाएं शांत की। उन्होंने युवक-युवतियों के साथ द्विपक्षीय संवाद किया। रोजगार मेला में विभिन्न कंपनियों के लिए चयनित अमरजित कुमार, सैफ खान, मो रजा, साजीद, राणा गोपाल को सांकेतिक रूप से मुख्य मंच से आफर लेटर प्रदान किया गया। इसके साथ ही रोजगार मेला के दौरान 363 युवक-युवतियों कोविभिन्न कंपनियों में रोजगार हेतु आॅफर लेटर प्रदान किये गये। रोजगार मेला के दौरान 1440 युवक-युवतियों का पंजीकरण किया गया। इन्हें रोजगार उपलब्ध कराने को लेकर इनकी योग्यता के अनुरूप 754 को शॉर्ट लिस्ट किया जा चुका है। अन्य आवेदकों के आवेदनों की जांच की जा रही है, ताकि उनकी योग्यता अनुरूप रोजगार प्रदान किया जा सके। कर्म ही पूजा है... का करें अनुसरण : डीपीआरओ जिला जनसंपर्क पदाधिकारी असीम कुमार ने कहा कि सफलता के लिए मेहनत आवश्यक है। कर्म ही पूजा है, का अनुसरण हम सभी को करनी चाहिए। उन्होंने युवक-युवतियों को रोजगार की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रोजगार के लिए जाने के पूर्व किन-किन प्रमाण पत्रों, दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। इसका मूल्यांकन कर साथ रख लें, ताकि आवश्यकता अनुसार उसे तुरंत प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने भी युवक-युवतियों को तकनीक के साथ आगे बढ़ने का सुझाव दिया। उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रमाण पत्रों को डिजिटल लॉकर में रखने एवं तकनीक का सदुपयोग करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही अपने संबंधियों, सहयोगियों का मोबाइल नंबर अवश्य साथ रखने की बातें कही, ताकि विषम परिस्थितियों में उनसे संपर्क कर आवश्यक मदद ली जा सके। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी श्रम अधीक्षक सह श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के पदाधिकारी एतवारी महतो ने सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए प्रशिक्षण केंद्रों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा माइग्रेशन सेंटर खोला गया है, जहां प्रशिक्षण देकर युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। उन्होंने बिरसा योजना सहित सहित सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। रोजगार अब आपके द्वार : अमित चौधरी जेएसएलपीएस के राज्य मुख्यालय से पहुंचे प्रोग्राम एक्सक्यूटिव अमित चौधरी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष रोजगार मेला का आयोजन किया जाता है। यहां मेला आयोजित हुई है, कंपनियां आई हैं। अथार्त रोजगार आपके द्वार आया है। युवक-युवतियों को प्रशिक्षण दिया गया है। उनकी हुनर, स्कील के अनुरूप रोजगार और वेतन प्राप्त होगा। रोजगार मेला बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का बेहतर मंच : डीपीएम जेएसएलपीएस की डीपीएम अनीता केरकेट्टा ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस के माध्यम से पलामू में 18549 स्वयं सहायता समूह बनाएं गए हैं। वहीं 1310 ग्राम संगठन एवं 60 संकुल संगठन है। इससे 2 लाख 2 हजार से अधिक परिवार जुड़ा है। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के माध्यम से प्रशिक्षण दिलवाकर सभी को रोजगार से जोड़कर आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के अलावा युवाओं को समय-समय पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा रोजगार मेला का आयोजन किया जाता है, जिसमें प्रतिष्ठित कंपनियों को आमंत्रित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त बेरोजगार युवाओं को एक मंच प्रदान करना है, जहां युवा अपनी योग्यता के आधार पर कंपनी से संवाद स्थापित कर रोजगार प्राप्त कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि पलामू में आज आयोजित रोजगार मेला में 25 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं इसमें युवक-युवती अपनी रुचि एवं योग्यता के आधार पर कंपनी से संवाद स्थापित कर इस अवसर का भरपूर लाभ उठायें। कार्यक्रम के मौके पर एक लघु फिल्म के माध्यम से उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गतिविधियों से लोगों को अवगत कराया। 18 से 35 वर्ष के युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार मुहैया कराया जाता है युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार तथा स्वरोजगार सुनिश्चित करने हेतु सरकार के द्वारा कई योजनाएं चलायी जा रही है। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना उन्हीं में से एक है, जो ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत जेएसएलपीएस के द्वारा संचालित है। इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 35 वर्ष के युवाओं को, जो किसी कारण बस अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए, उन्हें विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण देकर रोजगार मुहैया कराया जाता है। 4100 युवाओं को कराया गया है प्रशिक्षण दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत पलामू के करीब 4100 युवाओं को सिलाई मशीन आॅपरेटर, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, फील्ड तकनिशियन, वेयरहाउस पैकर, डाटा इंट्री आॅपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव जैसे विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षित किया गया है। वहीं लगभग 2600 प्रशिक्षित युवा देश के विभिन्न कंपनी में कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न नियोक्ताओं ने भी युवक-युवतियों को प्रेरित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित रोजगार के क्षेत्र में लक्ष्य के विरुद्ध बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रखंडों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रूप में सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर हुसैनाबाद, दूसरे स्थान पर हैदरनगर एवं तीसरे स्थान पर मोहम्मदगंज प्रखंड रहा। इनके बीपीएम को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी असीम कुमार, जेएसएलपीएस के राज्य मुख्यालय के प्रोग्राम मैनेजर नियोजन साईं दत्ता मुखर्जी, प्रोग्राम एक्सक्यूटिव अमित चौधरी, जेएसएलपीएस पलामू के जिला वित प्रबंधक इमरान अहमद, जिला प्रबंधक स्किल एवं जॉब नवल किशोर राजू, सोशल मोबिलाइजर प्रबंधक अख्तर अंसारी, जिला समन्वयक स्किल एवं जॉब संदीप मिश्रा सहित सभी प्रखंड के बीपीएम, सीसी, जॉब रिसोर्स पर्सन एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षित एवं अप्रशिक्षित युवक-युवती एवं नियोक्तागण उपस्थित रहे।
सत्ता पक्ष के नेताओं ने पेपर लीक और मंईयां सम्मान योजना की बकाया किस्त को लेकर दिया बयान टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने अपनी-अपनी तैयारी कर ली है। बजट सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, पूर्व मंत्री और झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता हेमलाल मुर्मू, पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने मीडिया के सवालों का जवाब दिया। पेपर लीक और मंईयां योजना की अगली किस्त पर बोले हेमलाल पूर्व मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता हेमलाल मुर्मू ने एक सवाल के जवाब में कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ विरोध करना है। उन्होंने कहा कि पूरी उम्मीद है कि विधानसभा का बजट सत्र बेहतरीन तरीके से चलेगा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामले में सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है। राज्य की मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को जनवरी-फरवरी की राशि नहीं मिलने के सवाल पर हेमलाल मुर्मू ने कहा कि किसी को चिंता नहीं करनी चाहिए। बजट सत्र के दौरान ही मंईयां सम्मान योजना की राशि लाभुकों के खाते में भेज दी जायेगी। वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि हम सभी को उम्मीद है कि सरकार जन कल्याणकारी योजनाओं पर अहम फैसला लेगी। जातीय जनगणना, ओबीसी आरक्षण बढ़ाने सहित कई मुद्दों पर सार्थक निर्णय लिये जायेंगे। प्रदीप यादव ने कहा कि हमारे सारे विधायक इसकी तैयारी में हैं कि जिन मुद्दों को लेकर हम जनता के बीच गए हैं और जो मुद्दे आज भारतीय जनता के पार्टी के कारण लटकी है उन मुद्दों को फिर से जागृत किया जाए। उन्होंने पेपर लीक मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि पहले भी पेपर लीक होते होंगे, लेकिन तब ये बातें सार्वजनिक नहीं होती होंगी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में भाजपा नेताओं के ही नाम आ रहे हैं। वहीं राज्य के पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव ने उम्मीद जतायी है कि विधानसभा का बजट सत्र शांतिपूर्ण तरीके से चलेगा और जनहित में कई कार्य निपटाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि जनता से किए वादों को लेकर विपक्ष को अभी ज्यादा आक्रामक होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार 03 मार्च को सरकार बजट ला रही है। उन्हें देखना चाहिए कि क्या-क्या बजट में आता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.