Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

करियर

View All
झारखंड : दो लाख युवाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
Published / 2023-06-17 14:36:08
झारखंड : दो लाख युवाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजनाटीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा रोजगार सृजन योजना में किया गया सरलीकरण आज स्वरोजगार करने वाले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग के लिए वरदान साबित हो रहा है।अब स्वरोजगार अपना कर खुद मालिक और अन्य को भी रोजगार देने में सहायक बन रहें हैं। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत विगत दो वित्तीय वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 राज्य भर के 6272 युवाओं को स्वरोजगार के लिए सरकार ने 104.97 करोड़ रुपये का ऋण प्रदान किया है। वहीं वित्तीय वर्ष 2023-24 के करीब दो लाख युवाओं को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य तय किया गया है। योजना के तहत सबसे अधिक लाभुक पूर्वी सिंहभूम के हैं। यहां के 940 युवाओं को योजना का लाभ मिला और उनके बीच स्वरोजगार हेतु 6.26 करोड़ की राशि निर्गत हुई। दुमका के 657 युवाओं को योजना का लाभ मिला और स्वरोजगार के लिए इन्हें 11.66 करोड़ रूपये ऋण दिया गया। वहीं हजारीबाग में 567 युवाओं के बीच 7.31 करोड़ की राशि बतौर ऋण निर्गत हुई।

नीट-2023 की परीक्षा ब्रदर्स एकेडमी के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
Published / 2023-06-14 21:07:50
नीट-2023 की परीक्षा ब्रदर्स एकेडमी के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

टीम एबीएन, रांची। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्रदर्स एकेडमी से ढेर सारे छात्रों ने नीट 2023 परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। सामान्य वर्ग से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कुछ छात्र रहे, समर्थ (स्कोर 660/720), सक्षम (स्कोर 660/720), एस धनरेश (स्कोर 635/720), एवम अन्य रहे।नीट 2023 में ब्रदर्स एकेडमी के छात्रों ने शानदार उपलब्धि हासिल की। नीट 2023 में हमारे छात्रों की सफलता 95% रही। छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के सारगर्भित मार्गदर्शन, अपने माता-पिता के अनुशासन और समस्त परिवार जनों के आशीर्वाद व सहयोग को दिया। समर्थ श्रेयस और सक्षम श्रेयस का मानना है कि एक औसत छात्र भी अपने दृढ़ संकल्प, आत्मबल, धैर्य और सघन परिश्रम के बल पर अपना एमबीबीएस करने का सपना साकार कर सकता है।संस्थान के निदेशक पारस अग्रवाल, प्रेम प्रसून और शुभेंदु शेखर ने कहा कि एक बार फिर हमारे छात्रों की सफलता ने एकेडमी का गौरव बढ़ाया है। कई छात्रों ने विषम परिस्थितियों से जूझते हुए अपनी सफलता की गाथा लिख कर एक मिसाल कायम की है। सफलता परीक्षा के दिन नहीं बल्कि तैयारी के दौरान गढ़ी जाती है। निदेशकों ने छात्रों की सफलता पर बधाई देते हुए आगे की जीवनयात्रा की सफलता के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सफल छात्रों के अभिभावकों ने भी इनकी सफलता का श्रेय छात्रों के अथक परिश्रम और ब्रदर्स एकेडमी के शिक्षकों को देते हुए कहा कि संस्थान के अनुशासित शैक्षणिक और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण से बच्चों की क्षमता में बहुत इजाफा हुआ।आशा है गत वर्ष की तरह इस बार भी आप हमारे छात्रों की सफलता की गाथा को अपने समाचार पत्र में यथोचित स्थान दे कर समाज को प्रेरित करेंगे। उक्त जानकारी ब्रदर्स एकेडमी के निदेशक पारस कुमार अग्रवाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

नीट परीक्षा में एसआर डीएवी पुंदाग के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
Published / 2023-06-14 21:06:46
नीट परीक्षा में एसआर डीएवी पुंदाग के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल,पुंदाग में खुशी की लहर दौड़ गयी। चिकित्सक बनने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण परीक्षा है। विद्यालय के दीप कुमार गुप्ता, प्रियांक  कुमार झा, निखिल कुमार साहू, पल्लवी, प्रेरणा शंकर, मोहम्मद अफसर, शुभम चौधरी, अभिषेक, इशांत  कुमार झा, नेहा रंजन, अचल अमन  तथा तपस्वी। इन बारह विद्यार्थियों ने सफलता का परचम लहराकर विद्यालय का नाम ऊंचा किया। कुल 720 अंकों में से दीप कुमार गुप्ता ने 628, प्रियांक कुमार झा ने 604 तथा निखिल कुमार साहू ने 537 अंक प्राप्त करके विद्यालय का मान बढ़ाया। प्राचार्य संजीत कुमार मिश्रा ने उक्त सभी विद्यार्थियों, उनके माता-पिता तथा शिक्षकों को इस महत्त्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थियों पर हमें गर्व है। अभी तो इन्होंने सफलता की पहली सीढ़ी चढ़ी है। अभी मंजिल तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी होगी। विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति सचेत रहकर अथक परिश्रम करते रहेंगे, तभी उनका सपना साकार हो पायेगा। वे सभी योग्य डॉक्टर बनकर अपने समाज व देश की सेवा कर पायेंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आरयू मास कॉम के छात्रों ने सीखा रेडियो प्रोडक्शन, रिकार्डिंग और प्रसारण की बारीकियां
Published / 2023-06-13 20:22:43
आरयू मास कॉम के छात्रों ने सीखा रेडियो प्रोडक्शन, रिकार्डिंग और प्रसारण की बारीकियां

टीम एबीएन, रांची। स्कूल आफ मास कम्युनिकेशन के छात्रों ने रांची विश्वविद्यालय के कम्यूनिटी रेडियो खांची का भ्रमण कर रेडियो प्रोडक्शन, डिजिटल रिकार्डिंग तकनीक, साउंड एडिटिंग तथा प्रसारण विधि को देखा और सीखा। रेडियो खांची के एंकर तथा प्रॉड्यूसर वैभवी और रंजन ने छात्रों को सभी चीजों को बारीकी से बताया। छात्रों ने कहा कि वह अब तक रेडियो प्रोडक्शन और प्रसारण के बारे में सिर्फ थ्योरी पढते आये थे, पर आज सारी प्रक्रियाओं को प्रायोगिक तौर पर देखना, सीखना बिल्कुल ही नया और रूचिकर अनुभव है।

गर्व की बात... सीआईटी का छात्र राज रोशन पांडेय राष्ट्रीय स्तर पर अव्वल
Published / 2023-06-07 18:16:29
गर्व की बात... सीआईटी का छात्र राज रोशन पांडेय राष्ट्रीय स्तर पर अव्वल

टीम एबीएन, रांची। सीआईटी के छात्र ने राष्ट्रीय स्तर पर अव्वल आकर नाम रौशन किया। भारत सरकार के मानव संसाधन विकास विभाग द्वारा संचालित नेशनल प्रोग्राम ऑन टेक्नोलॉजी इनहैंस्ड लर्निंग (एनपीटीईएल) प्रोजेक्ट स्वयं के तहत आईआईटी मद्रास द्वारा गत माह आयोजित बेसिक कंस्ट्रक्शन मैटेरियल कोर्स के परीक्षाफल की घोषणा कर दी गयी है।इसमें सीआइटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग सेकंड ईयर के छात्र राज रोशन पांडेय ने देश भर में अव्वल स्थान प्राप्त किया है। बता दें कि विभिन्न आईआईटी कॉलेजों द्वारा इंजीनियरिंग कोर्सेज के लिए परीक्षा आयोजित किया गया था। जिसमें लाखों विद्यार्थियों ने भाग लिया था। छात्र राज रोशन पांडेय की सफलता को लेकर संस्थान के शिक्षकों व विद्यार्थियों में हर्ष व्याप्त है। छात्र ने अपनी सफलता का श्रेय माता पिता एवं अपने शिक्षकों को दिया है। मालूम हो कि राज रोशन पांडेय की पारिवारिक पृष्ठभूमि काफी साधारण है व उनके पिता किसान हैं। संस्थान के प्रशासनिक निदेशक नवनीत सिंह व प्रभारी प्राचार्य प्रो अरशद उस्मानी ने छात्र की अप्रतिम सफलता को लेकर प्रसन्नता जाहिर करते हुए अन्य विद्यार्थियों को इससे प्रेरणा लेने की बात कही। सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रशांक मणि ने कहा कि संस्थान में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद छात्र को सम्मानित किया जायेगा।

झारखंड में जल्द बहाल होंगे 26 हजार सहायक आचार्य
Published / 2023-06-05 22:19:17
झारखंड में जल्द बहाल होंगे 26 हजार सहायक आचार्य

एबीएन कैरियर डेस्क। झारखंड के सरकारी स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों के पदों को भरने को लेकर राज्य सरकार गंभीर है। इसके तहत सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जहां 2016 से लंबित करीब दस हजार हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। वहीं, सहायक आचार्य के करीब 26 हजार पदों पर नयी नियुक्ति शुरू करने की तैयारी की गयी है।झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से होने वाले चयन के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। शिक्षा सचिव के रवि कुमार के अनुसार इसी सप्ताह अधियाचना झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को भेज दिया जायेगा। इसके अलावे जून के अंत में हाईस्कूल शिक्षक नियुक्ति 2016 के तहत विभिन्न विषयों के करीब 4 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी की जा रही है। इन शिक्षकों का सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन सहित अन्य विभागीय प्रक्रिया की जा रही है।राज्य सरकार के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में 50 हजार से अधिक रिक्तियां हैं जिस वजह से शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा है। इन विद्यालयों में सहायक आचार्य की नियुक्ति करने की हरी झंडी दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने सबसे पहले दी थी। जगरनाथ महतो की पहल पर सरकार के विभिन्न विभागों में फाइलें घूमती रही। जिला स्तर पर आर्थिक रूप से कमजोर यानी ईडब्ल्यूएस का आरक्षण व्यवस्था नहीं होने के कारण यह लटकता रहा। बाद में सरकार ने 10% ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षण का प्रावधान कर जिला स्तर पर रोस्टर क्लीयरेंस कराया। तत्पश्चात शिक्षा विभाग पूरी तरह से सहायक आचार्य की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत एक से 5 वर्ग के लिए 20,825 पद वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए 29175 पदों पर नियुक्ति की जायेगी  जेएसएससी के द्वारा 26,000 पद के लिए होने वाली परीक्षा में वर्ष 2013 और 2016 में जेटेट पास परीक्षार्थी शामिल होंगे। राज्य सरकार के आरक्षण प्रावधान के तहत इस नियुक्ति प्रक्रिया में 60% सीटें आरक्षित रहेंगी। इस नियुक्ति प्रक्रिया में पारा शिक्षक, बीआरपी, सीआरपी, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के शिक्षकों के लिए आरक्षण की व्यवस्था होगी।

पांच को होगी सीयूइटी-पीजी, एडमिट कार्ड जारी
Published / 2023-06-04 19:05:16
पांच को होगी सीयूइटी-पीजी, एडमिट कार्ड जारी

टीम एबीएन, रांची। कॉमन यूनिवर्सिटी इंट्रेंस टेस्ट (सीयूइटी-पीजी) पांच जून को शुरू होगा। यह परीक्षा 17 जून तक होगी। पहले चरण यानी पांच से आठ जून के लिए एनटीए ने एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। अभ्यर्थी एनटीए वेबसाइट पर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा सीबीटी मोड में तीन पालियों में होगी। एनटीए ने 60 विषयों को री-शेड्यूल किया है। इसमें वैसे विद्यार्थी भी शामिल हो सकेंगे, जो एडमिट कार्ड प्राप्त नहीं कर पाये हैं। उनकी परीक्षा अन्य दिन होगी। किसी तरह की जानकारी के लिए 011-40759000, 011-69227700 से प्राप्त कर सकते हैं।

सी- मैट का रिजल्ट जारी, अनिकेत बने टापर
Published / 2023-06-01 22:18:08
सी- मैट का रिजल्ट जारी, अनिकेत बने टापर

टीम एबीन, लोहरदगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 31 मई को सी-मैट रिजल्ट 2023 घोषित कर दिया है। झारखंड की राजधानी रांची अशोक नगर निवासी आशीष कुमार घोषाल और मीना घोषाल के छोटे पुत्र अनिकेत घोषाल टापर बने हैं। उन्हें 97.17 परसेंटाइल प्राप्त हुआ है। अनिकेत मूल रूप से धनबाद के रहने वाले हैं।इनके बड़े भाई अनिमेष घोषाल भी इंजीनियर हैं। इसके अलावे रांची से ही ऐश्वर्या वर्मा को 88.54 परसेंटाइल, अंकिता सिन्हा को 83.38 परसेंटाइल प्राप्त हुआ है। बता दें कि जो उम्मीदवार कामन मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट 2023 के लिए उपस्थित हुए थे। वह अब अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। उम्मीदवारों को परिणाम लागइन विंडो के माध्यम से अपने सीएमएटी स्कोर कार्ड तक पहुंचने के लिए अपने लागइन विवरण जैसे कि आवेदन संख्या और जन्म तिथि का उपयोग करना होगा। सी मैट 2023 की परीक्षा चार मई को दो अलग-अलग पालियों में आयोजित की गई थी। शिक्षक गोपालजी झा ने बताया कि पहली पाली सुबह नौ बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चली, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चली। सी-मैट उत्तर कुंजी 2023 12 मई को जारी की गई थी और उम्मीदवारों को 16 मई तक आपत्तियां उठाने का समय दिया गया था। परिणाम आने से छात्रों में खुशी देखी गई।

झारखंड : बोर्ड रिजल्ट में बेटियों का दबदबा बरकरार, सीएम ने दी बधाई
Published / 2023-05-31 17:58:57
झारखंड : बोर्ड रिजल्ट में बेटियों का दबदबा बरकरार, सीएम ने दी बधाई

टीम एबीएन, रांची। जैक बोर्ड ने आज लंबे इंतजार के बाद इंटर आर्ट्स और कॉमर्स का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार आर्ट्स श्रेणी में 95.57 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं, वहीं कॉमर्स में कुल 88.6 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। झारखंड बोर्ड रिजल्ट मार्कशीट डाउनलोड करने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और रोल कोड का इस्तेमाल करना होगा।बता दें कि इस साल आर्ट्स स्ट्रीम के लिए कुल 216856 छात्र और कॉमर्स स्ट्रीम के 25147 छात्र थे। रिजल्ट जारी होने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी छात्रों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि झारखंड एकेडमिक कॉउन्सिल (जैक) बोर्ड इंटर (आर्ट्स) और (कॉमर्स) परीक्षा में उत्तीर्ण होने सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। आप सभी का भविष्य उज्ज्वल हो, यही कामना करता हूं। इस अवसर पर सभी अभिभावकों और शिक्षकों को भी हार्दिक बधाई।बोर्ड के रिजल्ट में एक बार फिर से बेटियों का दबदबा देखने को मिला है। आर्ट्स में कशिश प्रवीण ने टॉप किया है, जिसे कुल 500 अंकों में 469 अंक लाये हैं, जबकि कॉमर्स संकाय की बात करें तो रांची की सृष्टि कुमारी ने टॉप किया है। उसने कुल 500 अंकों में से 480 अंक लाये हैं। बता दें कि झारखंड बोर्ड 12वीं कॉमर्स स्ट्रीम में इस साल पास प्रतिशत पिछले साल की अपेक्षा कम है। पिछले साल 92.75% छात्र पास हुए थे, जबकि इस साल मात्र 88.60% छात्र पास हुए है। वहीं इस साल टॉप जिलों की बात करें तो हजारीबाग 98.47 फीसदी, सिमडेगा 98.38 प्रतिशत, खूंटी 98.04 प्रतिशत के साथ टॉप पर है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 116,051