Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

कानून व्यवस्था

View All
ईडी की सिफारिश : पूजा सिंघल मामले में शामिल हैं बड़े नेता, सीबीआई को सौंपी जाए जांच का जिम्मा
Published / 2022-05-18 09:45:33
ईडी की सिफारिश : पूजा सिंघल मामले में शामिल हैं बड़े नेता, सीबीआई को सौंपी जाए जांच का जिम्मा

टीम एबीएन, रांची। झारखंड उच्च न्यायालय को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बताया कि भ्रष्टाचार के बड़े मामले में गिरफ्तार भारतीय प्राशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी और राज्य की खान सचिव पूजा सिंघल से पूछताछ में अहम खुलासे हुए हैं और इस पूरे घोटाले को फर्जी कंपनियों के माध्यम से बड़े रैकेट के तहत अंजाम दिया जा रहा था। ईडी ने कहा कि इसमें कई बड़े राजनीतिक नेता शामिल हैं लिहाजा राज्य सरकार द्वारा इसकी जांच को प्रभावित किये जाने की पूरी आशंका है जिसे देखते हुए इसकी जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप देनी चाहिए। झारखंड उच्च न्यायालय में खनन घोटाले से जुड़े एक जनहित याचिका पर आज से मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ रवि रंजन एवं न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की खंड पीठ के समक्ष प्रारंभ विशेष सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय की ओर से पेश भारत सरकार के महाधिवक्ता तुषार मेहता ने कहा कि बड़ी संख्या में फर्जी (शेल) कंपनियों के माध्यम से धन शोधन किया जाता था। उन्होंने बताया कि राज्य की गिरफ्तार खान सचिव पूजा सिंघल से पूछताछ और उनके तथा उनके चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) के यहां से बरामद दस्तावेजों से अहम खुलासे हुए हैं। उन्होंने अदालत को बताया कि इस मामले में बड़े नेता शामिल हैं। एजेंसी ने बताया कि सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पूर्व कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल ने भी पूछताछ के दौरान खुलासे किए हैं और ऐसी तमाम फर्जी कंपनियों के नाम भी बताये हैं जिनके माध्यम से भ्रष्टाचार किया जा रहा था। ईडी की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि मनरेगा घोटाला मामले में पूजा सिंघल और उसके सीए को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में 18 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं जिसकी जांच अभी भी राज्य का भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (एसीबी) कर रहा है। उन्होंने आशंका जतायी कि एसीबी सरकार के अधीन है और वह जांच को प्रभावित कर सकती है इसलिए मामले की जांच सीबीआई को सौंप देनी चाहिए। दूसरी ओर इस मामले में राज्य सरकार की ओर से पेश हुए वरीय अधिवक्ता और कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने इसका विरोध किया और कहा कि ईडी की कार्रवाई वर्ष 2018 में मनरेगा घोटाला को लेकर की गई है। इसी मामले में पूजा सिंघल को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस माध्यम से राज्य सरकार पर निशाना साधा जा रहा है। इस मामले में शिकायतकर्ता की ओर से पूरी जानकारी अदालत में नहीं दी गई है। इसके बाद खंड पीठ ने मनरेगा से संबंधित मामले को भी इसके साथ सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का आदेश दिया। अदालत ने राज्य सरकार के मनरेगा घोटाले में दर्ज प्राथमिकी की जानकारी भी मांगी है। मामले में अगली सुनवाई 19 मई को निर्धारित की गयी है।

आईएस पूजा सिंघल के तिलिस्म का राज खोलेगा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, ED ले रही FSL की मदद
Published / 2022-05-17 17:38:37
आईएस पूजा सिंघल के तिलिस्म का राज खोलेगा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, ED ले रही FSL की मदद

टीम एबीएन, रांची। पूजा सिंघल मामले में ईडी ने अपनी दबिश बढ़ा दी है। एक ओर खनन मामले को लेकर डीएमओ से पूछताछ की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। वहीं दूसरी ओर पूजा सिंघल को और सुमन कुमार कुमार सिंह को फिर से रिमांड पर लिया है। रिमांड पर लेने के लिए ईडी ने न्यायालय को काफी अहम जानकारियां दी हैं। इनमें पल्स अस्पताल, खनन के साथ साथ डिजिटल गैजेस्ट्स से मिली अहम जानकारियों का भी उल्लेख किया गया है। दरअसल, रांची के ईडी दफ्तर में मंगलवार का दिन काफी अहम माना जा रहा है। पूजा सिंघल और सुमन के साथ ईडी के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। ईडी की पूछताछ में न सिर्फ मनरेगा घोटाला बल्कि पल्स अस्पताल से भी जुड़ी कई अहम जानकारी मिली है। इसके अलावा रवि केजरीवाल के द्वारा दी गई जानकारियों के साथ ही मोबाइल फोन, व्हाट्सएप्प चैट के साथ डिजिटल इन्फॉर्मेशन मिली है। सूत्रों के अनुसार जो डिजिटल डेटा मिला है उसकी वर्किंग कॉपी आ गयी है, जिसकी जांच की जा रही है। वहीं इन डेटा को जांच के लिए एफएसएल भी भेजा गया है। मनरेगा घोटाले की बहुत सारी जानकारी की जांच अब भी इनिशियल स्टेज में है क्योंकि काफी जानकारी अब भी नहीं मिली है। ईडी ने अदालत को बताया है कि मनरेगा मामले में काफी अनियमितता है। हालांकि इसको लेकर पूछताछ की गई है। लेकिन पूछताछ में पूजा सिंघल द्वारा कई जानकारियों की छिपाया गया है। इसके साथ ही ईडी ने माइनिंग लीज मामले में भी अनियमित्ता की बात न्यायालय को बताई है जिसे लेकर 3 जिलों के माइनिंग ऑफिसर को पूछताछ के लिए बुलाया है। इस मामले में ईडी के द्वारा रिमांड कॉपी में लिखा गया है कि 3 जिलों के डीएमओ जो सस्पेक्टेड हैं उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है। वहीं इसके साथ ही पल्स अस्पताल के निर्माण के साथ ही वहां इक्युपमेंट में भी काले धन के इस्तेमाल की बात कही गई है जिसे लेकर अभी और जांच की जरूरत है। ऐसे में ईडी टीम ने एक बार फिर से पूजा सिंघल और सुमन सिंह को रिमांड पर लिया है।

ज्ञानवापी मामले में अगली सुनवाई 19 को, सुप्रीम कोर्ट ने शिवलिंग की जगह को संरक्षित करने को कहा
Published / 2022-05-17 17:27:23
ज्ञानवापी मामले में अगली सुनवाई 19 को, सुप्रीम कोर्ट ने शिवलिंग की जगह को संरक्षित करने को कहा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को वाराणसी के जिलाधिकारी को ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी परिसर के अंदर उस क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जहां सर्वे के दौरान शिवलिंग मिलने की बात कही गई है। साथ ही, शीर्ष न्यायालय ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को वहां नमाज अदा करने और धार्मिक रस्म निभाने की अनुमति दे दी। मता को संतुलित रखते हुए, न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्ह की पीठ ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद का कामकाज देखने वाली कमेटी ऑफ मैनेजमेंट अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद की याचिका पर सुनवाई करते हुए आदेश जारी किया और निचली अदालत में जारी कार्यवाही पर रोक लगाने से मना कर दिया। पीठ ने कहा कि पक्षकारों के अधिकारों को संतुलित रखने की जरूरत है और अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नमाज अदा करने एवं अन्य धार्मिक रस्म निभाने में मुस्लिमों के अधिकारों में बाधा नहीं पड़े। शीर्ष न्यायालय ने दीवानी न्यायाधीश, वाराणसी के समक्ष आगे की कार्यवाही पर रोक लगाने से मना कर दिया जो ज्ञानवापी मस्जिद से जुड़े वाद की सुनवाई कर रहे हैं। पीठ ने अपने आदेश में कहा, यह यहां वादी के रहने तक एक अंतरिम व्यवस्था है। हमें पक्षकारों के अधिकारों को संतुलित रखने की जरूरत है। न्यायालय ने कहा कि वाराणसी के जिलाधिकारी उस क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करें जहां शिवलिंग मिलने की बात कही गई और इससे मुस्लिमों के नमाज अदा करने एवं अन्य धार्मिक रस्म निभाने में बाधा नहीं आए। ज्ञानवापी मस्जिद कमेटी की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी ने कहा कि मुस्लिमों को "वज़ू" करने की जरूरत होती है क्योंकि इसके बिना इस्लाम में नमाज का कोई मतलब नहीं रहेगा। उप्र सरकार की ओर पेश हुए सॉलीसीटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि जिस स्थान पर शिवलिंग मिलने की बात कही गई है, वहां मुस्लिम वज़ू करते हैं और कोई नुकसान कानून व्यव्स्था की समस्या पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा, यदि यह जरूरी है तो वे वज़ू कहीं और कर सकते हैं लेकिन जिस क्षेत्र में शिवलिंग पाया गया है उसकी सुरक्षा करने की जरूरत है। शीर्ष न्यायालय को सॉलीसीटर जनरल ने बताया कि वादी के वकील हरिशंकर जैन को दिल का दौरा पड़ा है और वह वाराणसी में अस्पताल में भर्ती हैं। न्यायालय ने याचिकाकर्ता हिंदू श्रद्धालुओं को नोटिस जारी किये और मस्जिद कमेटी की याचिका पर सुनवाई के लिए 19 मई की तारीख निर्धारित की।

पूजा सिंघल और सीए सुमन फिर 4 दिन की रिमांड पर
Published / 2022-05-17 05:35:27
पूजा सिंघल और सीए सुमन फिर 4 दिन की रिमांड पर

टीम एबीएन, रांची। एक विशेष अदालत ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) निधि के कथित गबन से जुड़े धन शोधन मामले में झारखंड कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी पूजा सिंघल को सोमवार को चार और दिन के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया। प्रभात कुमार शर्मा की धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने सिंघल के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) सुमन कुमार की हिरासत भी समान अवधि के लिए बढ़ा दी। सिंघल को राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया था। इससे एक दिन पहले उन्हें धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया गया था और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेजा गया था। ईडी के वकील बीएमपी सिंह ने पीटीआई भाषा से कहा, विशेष पीएमएलए अदालत ने पूजा सिंघल और उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन कुमार को चार और दिन के लिए 20 मई तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है। आज छुट्टी होने के कारण, पीएमएलए न्यायाधीश के आवासीय कार्यालय में सुनवाई की गई।

पूजा सिंघल मामले में झामुमो के पूर्व कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल से ईडी ने की पूछताछ
Published / 2022-05-16 17:18:25
पूजा सिंघल मामले में झामुमो के पूर्व कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल से ईडी ने की पूछताछ

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आईएएस पूजा सिंघल, उनके पति अभिषेक झा और सीए सुमन कुमार से लगातार पूछताछ कर रही है। वहीं दूसरी ओर ईडी ने रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा से निष्कासित पूर्व कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल से पूछताछ कर रही है। ईडी ने रवि केजरीवाल से पूछताछ के लिए बीते दिनों उन्हें समन भेजा था। इसके बाद रवि केजरीवाल ईडी के यहां एयरपोर्ट स्थित ऑफिस रविवार को पहुंचे। जहां उनसे ईडी की टीम पूछताछ कर रही है। मालूम हो कि रवि केजरीवाल को हेमंत सरकार गिराने की साजिश के आरोप में झामुमो से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद उनके खिलाफ धुर्वा थाने में मामला भी दर्ज किया गया था। वही, ईडी सूत्रों ने बताया कि आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के बच्चे रविवार को ईडी दफ्तर पहुंचे। बताया जा रहा है कि ये दोनों बच्चे (बेटा और बेटी) पूजा के पहले पति से हैं। जो अपनी मां से मिलने एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे थे। पहले पति से तलाक के बाद पूजा सिंघल ने अभिषेक झा से दूसरी शादी की है। उल्लेखनीय है कि ईडी ने बीते छह मई को एक साथ आईएएस पूजा सिंघल के करीबियों के 25 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान 19.31 करोड़ रूपये सहित कई दस्तावेज बरामद किए गए थे। इस मामले में बीते 11 मई को ईडी ने पूजा सिंघल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें 16 मई तक ईडी रिमांड पर लिया है, और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। ईडी ने मामले में साहिबगंज के डीएम विभूति कुमार, दुमका के डीएमओ कृष्णचंद्र किस्कू और पलामू के डीएमओ आनंद कुमार को 16 मई को पूछताछ के लिए बुलाया है। इन सभी से अवैध ढंग से खान आवंटन को लेकर पूछताछ की जाएगी।

ईडी दफ्तर पहुंचे दुमका और पाकुड़ के खनन पदाधिकारी, खुल सकते हैं कई राज
Published / 2022-05-16 17:05:03
ईडी दफ्तर पहुंचे दुमका और पाकुड़ के खनन पदाधिकारी, खुल सकते हैं कई राज

टीम एबीएन, रांची। आईएएस पूजा सिंघल मामले में ईडी की कार्रवाई आज भी जारी है। ईडी द्वारा कई जिलों के माइनिंग ऑफिसर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जिसके तहत सोमवार को दुमका डीएमओ कृष्ण कुमार किस्कू ईडी दफ्तर पहुंचे जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पाकुड़ डीएमओ भी ईडी दफ्तर पहुंचे हैं।

ईडी कोर्ट की मंजूरी के बाद चार दिन और बढ़ी आईएएस पूजा सिंघल और सीए सुमन की रिमांड
Published / 2022-05-16 16:59:31
ईडी कोर्ट की मंजूरी के बाद चार दिन और बढ़ी आईएएस पूजा सिंघल और सीए सुमन की रिमांड

टीम एबीएन, रांची। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की गिरफ्त में आई आईएएस पूजा सिंघल और उनके सीए सुमन कुमार की रिमांड कोर्ट ने चार दिन तक बढ़ा दी है। इससे पहले आईएएस पूजा सिंघल और उनके सीए सुमन कुमार की रिमांड अवधि सोमवार को खत्म हो गई थी। इसके बाद ईडी अधिकारियों ने दोनों को कोर्ट में पेश किया और आरोपियों की रिमांड बढ़ाने की मांग की। अदालत ने ईडी की मांग को स्वीकार कर लिया है और दोनों को चार दिन और रिमांड पर भेज दिया है।

मनी लांड्रिंग : पूजा सिंघल से जुड़े सरावगी बिल्डर्स के घर ईडी की रेड
Published / 2022-05-12 17:13:44
मनी लांड्रिंग : पूजा सिंघल से जुड़े सरावगी बिल्डर्स के घर ईडी की रेड

टीम एबीएन, रांची। कांके रोड स्थित सरावगी बिल्डर्स के ठिकानों पर ईडी की टीम ने दबिश दी है। पूजा सिंघल से पूछताछ के बाद सरावगी बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स लिमिटेड के बारे में ईडी को जानकारी मिली थी। जिसके बाद बुधवार को ईडी की टीम ने छापेमारी की है। दरअसल, आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल और उनके पति अभिषेक झा ने मनी लॉन्ड्रिंग से अर्जित करोड़ों रुपये पल्स अस्पताल के लिए जमीन खरीदने में और निर्माण में खर्च किए थे। पूजा सिंघल के व्हाट्सएप चैट से कई बातों का खुलासा ईडी के समक्ष हुआ है। ईडी को जानकारी मिली है कि पल्स अस्पताल की जमीन की खरीद के लिए सरावगी बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स लिमिटेड को भारी रकम की भुगतान हुई थी। यही वजह है कि सरावगी बिल्डर्स के यहां ईडी ने दबिश दी है। अब ईडी यह जानकारी जुटा रही है कि सरावगी बिल्डर्स को चेक, आरटीजीएस या कैश से कितने का भुगतान किया गया था।

पूजा सिंघल तत्काल प्रभाव से सस्पेंड, कार्मिक विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन
Published / 2022-05-12 17:06:44
पूजा सिंघल तत्काल प्रभाव से सस्पेंड, कार्मिक विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन

टीम एबीएन, रांची। आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के मामले से घिरी आईएएस पूजा सिंघल को सस्पेंड कर दिया गया है। झारखंड सरकार ने पूजा सिंघल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसे लेकर विभाग की ओर से नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है। एऊ आॅफिस में उनका हेल्थ चेकअप करने आए डॉ आरके जायसवाल ने बताया कि उनका ब्लड प्रेशर बढ़कर 190/72 हो गया था।10 मिनट की काउंसिलिंग के बाद वो 162/100 हो गया। इसकी दवा उन्हें दी गई है। हालांकि जेल जाने के दौरान हुए हेल्थ चेकअप में वो पूरी तरह फिट थीं। जेल में भी उन्होंने तनाव और नींद की गोलियां ली हैं। बता दें कि खूंटी में मनरेगा घोटाले मामले में 16 घंटे की पूछताछ के बाद पूजा सिंघल को अरेस्ट कर लिया गया था। इसके बाद रात 10 बजे होटवार जेल भेज दिया गया था।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 34,575