टीम एबीएन, रांची। डॉ रामदयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान (टीआरआई), मोरहाबादी में सात से नौ सितंबर तक आदिवासी आर्थिकी: वैकल्पिक अर्थव्यवस्था की परिकल्पना विषयक सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। सेमिनार में पंद्रह राष्ट्रीय - अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त अर्थशास्त्री अपना अनुभव साझा करेंगे। उद्घाटन विभागीय प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का दिन के 11 बजे करेंगे। यह जानकारी संस्थान के निदेशक, साहित्यकार रणेंद्र ने होटल ली- लैक में संवाददाताओं को दी। इस अवसर पर कल्पवृक्ष, पुणे के सह संस्थापक अशोक कोठारी, विभावि के पूर्व वीसी, अर्थशास्त्री डॉ रमेश शरण, जोशी- अधिकारी इंस्टीट्यूट आफ सोशल स्टडीज नयी दिल्ली से संबद्ध वरिष्ठ अर्थशास्त्री डॉ जया मेहता, रांची विवि के अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ ज्योति प्रकाश, संस्थान की उपनिदेशक मोनिका रानी टूटी और सहायक निदेशक अमृता प्रियंका एक्का उपस्थित थीं।
एबीएन कैरियर डेस्क। रायगढ़ जवाहर नवोदय विद्यालय, भूपदेवपुर, रायगढ़ में सत्र 2023-24 के लिए कक्षा-6 वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा 20 जनवरी 2024 को रायगढ़ जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों में आयोजित होगी। उक्त परीक्षा हेतु पात्र अभ्यर्थी संबंधित दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रपत्र को पूर्णत: भरकर एवं प्रधानाध्यापक से प्रमाणित कराने के पश्चात समिति की वेबसाईट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/Index/Registration में 31 अगस्त 2023 आॅनलाईन आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके लिए आवेदक रायगढ़ जिले का निवासी हो और जिले के मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5 वीं में अध्ययनरत होना चाहिए।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 21 अगस्त को बी आई टी मेसरा लालपुर सेंटर का तीसरा कंप्यूटर प्रयोगशाला का उद्घाटन निदेशक डॉ वंदना भट्टाचार्य की गरिमामय उपस्थिति में हुआ। उसे सभी विद्यार्थियों के लिए समर्पित किया गया। यह प्रयोगशाला के होने से छात्रों में उल्लास देखा गया।इस प्रयोगशाला के अतिरिक्त और दो प्रयोगशाला निर्माणाधीन है। शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए कुलपति का प्रयास आज सार्थक होते दिखाई दे रहा है। यह बात निदेशक वंदना भट्टाचार्य ने विद्यार्थियों से बात करते हुए कही। उन्होंने बताया कि इस सेंटर को और बेहतरीन तरीके से सुसज्जित करने के लिए पहल की जा रही है। उद्घाटन के अवसर पर प्रबंधन के शिक्षक डॉ प्रणव कुमार, डॉ प्रदीप मुंडा डॉ अमृता प्रियम डॉ, संजय कुमार, डॉ कुन्तल मुखर्जी, सिद्धि कांत मिश्रा, मनोज कुमार, सुभाशीष रॉय, शांतनु सिन्हा, मनीष खन्ना, दिनेश कुमार महतो, मोहन महतो, प्रभु महतो, अनामिका कुमारी, मिनी दुबे, रवि भूषण पांडेय, ऐलिस टोप्पो, गौतम तांती, राज कुमार थापा, डॉ संजय कुमार, सोमनाथ चटर्जी, राणा प्रताप मिश्रा सहित सभी संकाय के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी मैदान में किया ध्वाजारोहणटीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची के मोरहाबादी मैदान स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने 38 हजार पदों पर नियुक्ति की घोषणा की। कहा कि अधियाचना झारखंड कर्मचारी आयोग को भेज दी गयी है। शीघ्र ही इन पदों पर नियुक्ति होगी। कहा कि नियुक्तियों में झारखंड के लोगों को उनका उचित हक मिले, इसे सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा मुख्य्मंत्री ने कहा कि झारखंडवासियों की उन्नति, खुशहाली और सशक्तिकरण के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए कई योजनाएं चलायी जा रही हैं।उन्होंने इस अवसर पर अबुआ आवास योजना की घोषणा की। इस योजना के तहत आगामी दो वर्षों में 15 हजार करोड़ करोड़ से ज्यादा खर्च कर जरूरतमंद लोगों को आवास उपलब्ध करायी जायेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार के कर्मियों को बेहतर माहौल देने के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध हैं। कहा कि आश्रित परिवारजनों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जायेगा।
एबीएन कैरियर डेस्क। जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा 20 जनवरी 2024 को आयोजित की जायेगी। इस परीक्षा के लिए पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों के लिए आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर अब 17 अगस्त कर दी गयी है। विद्यालय के प्राचार्य विक्रम कुमार ने बताया कि परीक्षा से संबंधित नियमों एवं पात्रता की शर्तों की जानकारी नवोदय की वेबसाइट नवोदया.जीओवी.इन पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2023-24 के दौरान हमीरपुर जिले के किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में पांचवीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थी जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्राचार्य ने बताया कि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए विद्यालय में हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है। यदि किसी विद्यार्थी या उसके अभिभावक को आनलाइन आवेदन में कोई समस्या आ रही है तो वे मोबाइल नंबर 70183-89548 और 89540-39120 पर संपर्क कर सकते हैं।इसके अलावा किसी भी कार्य दिवस को जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में अपने सभी प्रमाण पत्रों और आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर के साथ आकर आनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। प्राचार्य ने जिला हमीरपुर के पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से 17 अगस्त तक आनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
झारखंड में 26001 पदों पर शिक्षक नियुक्ति में आवेदन की तिथि बढ़ी, जानें नयी तारीख टीम एबीएन, रांची। झारखंड के 26,001 सहायक आचार्य पद के लिए मंगलवार से किये जाने वाले आनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी गयी है। अब 16 अगस्त से अभ्यर्थी आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थी 15 सितंबर की मध्य रात्रि तक आवेदन कर सकेंगे। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। जेएसएससी ने पहले 8 अगस्त से सात सितंबर तक आवेदन की समय सीमा तय की थी। अपरिहार्य कारणों से झारखंड प्रारंभिक विद्यालय सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के आवेदन करने की तारीख में बढ़ोतरी की गयी है। 15 सितंबर तक आवेदन करने के बाद 17 सितंबर की मध्य रात्रि तक इसके परीक्षा शुल्क जमा हो सकेंगे। 19 सितंबर की मध्य रात्रि तक फोटो व हस्ताक्षर अपलोड कर सकेंगे। वहीं, आनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन की प्रक्रिया 21 सितंबर से 23 सितंबर की मध्य रात्रि तक होगी। पहली बार एक साथ 26 हजार बहाली राज्य में पहली बार एक साथ 26,001 सहायक आचार्यों की नियुक्ति होगी। इसमें पारा शिक्षकों के लिए 12,868 पद और गैर पारा शिक्षकों के लिए 13,133 पद आरक्षित रखे गये हैं। पहली से पांचवीं क्लास के लिए इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य की नियुक्ति में पारा शिक्षकों के लिए 5469 और गैर पारा शिक्षकों के लिए 5531 पद आरक्षित किये गये हैं।
एबीएन कैरियर डेस्क। स्नातकोत्तर ज्योतिर्विज्ञान (ज्योतिष विभाग) विभाग, रांची विश्वविद्यालय, रांची सत्र 2023-25 में मास्टर्स के लिए विद्यार्थी 25 अगस्त 2023 तक आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी यथाशीघ्र फार्म भर कर नामांकन करा लें। विभाग में हस्तरेखा, वास्तु शास्त्र, अर्थशास्त्र और मेडिकल एस्ट्रोलॉजी की पढ़ाई होगी। किसी भी विषय में स्नातक विद्यार्थी नामांकन ले सकते हैं। नामांकन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 6200233483 और 9234673169 से संपर्क किया जा सकता है।
एबीएन कैरियर डेस्क। निशांत शर्मा, इंटीग्रेटेड एम एससी तृतीय वर्ष के छात्र ने मात्रात्मक अर्थशास्त्र और डेटा विज्ञान, बिड़ला इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी ने भारत सरकार के सहयोग मंत्रालय द्वारा आयोजित हैकथॉन में प्रथम पुरस्कार हासिल किया। नव विकसित केंद्रीय रजिस्ट्रार कार्यालय पोर्टल डैशबोर्ड के निर्माण में युवाओं की भागीदारी और विचारों को आमंत्रित करने के लिए हैकथॉन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसकी घोषणा 6 अगस्त 2023 को पुणे में सीआरसीएस के डिजिटल पोर्टल के लॉन्च के दौरान की गयी थी। पुरस्कार राशि 1 लाख रुपये थी। उन्हें यह पुरस्कार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मिला। निशांत द्वारा विकसित डैशबोर्ड वास्तविक समय अपडेट, विस्तृत विश्लेषण के लिए ड्रिल-डाउन क्षमताएं, तुलनात्मक प्रदर्शन चार्ट और बहु-राज्य सहकारी सोसायटी अधिनियम (एमएससीएस अधिनियम) के अनुपालन में कार्रवाई योग्य अंतर्दृष्टि के लिए प्रवृत्ति विश्लेषण प्रदान करता है। अद्भुत उपयोगकर्ता अनुभव के साथ विकसित सरल उपयोगकर्ता इंटरफेस के संदर्भ में उनके प्रयासों की सराहना की गयी।
हम मंगल और चांद पर चले गये, पर देश स्वच्छ नहीं कर पाये : पद्म भूषण डॉ बिंदेश्वर पाठक टीम एबीएन, रांची। 07 अगस्त को स्कूल आफ मास कम्युनिकेशन में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कांफ्रेस दस्तावेज का शुभारंभ हुआ। इसका विषय National conference on Marginalised literature ,Cinema and Media है। इस कांफ्रेंस में मुख्य अतिथि सुलभ इंटरनेशनल के पद्मभूषण डॉ बिंदेश्वर पाठक हैं। डॉ पाठक के साथ ही उद्घाटन सत्र में राज्यपाल के अकादमिक एडवाइजर प्रो डा ई बाला गुरुसामी, ओएसडी राज्यपाल संजीव राय, अवधेश नारायण सिंह, कुलपति रांची विश्वविद्यालय प्रो डा अजीत कुमार सिन्हा, पद्मश्री मुकुंद नायक, मास कम्युनिकेशन के निदेशक प्रो डा बीपी सिन्हा ने भी अपने विचार रखे। मुकुंद नायक के कलाकारों की टीम ने झारखंड की परंपरा के अनुसार सबों का स्वागत किया। मास कम्युनिकेशन परिसर में आगमन पर डॉ बिंदेश्वर पाठक, प्रो ई बालागुरुसामी कुलपति आरयू तथा अन्य मेहमानों का ढोल मांद और नृत्य के साथ स्वागत किया। इसके बाद सभागार में कुलगीत और छात्रा सुष्मिता ने गणेश वंदना पर नृत्य प्रस्तुत किया। सभी मेहमानों और आरयू पदाधिकारियों ने द्वीप प्रज्ज्वलन किया। इसके बाद सबों का शौल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। डा बिंदेश्वर पाठक के साथ आये उनके सहयोगियों और अन्य राज्यों से आये अतिथियों का भी निदेशक प्रो डॉ बी पी सिन्हा और स्टेफी मुर्मू ने सम्मानित किया। कुलपति आरयू डॉ सिन्हा ने अपने स्वागत भाषण में डा बिंदेश्वर पाठक के कार्यों पर प्रकाश डाला और उनके रांची विश्वविद्यालय के मास कम्युनिकेशन विभाग में आने के लिये आभार जताया। राज्यपाल के अकादमिक एडवाइजर और शिक्षाविद् प्रो डा ई बालागुरुसामी ने कहा कि यह अफसोस की बात है कि हम चीन से बड़ी आबादी वाले देश हैं, पर सैनिटेशन और स्वच्छता में आज भी संतोषजनक स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने डॉ पाठक के प्रयासों और सुलभ इंटरनेशनल के कार्यों की सराहना की? अवधेश नारायण ने विस्तार से डा. बिंदेश्वर पाठक के सुलभ इंटरनेशनल की यात्रा और उनके युवावस्था से लेकर वर्तमान तक के संघर्षों के बारे में विस्तार से बताया। मुख्य अतिथि डॉ बिंदेश्वर पाठक ने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था हमें आजादी ही नहीं स्वच्छ भारत भी चाहिए। मैं गांधी जी का फौलोवर हूं पर अंधानुगामी नहीं हूं।मैंने गांधी जी के मौलिक बातों को आत्मसात किया है।मेरा मानना है कि जो दूसरे की मदद करने का प्रयास करता है वह गांधीवादी है। आज भी भारत में आधे जलमल का ट्रीटमेंट नहीं होता। हम दिल्ली तक के सीवेज का ट्रीटमेंट नहीं कर पाये। हम मंगल ग्रह और चांद पर चले गये, पर देश स्वच्छ नहीं कर पाये। देश आजाद हो गया पर महिलाएं माथे पर मैला ढोते रहीं। गांधी जी ने कहा था कि भारतीय अंग्रेजों की गोली खा लेंगे पर अछूतों के साथ भोजन नहीं कर सकते। हमें इस सोच से निकलना ही होगा। मैला ढोने की प्रथा, खुले में शौच जाने की प्रथा एक समस्या रही है। सरकार भी कहती थी कि भंगी मुक्ति का कार्य अकेले उसके वश की बात नहीं औरों को भी आगे आना होगा। तभी मैं एक संस्था बना कर अपने साथियों के साथ आगे आया। बगैर कागज और कानूनी प्रक्रियाओं के बने मेरे संस्था को तब सहयोग मिला और तब मुझे काम करने में ज्यादा बाधाओं का सामना नहीं करना पड़ा। प्रारंभ में कुछेक कर्मठ आइएस और राजनेताओं ने मेरी मदद की और मार्गदर्शन भी किया। सुलभ ने आज तक एक पैसे का कहीं दुरुपयोग नहीं किया। पहली गुरु मेरी मां है। मेरी मां कहती थी कि भूखा सो जाना पर कभी बेइमानी मत करना।कोई भी व्यक्ति जीवन मूल्य को भूल कर जिंदगी नहीं जी सकता। ऐसा करने वाले को अंतत: पछताना पड़ता है। कांफ्रेस के पहले दिन स्कूल आफ मास कम्युनिकेशन का विभागीय समाचार पत्र अभिव्यक्ति भी प्रस्तुत किया गया। इसे विभाग के छात्र ही प्राध्यापक मनोज शर्मा के नेतृत्व में प्रकाशित करते हैं। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में डाक्यूमेंट्री तथा शार्ट फिल्मों का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का संचालन रांची विश्वविद्यालय के वोकेशनल की डिप्टी डायरेक्टर डा स्मृति सिंह ने किया। उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ स्टेफी टेरेसा मुर्मू और कुमार संभव ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरीय पदाधिकारियों, समेत मास कम्युनिकेशन विभाग के शिक्षक, कर्मी और सैकड़ों छात्र उपसस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.