कोरोना महामारी के प्रकोप से जूझ रहे भारत की स्थिति पर गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में महामारी के कारण भारत में स्थिति और भी खराब हो सकती है। बता दें पिचाई ने यह बातें एक समाचार चैनल से बातचीत के दौरान कहीं। सबसे खराब स्थिति आना अभी बाकी : पिचाई ने कहा, भारत की स्थिति अभी बहुत खराब है, लेकिन मुझे लगता है कि सबसे खराब स्थिति आना अभी बाकी है। इसके अलावा उन्होंने कोरोना महामारी से लड़ने के लिए भारत की मदद को अमेरिका की ओर से उठाए गए कदमों की तारीफ भी की। भारत की मदद के लिए अमेरिका की तारीफ की: गूगल सीईओ ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि संयुक्त राज्य अमेरिका में उच्चतम स्तर पर बैठे लोग किस तरह से भारत समेत अन्य देशों में व्याप्त स्वास्थ्य संकट की ओर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति बाइडेन, सचिव ब्लिंकन से लेकर अलग-अलग स्तरों पर अधिकारी इस पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं कि वो भारत और अन्य प्रभावित देशों को कैसे मदद कर सकते हैं। मदद को आगे आए हाथ : उल्लेखनीय है कि सुंदर पिचाई ने अभी हाल ही में भारत में कोरोना का हाल देखते हुए 135 करोड़ रुपये के रिलीफ फंड की घोषणा की थी। वहीं, अमेरिका की तरफ से शुक्रवार (30 अप्रैल) को कोविड-19 से लड़ने में जरूरी सामानों भरी मदद की पहली खेप भारत पहुंची थी। इसमें 440 ऑक्सीजन सिलेंडर व रेगुलेटर, 9 लाख 60 हजार रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट किट आदि सामान शामिल थे। अमेरिका के अलावा यूरोपीय संघ (ईयू) के कई सदस्य देश कोरोना महामारी से निपटने में मदद के लिए भारत को की मदद को आगे आए हैं। संघ के नागरिक रक्षा तंत्र के जरिये यूरोपीय देश जैसे आयरलैंड, बेल्जियम, रोमानिया, लक्समबर्ग, पुर्तगाल और स्वीडन ने 27 अप्रैल को घोषणा की थी कि वे देश को ऑक्सीजन सांद्रक और वेंटिलेटर जैसी चिकित्सा आपूर्ति भेज रहे हैं। अब इस सूची में फ्रांस, इटली, ऑस्ट्रिया और फिनलैंड भी शामिल हो गए हैं। ईयू ने एक बयान में कहा कि आगामी दिनों में जर्मनी सहित ईयू के अन्य सदस्य देशों से भी मदद भेजे जाने की उम्मीद है।
एबीएन डेस्क। ब्राजील में महज एक महीने में कोरोना वायरस से 1,00,000 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण के बाद लोगों के मरने की इस भयावह रफ्तार से ब्राजील में दहशत फैली हुई है। दक्षिण अमेरिका के इस देश में कोरोना से मरने वाले लोगों की कुल संख्या 400000 के पार पहुंच गई है। हालांकि, कोविड से हुई कुल मौतों के मामले में ब्राजील अब भी दुनिया में दूसरे नंबर पर है। कुछ स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने देश में हालात और बिगड़ने को लेकर आगाह किया है। अबतक 4 लाख से ज्यादा लोगों की मौत ब्राजील में इस वैश्विक महामारी से अप्रैल में सबसे अधिक मौत हुई हैं। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस महीने के पहले दो दिनों में 4,000 से अधिक लोगों की मौत हुई। पिछले दो हफ्तों में हर दिन करीब 2,400 लोगों की मौत हुई और स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को 3,001 और लोगों के मरने की जानकारी दी, जिससे देश में मृतकों की संख्या 401,186 पर पहुंच गई। कोरोना के एक और लहर की आशंका से बढ़ी चिंता स्थानीय स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने संक्रमण के मामले और मौत की संख्या घटने पर थोड़ी राहत की सांस ली, लेकिन उन्हें बीमारी की एक अन्य लहर आने की आशंका है जैसा कि कुछ यूरोपीय देशों में देखा गया। ऑनलाइन रिसर्च वेबसाइट आवर वर्ल्ड इन डेटा के अनुसार छह प्रतिशत से भी कम ब्राजीलियाई नागरिकों को कोविड-19 का टीका लगा है।
कनाडा और सयुक्त अरब अमीरात व फ्रांस सहित कई देशों के बाद अब आस्ट्रेलिया ने भी भारत से आने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी है। भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारतीय उड़ानों पर रोक लगाई है । देश के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन की ओर से महामारी के मामलों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके तहत आगामी 15 मई तक भारत से कोई उड़ान ऑस्ट्रेलिया नहीं जाएगी। इससे पहले थाइलैंड, सिंगापुर, बांग्लादेश और ब्रिटेन समेत दुनिया के कई देशों ने भी भारत से होने वाली यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। मंगलवार को लगातार छठे दिन भारत में संक्रमण के नए मामलों का आंकड़ा 3 लाख से अधिक दर्ज किए गए। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रमुख अधनम घेब्रेसस ने कहा, दुनिया के दूसरे बहुसंख्यक देश भारत में महामारी के कारण हालात हृदय विदारक है। बता दें कि भारत में पिछले 24 घंटे में 3.23 लाख नए केस सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटे में 3,23,144 नए कोरोना मामले आने से मरीजों की कुल संख्या 1,76,36,307 तक पहुंच गई है। वहीं एक दिन में 2771 लोगों की मौत हुई जिससे मृतकों की संख्या 1,97,894 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय केे मुताबिक देश में 28,82,204 मरीज कोरोना का इलाज करा रहे हैं।
एबीएन डेस्क। कोरोनावायरस की उत्पत्ति को लेकर सवाल उठते रहे हैं। इसके लिए चीन की वुहान लैब कई बार निशाने पर आई, लेकिन चीन लगातार इनकार करता रहा। लेकिन अखबार ने एक ऐसा खुलासा किया, जिससे हर कोई हैरान है। दावा किया जा रहा है कि चीनी सेना के कई खुफिया प्रोजेक्ट में वुहान लैब ने मदद की। साथ ही, उनके लिए कई जानवरों के खतरनाक वायरस भी खोजे। बताया जा रहा है कि पिछले नौ साल से लैब वैज्ञानिक नए वायरस की खोज और बीमारी फैलाने में शामिल जीव विज्ञान के डार्क मैटर पर रिसर्च कर रहे थे। इसमें चीनी सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं। गौरतलब है कि पिछले साल जनवरी में एक चीनी वैज्ञानिक ने जनरल प्रकाशित की थी, जिसमें बताया गया था कि तीन साल में यहां पर 143 नई बीमारियों की खोज की गई है। वैज्ञानिकों ने की सेना की मदद : चीन के वुहान लैब में वैज्ञानिकों ने जानवरों के वायरस खोजने के लिए चीनी सेना की मदद की थी। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि इसमें पांच टीम लीडरों में शि झेंगली उर्फ बैट वुमन और एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी काओ वुचुन भी सैंपल खोजने के लिए गुफाओं में गए थे। अमेरिका के वेंडन इस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी का आरोप है कि इस तरह के वायरस फैलाने में चीन के नागरिक और सेना दोनों शामिल हैं। चीन पर पहले से ही आरोप है कि वुहान लैब से कोरोना वायरस फैला है। लेकिन चीन इसको मानने को तैयार नहीं है। यहां तक कि अब विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी साफ कर दिया कि वुहान लैब से कोरोना नहीं फैला है, बल्कि यह किसी जानवर से इंसान तक पहुंचा है। कोरोना पर चीन की हुई जमकर आलोचना : गौरतलब है कि पिछले महीने अमेरिका, ब्रिटेन समेत 12 अन्य देशों ने चीन से इस महामारी के नमूने को शेयर करने की अपील की थी, लेकिन बीजिंग ने उसे खारिज कर दिया। जिसके बाद चीन की काफी आलोचना हुई थी। बता दें कि अमेरिकी विदेश विभाग ने वुहान लैब में नए वायरस के बारे में बहुत पहले ही सूचना दे दी थी। विदेश विभाग ने कोरोना से हफ्तों पहले बताया था कि चीन समेत दुनिया में एक नया वायरस कहर बरपाएगा।
एबीएन डेस्क। देश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार दूसरे दिन गुरुवार को देश में कोरोना वायरस के तीन लाख से अधिक मामले सामने आए। देश में गुरुवार को 3,32,730 लाख कोरोना संक्रमित मरीज मिले। बुधवार को 3.15 लाख मामले सामने आए थे। ऐसा पहली बार हुआ है कि लगातार दूसरे दिन तीन लाख से ज्यादा मामले मिले। डब्ल्यूएचओ के आंकड़े बताते हैं कि इससे पहले सिर्फ दो बार ही ऐसा हुआ जब मामले तीन लाख से ऊपर गए। 20 दिसंबर 2020 को अमेरिका में 4,02,270 और 10 जनवरी 2021 को अमेरिका में ही कोरोना वायरस के 3,13,516 मामले सामने आए थे। बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान देश में 2,263 मरीजों की मौत हुई। देश में इस वक्त 24,28,616 सक्रिय मामले हैं, जिसके बाद कुल मौतों की संख्या 1,86,920 पहुंच गई। 24 घंटे के दौरान 1,93,279 मरीज ठीक होकर अपने घर गए। ऐसे में ठीक होने वाले कुल मरीजों की संख्या 1,36,48,159 हो गई है। देश में अब तक 13,54,78,420 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने लगातार आठ सप्ताह तक कोविड-19 के स्तर को खतरनाक बताते हुए कहा है कि पिछले एक सप्ताह में दुनिया के भीतर 52 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। महानिदेशक टेड्रॉस घेब्रेयेसिस ने बताया कि जब से महामारी शुरू हुई है तब से कोरोना संक्रमण के एक सप्ताह में ये सर्वाधिक मामले हैं। इस दौरान होने वाली मौतें भी काफी बढ़ गईं। डब्ल्यूएचओ महानिदेशक ने चेतावनी दी है कि महामारी की रफ्तार काफी तेज हो रही है। यहां तक कि कुछ देशों में टीकों की दलाली भी शुरू होने की खबरें मिली हैं। इसका संक्रमण से निपटने के उपायों पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने बताया, मौतों का आंकड़ा 10 लाख होने में नौ माह लगे। इसके बाद अगले चार माह में यह आंकड़ा 20 लाख हो गया जबकि उसके बाद के महज तीन माह में यह आंकड़ा 30 लाख को छू गया है। बुधवार तक दुनिया में संक्रमितों की संख्या 14.36 करोड़ पार कर गई जबकि मरने वालों की संख्या 30.60 लाख हो गई। टेड्रॉस ने कहा, यह आंकड़ा परिवारों, समुदायों और देशों के लिए एक त्रासदी है। उन्होंने कहा, वायरस के प्रसार का खामियाजा छोटी उम्र के वयस्कों को भी उठाना पड़ रहा है। नई लहर में 25 से 59 साल की उम्र वालों में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। भारत में महामारी प्रसार पर अमेरिका की पैनी निगाह अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हम भारत में कोविड-19 महामारी के प्रसार पर ‘पैनी’ निगाह बनाए हुए हैं। अमेरिकियों के भारत यात्रा से बचने का सुझाव देने के एक दिन बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, भारत या किसी भी देश के लिए हम लोग हर वह संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो हम मौजूदा समय में कर सकते हैं। हम वायरस पर काबू करने को लेकर आशान्वित हैं। टीकाकरण का दायरा व उत्पादन बढ़ाएगा अमेरिका अमेरिका वैश्विक टीकाकरण का दायरा बढ़ाने, उत्पादन करने और वितरण पर विशेष ध्यान दे रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि अमेरिका फिर से डब्ल्यूएचओ के साथ जुड़ गया है। हमने कोवैक्स सुविधा के लिए उसे दो अरब डॉलर अभी और दो अरब डॉलर बाद में देने का वादा किया है। हमने इस मुद्दे पर भारत के अलावा कनाडा और मेक्सिको से भी बात की है। सिंगापुर में भारतीय दोबारा कोरोना संक्रमित सिंगापुर में 43 साल का एक भारतीय 15 दिन के अंदर संभवत: दूसरी बार कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया है। अधिकारियों ने भारतीय की पहचान उजागर न करते हुए बताया कि यह शख्स दो अप्रैल को संक्रमित पाया गया और चार दिन बाद रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब उसे दोबारा संक्रमित पाया गया है और उसके दो रिश्तेदार भी उससे संक्रमित हो गए हैं।
ब्रिटेन की मेजबानी में होने वाली जी-7 देशों के विदेश व विकास मंत्रियों की बैठक में आंमत्रित अतिथि देशों में भारत भी शामिल है। विदेश राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय ने जानकारी दी। लंदन में होने वाली जी-7 देशों के शिखर सम्मेलन में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान, इटली, अमेरिका और ब्रिटेन के साथ ही यूरोपीय यूनियन के विदेश मंत्री शामिल होंगे। कोविड सुरक्षा उपायों के बीच यह बैठक तीन से पांच मई के बीच होगी। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के सम्मेलन कुछ हिस्सों में शामिल होने की उम्मीद है। बैठक में भारत के अलावा भारत-प्रशांत क्षेत्र के देश अतिथि के रूप में शामिल होंगे। एफसीडीओ ने कहा कि विदेश मंत्री ने इस वर्ष समूह सात के विदेश और विकास मंत्रियों की बैठक के कुछ हिस्सों में शामिल होने के लिए भारत, ऑस्ट्रेलिया, कोरिया गणराज्य, दक्षिण अफ्रीका और दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ के अध्यक्ष एवं महासचिव को भी अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि बैठक में इनकी उपस्थिति अनुभव और भौगोलिक प्रतिनिधित्व को लाएगी, साथ ही भारत-प्रशांत क्षेत्र के महत्व को प्रदर्शित करेगी। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने मंगलवार को संसद में बैठक की योजनाओं की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्रों के लिए एक साथ आने का मौका होगा।
एबीएन डेस्क। दुनियाभर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते दिन दुनिया में कोरोना के 7.83 लाख मरीजों की पहचान हुई। इस दौरान 11,574 लोगों की मौत भी हुई। सबसे ज्यादा मामले अब भी भारत में आ रहे हैं। यहां शनिवार को 2.60 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई। इसके बाद ब्राजील में 65,792 और अमेरिका में 63,581 नए मामले सामने आए। इसके अलावा तुर्की में 62,606 और फ्रांस में 35,861 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उधर, ब्राजील से फ्रांस आने वाले लोगों के लिए नए नियमों का ऐलान कर दिया गया है। फ्रांस में मिले ब्राजीली वैरिएंट के केसों के बाद ब्राजील से यहां आने वाले लोगों को 10 दिन क्वारैंटाइन में रहना होगा। यह नियम 24 अप्रैल से लागू होगा। दुनिया में अब तक 14 करोड़ 13 लाख से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 30 लाख 23 हजार मरीजों की मौत हो चुकी है। 11.99 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 1.83 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें एक लाख 6 हजार 886 मरीजों की हालत क्रिटिकल है और 1.82 लाख लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse