एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में जिला अनुकंपा समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के मृत सरकारी सेवक के आश्रितों की अनुकंपा पर नियुक्ति के संबंध में निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान समिति के समक्ष उपस्थापित आवेदकों के सभी 10 आवेदनों की विस्तृत रूप से जांच की गयी।
इस दौरान आवेदकों द्वारा दिए गए आवेदनों के साथ -साथ अभिभावक का मृत्यु प्रमाण पत्र, आवेदक की शैक्षणिक योग्यता, आवासीय, चरित्र प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, विभागीय निदेश एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र तथा अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के उपरांत अहर्ता पूर्ण कर रहे 8 आवेदन स्वीकृत करते हुए अनुकंपा पर नियुक्ति हेतु समिति ने अनुशंसा की।
इस दौरान एक मामला को समिति ने अस्वीकृत कर दिया। वहीं एक मामला पर निर्णय स्थकित (लंबित) रख जरूरी दस्तावेज पूर्ण करने एवं कुछ दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिया गया। उपायुक्त शशि रंजन ने संबंधित विभागों में रिक्त पदों की जानकारी ली। साथ ही समिति द्वारा अनुशंसित 8 आवेदनों पर जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश स्थापना उपसमाहर्ता को दिया।
इधर, कर्मचारियों को एसीपी एवं एमएसीपी का लाभ देने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके लिए प्राप्त 21 आवेदनों की जांचोपरांत 16 आवेदन स्वीकृत किये गये। बैठक में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा, स्थापना उप समाहर्ता आदि उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में गुटखा और पान मसाला पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। जिसके बाद विभाग सक्रिय हो गया है। इसे लेकर राजधानी रांची के डोरंडा में विभाग ने छापामारी की है। इस कार्रवाई के बाद मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि तंबाकू का जहर हमारे बच्चों और युवाओं को कैंसर की आग में झोंक रहा था।
अब ऐसा नहीं होगा। जो कानून तोड़ेगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। मैं स्वास्थ्य मंत्री हूं। जनता की सेहत के साथ कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं। नशा मुक्त, स्वस्थ झारखंड बनाना मेरा वचन है। आप सबका सहयोग चाहिए झ्र मिलकर तंबाकू और गुटखा माफिया को जड़ से खत्म करेंगे।
टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने 15 आइएएस अफसरों का स्थानांतरण-पदस्थापन कर दिया है। प्रधान सचिव, योजना एवं विकास विभाग के पद पर पदस्थापित मस्त राम मीना को स्थानान्तरित करते हुए अगले आदेश तक प्रधान सचिव, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की जिम्मेवारी सौंपी गई है। मीना अगले आदेश तक अपने कार्यों के साथ प्रभारी सदस्य, राजस्व पर्षद. झारखण्ड, रांची के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।
वहीं पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत पूजा सिंघल को अगले आदेश तक सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेन्स विभाग की जिम्मेवारी सौंपी गई है। वे अगले आदेश तक अपने कार्यों के साथ मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, झारखण्ड कम्युनिकेशन नेटवर्क लिमिटेड के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी।
सचिव, परिवहन विभाग, झारखण्ड, रांची के पद पर पदस्थापित कृपानन्द झा को स्थानान्तरित करते हुए अगले आदेश तक सचिव, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, झारखण्ड, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।
विप्रा भाल को परिवहन सचिव बनाया गया है। वे अगले आदेश तक परिवहन आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगी। सचिव, भवन निर्माण विभाग के पद पर पदस्थापित अरवा राजकमल को अगले आदेश तक अपने कार्यों के साथ सचिव, खान एवं भूतत्व विभाग, सचिव, उद्योग विभाग, झारखण्ड, और अध्यक्ष, झारखण्ड राज्य खनिज विकास निगम लिमिटेड, का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जीतेंद्र सिंह को श्रम विभाग की जिम्मेवारी
सचिव, खान एवं भूतत्व विभाग के पद पर पदस्थापित जितेन्द्र कुमार सिंह को स्थानान्तरित करते हुए अगले आदेश तक सचिव, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के पद पर पदस्थापित किया गया है।
वहीं सचिव, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मुकेश कुमार को स्थानान्तरित करते हुए अगले आदेश तक सचिव, योजना एवं विकास विभाग के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत राजेश्वरी बी विशेष सचिव, वित्त विभाग में पदस्थापित किया गया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। दाखिल खारिज के मामलों को लंबित रखने को लेकर पलामू उपायुक्त शशि रंजन ने कड़ी नाराजगी जतायी है। उन्होंने दाखिल खारिज के मामलों को निर्धारित अवधि में निष्पादन नहीं करने के बजाय लंबित रखने को लेकर नीलांबर-पीतांबरपुर के अंचल अधिकारी सहित तीन के विरुद्ध आज कार्रवाई की है। उन्होंने नीलांबर-पीतांबरपुर के अंचल अधिकारी सुनील कुमार सिंह, कर्मचारी/ राजस्व उप निरीक्षक रितेश रंजन तिवारी एवं प्रभारी सीआई महेंद्र राम के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 65-65 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है।
अर्थदंड की राशि संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी के वेतन से कोषागार द्वारा कटौती की जायेगी। इनके विरुद्ध आरोप है कि दाखिल खारिज के लिए प्राप्त आवेदनों का ससमय निष्पादन नहीं किया। जबकि इसके लिए वरीय अधिकारियों का भी निदेश प्राप्त हुआ। दाखिल खारिज के 62 मामले नामांतरण करने की निर्धारित तिथि से अधिक समय तक लंबित रखने गये, जबकि सामान्य तौर पर 30 दिनों के अंदर दाखिल खारिज के मामलों का नामांतरण किया जाना है तथा आपत्ति के मामलों में 90 दिनों के अंदर नामांतरण करने का समय निर्धारित है।
तीनों के विरुद्ध झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम 2011 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि पलामू वासियों को कठिनाई नहीं हो, इसके लिए प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। विकास कार्यों की गति को शिथिल करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
दाखिल खारिज के मामलों का ससमय निष्पादन हेतु पलामू के अपर समाहर्ता द्वारा भी चेतावनी दी गई थी। विदित हो कि अपर समाहर्ता द्वारा 21 दिसंबर 2024 को कार्यालय का निरीक्षण के दौरान मामलों का ससमय निष्पादन का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद निष्पादन नहीं होने की स्थिति में अपर समाहर्ता द्वारा 8 फरवरी 2025 को बैठक के क्रम में चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद भी इन 62 मामलों का निष्पादन ससमय नहीं किया गया।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में 18 फरवरी 2025 को मंत्रिपरिषद की बैठक की गयी। जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग अंतर्गत छात्रोपयोगी वेब पोर्टल्स का अनावरण तथा रांची विज्ञान केंद्र, रांची के नव प्रवर्तन केंद्र का शुभारंभ समारोह एवं झारखंड अनुसंधान तथा नवाचार नीति-2025 हेतु आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा विकसित 6 पोर्टल्स का अनावरण एवं रांची विज्ञान केंद्र, रांची अवस्थित नव प्रवर्तन केंद्र (इनोवेशन हब) का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अलका तिवारी, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग राहुल कुमार पुरवार, मैनेजिंग डायरेक्टर-सह-सीईओ सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड संजय कुमार राकेश, राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालय के कुलपतिगण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मौके पर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा की पहुंच को सरल बनाने हेतु मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उद्देश को सार्थक बनाने की ओर बढ़ाये गये इस ठोस कदम के लिए मैं विभाग के पदाधिकारियों का स्वागत करता हूं, यहां उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं पदाधिकारियों को मैं अपनी ओर से बहुत-बहुत आभार एवं शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य के बच्चों को दक्ष बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
दक्षता के क्षेत्र में झारखंड के विद्यार्थियों को आगे रखने के उद्देश्य को पूरा करने के लिए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग अंतर्गत विभिन्न पोर्टल्स का शुभारंभ होना एक सकारात्मक पहल है। इन महत्वपूर्ण पोर्टल्स की लॉन्चिंग आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के करकमलों से हुआ है। इन पोर्टल्स के जरिए राज्य की शिक्षा व्यवस्था को डिजिटल मोड में ले जाने का प्रयास किया गया है। अब आवेदनों की लंबी परिपाटी और धीमा वर्क कल्चर के इतिहास से निकलना है। अब पोर्टल में किसका आवेदन पड़ा है यह सबके समक्ष प्रदर्शित होता रहेगा।
आवेदन करने वालों को पता होगा, उनका आवेदन किसके पास लंबित है और आवेदन प्राप्त करने वाले को भी इसकी जानकारी मिलती रहेगी। मैं स्वयं इसकी निगरानी करूंगा। उन्होंने कहा कि हमलोगों ने नये कदम की शुरुआत की है। मैं मानता हूं हम लड़खड़ायेंगे, लेकिन फिर संभलेंगे और नया कदम आगे बढ़ायेंगे। मैं विभागीय अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि पोर्टल से किसी को असुविधा न हो, एक क्लिक में उन्हें जानकारी प्राप्त हो। किसी भी तरह के शिकायत का निस्तारण यथा शीघ्र करने का प्रयास सुनिश्चित किया जाये।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, इटखोरी (चतरा)। हिंदू, बौद्ध और जैन धर्म के श्रद्धालुओं के लिए पवित्र स्थल इटखोरी में आज से सुरों और ताल का संगम होगा। यहां आयोजित होने वाले राजकीय इटखोरी महोत्सव का भव्य उद्घाटन 19 फरवरी को दोपहर 3 बजे पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू करेंगे। उद्घाटन समारोह में प्रमुख अतिथियों के साथ डॉ विपिन मिश्रा के स्तोत्र गायन और शंख ध्वनि के बीच महोत्सव की शुरुआत होगी।
उद्घाटन के अवसर पर स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, उपायुक्त रमेश घोलप, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पाण्डेय, महाबोधि मंदिर कमेटी के सचिव एन दोरजे, जैन धर्म गुरु रवींद्र कीर्ति स्वामी और दिगंबर जैन धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन उपस्थित रहेंगे।
महोत्सव के आयोजन स्थल मां भद्रकाली मंदिर परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है, जहां एक भव्य मंच भी तैयार किया गया है। इस बार महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया गया है। पुलिस बल और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाये गये हैं। उपायुक्त रमेश घोलप ने बताया कि पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू महोत्सव के उद्घाटन से पहले मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे और फिर महोत्सव की विधिवत शुरुआत होगी।
उद्घाटन के बाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम 5 बजे से शुरू होंगे, जो 21 फरवरी की रात 10 बजे तक जारी रहेंगे। 20 फरवरी को मां भद्रकाली मंदिर परिसर में इटखोरी का पुरातात्विक महत्व पर एक सेमिनार आयोजित होगा, जिसमें झारखंड, बिहार और दिल्ली के प्रमुख पुरातत्वविद और इतिहासकार अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव को लेकर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पाण्डेय ने सुरक्षा की सख्त व्यवस्था का भरोसा दिलाया है। जिले में महोत्सव को लेकर खासा उत्साह है।
महोत्सव के पहले दिन कई प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। न्यू झारखंड कला संगीत सृजन केंद्र की टीम नागपुरी नृत्य, नटराज कला केंद्र, चोगा, ईचागढ़ द्वारा छऊ नृत्य और नीरज डांस एकेडमी, चतरा अपनी विशेष प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी। इसके अलावा, प्रसिद्ध कॉमेडियन राजीव निगम अपनी हास्य कला से दर्शकों को हंसी से लोटपोट करेंगे।
भोजपुरी लोक गायिका चंदन तिवारी अपनी मधुर आवाज में लोक गीतों से समां बांधेंगी। बॉलीवुड सिंगर सलमान अली अपनी शानदार गायकी से संगीतमय शाम का आनंद प्रदान करेंगे। महोत्सव का पहला दिन संगीत, नृत्य और मनोरंजन से भरपूर रहेगा।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची को जल्द ही फ्लाईओवरों की सौगात मिलनेवाली है। हेमंत सोरेन सरकार का प्रयास है कि मार्च तक इन्हें शुरू कर दिया जाये। पंडरा रोड से राजभवन तक फ्लाईओवर तैयार हो गया है। सिरमटोली फ्लाईओवर में अभी कुछ समय लगेगा।
रांची-रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का काम लगभग पूरा होने को है। एनएच-75 पर पंडरा रोड (हेहल डाकघर) के पास से राजभवन तक फ्लाईओवर पूरी तरह तैयार हो गया है। यानी गाड़ियां हेहल डाकघर से फ्लाईओवर पर चढ़ कर सीधे राजभवन तक पहुंच सकती हैं।
केवल किशोरी सिंह यादव चौक के आगे नागा बाबा खटाल तक का काम बाकी है। नागा बाबा खटाल के पास तेजी से रैंप तैयार किया जा रहा है। मार्च तक इसे पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसे मार्च तक शुरू कर दिये जाने का लक्ष्य रखा गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse