Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

वर्ल्ड

View All
कोलंबिया : भूस्खलन से छह की मौत, 11 लापता
Published / 2023-07-19 14:24:24
कोलंबिया : भूस्खलन से छह की मौत, 11 लापता

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोलंबिया में सोमवार देर रात भूस्खलन के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गये और इसके कारण कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी और 11 अन्य लापता हो गये। स्थानीय मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट में कुंडिनमार्का विभाग में क्वेटेम के मेयर कैमिलो पाराडो के हवाले से कहा गया कि भूस्खलन में कम से कम 15 घर ढह गये। हमने पहले ही छह शव बरामद कर लिये हैं, सात लोग घायल हुए हैं और 11 लापता हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत कठिन स्थिति है और मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि भारी बारिश के बाद इस प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं को रोकने के लिए काम करने की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने कहा बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में कहा- महापौरों को इस सिद्धांत को प्राथमिकता देनी चाहिए। भूस्खलन के कारण एक टोल ब्रिज भी नष्ट हो गया, जिसकी वजह से राजधानी बोगोटा को विलाविसेंशियो शहर से जोड़ने वाला लानो सड़क मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया।

अमेरिका : पेंसिल्वेनिया में बाढ़ से पांच की मौत, दो लापता
Published / 2023-07-17 10:26:59
अमेरिका : पेंसिल्वेनिया में बाढ़ से पांच की मौत, दो लापता

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य में शनिवार शाम अचानक आयी बाढ़ से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य अभी भी लापता हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अपर मेकफील्ड टाउनशिप पुलिस विभाग ने फेसबुक पर कहा कि आकस्मिक बाढ़ ने कई मोटर चालकों को आश्चर्यचकित कर दिया और कई फंस गये।गौरतलब है कि अपर मेकफील्ड लगभग 8,800 निवासियों वाला बक्स काउंटी में एक टाउनशिप है, जो पेंसिल्वेनिया के सबसे बड़े शहर फिलाडेल्फिया से लगभग 56 किमी पूर्वोत्तर में स्थित है। स्थानीय पुलिस विभाग ने कहा कि यह क्षेत्र मूसलाधार बारिश की चपेट में आ गया, जिससे पूरे टाउनशिप के कई इलाकों में अचानक बाढ़ आ गयी। विभाग ने कहा- राहत एवं बचाव दल सुबह से ही लोगों को बचाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं और यह प्रयास अपराह्न तथा शाम तक जारी रहेगा।विभाग ने रविवार सुबह घोषणा की कि बाढ़ में बह गये तीन लोग मृत पाये गये। बाद में चौथी और पांचवीं मौत की पुष्टि की। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक बाढ़ में मरने वाले पांच लोगों में दो लापता बच्चों की मां भी शामिल है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक दक्षिण कैरोलिना का परिवार इलाके में रिश्तेदारों से मिलने गया था। वे बारबेक्यू के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन अचानक आयी बाढ़ में फंस गया। महिला का पति और चार साल का बेटा भागने में सफल रहे। परिवार की दादी भी बच गयीं और उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में किया गया।अपर मेकफील्ड टाउनशिप ने मौसम से संबंधित स्थानीय आपदा आपातकाल घोषित कर दिया है। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से बाढ़ के कारण घरों या व्यवसायिक संपत्तियों को हुए नुकासन की रिपोर्ट करने के लिए कहा है।

दलाई लामा का अमेरिकी कनेक्शन विशुद्ध अपराध : चीन
Published / 2023-07-12 18:51:17
दलाई लामा का अमेरिकी कनेक्शन विशुद्ध अपराध : चीन

दलाई लामा के अमेरिकी अधिकारी से मिलने पर बौखलाया चीन एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका में तिब्बती मुद्दों के लिए विशेष समन्वयक के रूप में कार्यरत अंडर सेक्रेटरी उजरा जेया ने रविवार को दिल्ली में 14वें दलाई लामा से मुलाकात की जिससे चीन भड़क गया। उच्च स्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ इस बैठक के बाद चीन की तीखी प्रतिक्रिया सामने आयी है। इस बैठक में निर्वासित तिब्बती सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे, चीन ने इस बैठक की तीखी आलोचना की है और इसे अपने घरेलू मामलों में हस्तक्षेप बताया है। दिल्ली में चीनी दूतावास के प्रवक्ता वांग जियाओजियान ने ट्वीट्स के जरिए कहा कि तिब्बत के मामले पूरी तरह से चीन के आंतरिक मामले हैं और किसी भी बाहरी ताकत को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। तिब्बत के मुद्दों के लिए अमेरिकी विशेष समन्वयक की अवधारणा पर सवाल उठाते हुए जियाओजियान ने इसे विशुद्ध अपराध और चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के लिए राजनीतिक हेरफेर का कदम कहा। बौखलाये चीन की ओर से कहा गया कि चीन हमेशा इसका कड़ाई से विरोध करता रहा है और उसने इसे कभी मान्यता नहीं दी है। चीनी दूतावास के प्रवक्ता ने यह भी कहा कि तथाकथित निर्वासित तिब्बती सरकार एक पूरी तरह से अलगाववादी राजनीतिक समूह और एक अवैध संगठन है जो पूरी तरह से चीन के संविधान और कानूनों का उल्लंघन है। गौरतलब है कि मई 2022 में अपनी भारत यात्रा के दौरान अमेरिका के विशेष दूत ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दलाई लामा से भी मुलाकात की थी। उस समय भी चीनी विदेश मंत्रालय ने इस मुलाकात की आलोचना करते हुए इसे चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बताया था। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने मीडिया से कहा था कि अमेरिका को अपनी इस प्रतिबद्धता का ईमानदारी से पालन करना चाहिए कि तिब्बत चीन का हिस्सा है।

दक्षिण अफ्रीका : जहरीली गैस रिसाव से 16 की मौत
Published / 2023-07-06 23:10:49
दक्षिण अफ्रीका : जहरीली गैस रिसाव से 16 की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पूर्व बोक्सबर्ग की एक बस्ती में बुधवार शाम जहरीली गैस का रिसाव होने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गयी। स्थानीय मीडिया ने आपातकालीन अधिकारियों के हवाले से कहा कि प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि यह अवैध सोने के खनन से जुड़ा हुआ मामला हो सकता है। नाइट्रेट आक्साइड गैस का उपयोग प्राय: खनिक अवैध सोना प्राप्त करने के लिए परित्यक्त खदान से चोरी की गयी मिट्टी से सोना निकालने के लिए करते हैं। बोक्सबर्ग की घनी आबादी वाले एंजेलो शैंटी शहर में नाइट्रेट आक्साइड का एक गैस सिलेंडर लीक हुई। एक आपातकालीन अधिकारी ने कहा कि घटनास्थल पर खोज और बचाव अभियान के साथ शवों की तलाश जारी है।

दक्षिणी मेक्सिको : खाई में बस गिरने से 27 की मौत
Published / 2023-07-06 09:23:58
दक्षिणी मेक्सिको : खाई में बस गिरने से 27 की मौत

सड़क से फिसलकर 75 फुट गहरी खाई में गिरी थी बस, मृतकों में डेढ़ साल का बच्चा भी शामिलएबीएन सेंट्रल डेस्क। दक्षिणी मेक्सिको में यात्री बस के सड़क से फिसलकर 75 फुट गहरी खाई में गिरने से कम से कम 27 यात्रियों की मौत हो गयी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह हादसा बुधवार को दक्षिणी राज्य ओक्साका के मिक्सटेका में हुआ। गृह मंत्री जेसस रोमेरो ने बताया कि दुर्घटना में 27 लोगों की मौत हो गयी, जिसमें डेढ़ साल का बच्चा भी शामिल है। उन्होंने बताया कि हादसे में करीब 20 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। रोमेरो ने बताया कि आशंका है कि चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन खाई में जा गिरा। रोमेरा ने एक स्थानीय टेलीविजन से कहा- ऐसा प्रतीत होता है कि चालक के कम प्रशिक्षित होने और थकान के कारण यह हादसा हुआ।

दुनिया का अबतक का सबसे गर्म दिन रहा 3 जुलाई
Published / 2023-07-05 13:38:01
दुनिया का अबतक का सबसे गर्म दिन रहा 3 जुलाई

गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड : वैज्ञानिक बोले- यह मौत की सजा है...एबीएन सेंट्रल डेस्क। जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। बढ़ती गर्मी से पूरी दुनिया हाल बेहाल है। इस बीच, अमेरिका के नेशनल सेंटर फॉर एनवायरनमेंटल प्रेडिक्शन ने गर्मी को लेकर एक रिपोर्ट जारी की, जिसमें बताया गया है कि वैश्विक स्तर पर 3 जुलाई अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। वैज्ञानिकों ने कहा कि बढ़ती गर्मी कोई जश्न नहीं, बल्कि लोगों के लिए मौत की सजा है।दुनिया भर में चल रही लू के कारण मंगलवार को औसत वैश्विक तापमान 17.01 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस तापमान ने साल 2016 में बने पिछले रिकॉर्ड 16.92 डिग्री सेल्सियस को पीछे छोड़ दिया है। वहीं, दक्षिणी अमेरिका हाल के सप्ताहों में भीषण गर्मी से जूझ रहा है। इसके अलावा, चीन में भी लोग गर्मी की मार झेल रहे हैं। यहां 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान बना हुआ है। वहीं, उत्तरी अफ्रीका में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया है। परेशान करने वाली बात यह है कि जहां सर्दियों का मौसम है, वहां भी गर्मी महसूस की जा रही है।सर्दी के मौसम में भी गर्मी की माररिपोर्ट में कहा गया है कि अंटार्कटिका में इस समय सर्दियों का मौसम है, लेकिन यहां असामान्य रूप से उच्च तापमान दर्ज किया गया है। अर्जेंटीना द्वीप समूह में यूक्रेन के वर्नाडस्की रिसर्च बेस ने हाल ही में 8.7 डिग्री सेल्सियस के साथ अपने जुलाई तापमान रिकॉर्ड को तोड़ दिया।वैज्ञानिकों ने बताया कारणब्रिटेन के जलवायु वैज्ञानिक फ्रेडरिक ओटो ने बढ़ते तापमान को लेकर कहा कि यह कोई मील का पत्थर नहीं है, जिसका हमें जश्न मनाना चाहिए। यह लोगों के लिए मौत की सजा है। वहीं, अन्य वैज्ञानिकों ने कहा कि जलवायु परिवर्तन इसके लिए जिम्मेदार है। शोधकर्ताओं का मानना है कि अल नीनो नामक प्राकृतिक मौसम घटना और इंसानों की ओर से कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन के संयोजन से गर्मी बढ़ रही है। बता दें, भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का तापमान बढ़ने की घटना अल नीनो कहलाती है।

पाकिस्तान : एएनएफ के हाथों पांच तस्कर गिरफ्तार
Published / 2023-06-29 19:40:26
पाकिस्तान : एएनएफ के हाथों पांच तस्कर गिरफ्तार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान में एंटी-नारकोटिक्स फोर्स (एएनएफ) ने बुधवार को देश के दक्षिण पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में पांच संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। एएनएफ के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है। प्रवक्ता ने बताया कि एएनएफ ने प्रांतीय राजधानी क्वेटा में मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान इन तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 18 किलोग्राम नशीला पदार्थ भी जब्त किया गया। गिरफ्तार तस्कर बलूचिस्तान और पूर्वी पंजाब प्रांत से हैं। प्रवक्ता ने बताया कि इन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और देश में इनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। एएनएफ ने हाल ही में नशीली दवाओं के तस्करों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है और संदिग्धों को पकड़ने के लिए देश भर में छापेमारी की जा रही है।

मिस्र में पीएम मोदी ने की योग गुरुओं से मुलाकात
Published / 2023-06-25 20:56:05
मिस्र में पीएम मोदी ने की योग गुरुओं से मुलाकात

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मिस्र की राजकीय यात्रा पर गये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम काहिरा में कुछ महत्वपूर्ण हस्तियों के साथ-साथ दो प्रमुख योग प्रशिक्षकों से मुलाकात की। श्री मोदी ने योग प्रशिक्षक नाडा अदेल और रीम जाबक, हसन अल्लम होल्डिंग कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हसन अल्लम और मिस्र के प्रसिद्ध लेखक एवं पेट्रोलियम रणनीतिकार तारेक हेग्गी से मुलाकात की।श्री मोदी ने ट्वीट किया- श्री नाडा एडेल और सुश्री रीम जबक पूरे मिस्र में योग को लोकप्रिय बनाने के लिए सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। काहिरा में उनके साथ अद्भुत बातचीत हुई। प्रधानमंत्री ने योग के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए उनकी प्रशंसा की और उन्हें भारत आने के लिए न्योता दिया। एक बयान में कहा गया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को मिस्र में योग के प्रति भारी उत्साह की जानकारी दी। श्री मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा- हसन अल्लम होल्डिंग कंपनी के सीईओ हसन अल्लम के साथ मेरी मुलाकात फलदायी रही।अर्थव्यवस्था और निवेश से संबंधित विषयों के अलावा मुझे मिस्र में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति उनके जुनून को सुनकर बहुत आनंद आया हसन अल्लम होल्डिंग कंपनी मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीकी क्षेत्र में काम करने वाली मिस्र की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, बुनियादी ढांचे और निर्माण क्षेत्रों में भारतीय कंपनियों के साथ घनिष्ठ सहयोग बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की।प्रधानमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, प्रख्यात विचारक हेग्गी तारेक के साथ बातचीत करके खुशी हुई। उन्होंने वैश्विक मुद्दों पर अपने व्यावहारिक विचार साझा किये। मैं विभिन्न संस्कृतियों से संबंधित मुद्दों पर उनके समृद्ध ज्ञान की प्रशंसा करता हूं दोनों के बीच वैश्विक भू-राजनीति, ऊर्जा सुरक्षा, कट्टरवाद और लैंगिक समानता से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई। मिस्र के ग्रैंड मुफ्ती के साथ अपनी मुलाकात पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- मिस्र के ग्रैंड मुफ्ती महामहिम प्रोफेसर शॉकी इब्राहिम अल्लम से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। भारत-मिस्र संबंधों विशेष रूप से सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के संबंधों पर समृद्ध चर्चा हुई।

अमेरिका : गोलीबारी में दो की मौत, 15 घायल
Published / 2023-06-25 17:05:16
अमेरिका : गोलीबारी में दो की मौत, 15 घायल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका में मिशिगन राज्य के सागिनॉ में पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी और 15 लोग घायल हो गये। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी।उन्होंने कहा- प्रारंभिक जांच के मुताबिक पार्टी में शामिल लोगों के बीच झगड़ा हुआ जिसके कारण गोलियां चलायी गयीं।। जवाब में भीड़ में से अन्य लोगों ने भीड़ पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे कई लोग घायल हो गये। जैसे ही लोग घटनास्थल से भाग गये, कई लोग वाहनों की चपेट में आने से घायल हो गये।पुलिस ने कहा कि सिगिनॉ में स्ट्रीट पार्टी में गोलीबारी में कम से कम पांच अलग-अलग कैलिबर के हथियारों का इस्तेमाल किया गया था। सोशल मीडिया पर पार्टी का प्रचार किया गया था। पुलिस ने कहा- पंद्रह लोग बंदूक की गोली से या किसी वाहन की चपेट में आने से घायल हो गये थे। 19 वर्षीय पुरुष और एक 51 वर्षीय महिला की मौत हो गयी है। सभी पंद्रह पीड़ितों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 28,970