राज काज

View All
Published / 2025-08-20 18:02:28
रांची में बनेगा दिशोम गुरु शिबू सोरेन का स्मृति स्थल

चारों तरफ की जायेगी पार्क और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था 

टीम एबीएन, रांची। रांची में दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन का स्मृति स्थल बनेगा। इसके लिए भूमि चिन्हित करने का काम शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की याद में राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित बाईपास में स्मृति स्थल का निर्माण किया जायेगा। 

इसके लिए नगर विकास विभाग ने झारखंड राज्य आवास बोर्ड से जमीन की मांग की है। आवास बोर्ड के तरफ से जमीन चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया गया है। 

बाईपास रोड में डीपीएस स्कूल के पास स्थित भुसूर मौजा में गुरुजी का स्मृति स्थल बनाने पर विचार तेज है क्योंकि इस मुख्य मार्ग पर स्थित भुसूर मौजा में कई एकड़ जमीनें खाली पड़ी हैं। बताया जा रहा है कि स्मृति स्थल परिसर में चारों तरफ पार्क और बेहतर लाइटिंग की जाएगी। यहां दिशोम गुरु की एक प्रतिमा भी स्थापित की जायेगी।

Published / 2025-08-19 18:23:37
शिक्षा और निबंधन विभाग की भी जवाबदेही खुद संभालेंगे सीएम हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संभाला शिक्षा और निबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार, अधिसूचना जारी कर दी जानकारी 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा निबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार अपने पास रखा है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।  

रामदास सोरेन के निधन के बाद लिया फैसला 

अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने यह फैसला शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद लिया है। रामदास सोरेन का 15 अगस्त को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था। कैबिनेट सचिवालय और सतर्कता (समन्वय) विभाग ने इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है। 

इसमें कहा गया है, कैबिनेट सचिवालय और सतर्कता (समन्वय) विभाग की छह दिसंबर, 2024 की अधिसूचना में आंशिक संशोधन किया गया है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पहले से सौंपे गये विभागों के अलावा स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग और निबंधन विभाग आवंटित किया गया है। 

रामदास सोरेन का अंतिम संस्कार शनिवार को जमशेदपुर में हजारों समर्थकों की उपस्थिति में किया गया। रामदास सोरेन अपने आवास के स्नानागार में गिरने की वजह से घायल हो गये थे और उन्हें दो अगस्त को इलाज के लिए जमशेदपुर से हवाई मार्ग से दिल्ली ले जाया गया था। उनका दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।

Published / 2025-08-18 22:12:45
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से पीएम मोदी ने की मुलाकात

टीम एबीएन रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार, 18 अगस्त 2025 को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर गये एक्सीओम-4 मिशन के पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने शुभांशु शुक्ला को मिशन की सफलता के लिए बधाई दी और भारत का नाम अंतरिक्ष में रोशन करने के लिए सराहना की। पीएम मोदी और शुभांशु शुक्ला की यह मुलाकात बेहद आत्मीय रही, जिसका वीडियो भी सामने आया है। 

पीएम मोदी ने जताया गर्व 

प्रधानमंत्री मोदी ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने न सिर्फ उनसे हाथ मिलाया बल्कि गले लगाकर और कंधे पर हाथ रखकर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। शुभांशु शुक्ला ने इस अवसर पर अपने टैबलेट पर प्रधानमंत्री को अंतरिक्ष यात्रा की चुनिंदा तस्वीरें भी दिखायीं, जिन्हें देखकर प्रधानमंत्री ने गहरी रुचि जताई। 

शुभांशु शुक्ला शनिवार देर रात अमेरिका से भारत लौटे, जहां दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इसके अलावा, लखनऊ से उनके पिता शंभु दयाल शुक्ला और बहन शुचि मिश्रा भी इस खास मौके पर उन्हें लेने एयरपोर्ट पहुंचे थे। 

गौरतलब है कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचकर न केवल वैज्ञानिक अनुसंधान में भाग लिया, बल्कि भारत की अंतरिक्ष क्षमताओं को वैश्विक मंच पर मजबूती से प्रस्तुत किया। उनकी यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है।

Published / 2025-08-18 18:28:04
झारखंड में हर योग्य लाभुक राशन योजना से नहीं छूटे : मुख्य सचिव

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की मुख्य सचिव अलका तिवारी ने राज्य के तमाम उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि खाद्य आपूर्ति और सार्वजनिक वितरण व्यवस्था में यह सुनिश्चित करें कि कोई योग्य लाभुक उससे वंचित नहीं रहे।

वहीं मृत लाभुकों को चिह्नित कर उन्हें प्राथमिकता के स्तर पर हटाये, ताकि नये लाभुक जोड़े जा सके। मुख्य सचिव ने कहा कि इस प्रक्रिया में इस पर फोकस करें कि डाटा में कोई त्रुटि नहीं रहे। लाभुकों के केवाईसी पूर्ण हों। इसमें कोई समस्या हो, तो उसका परीक्षण करें कि कहां दिक्कत है और उसका समयबद्ध तरीके से निपटारा करें। 

हर माह इसका भौतिक निरीक्षण करें और रिकार्ड व बुक कीपिंग अप टू डेट रखें। वह सोमवार को खाद्य आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन में आवश्यक सुधार को लेकर अपनी अध्यक्षता में समीक्षा कर रही थीं।

Published / 2025-08-17 21:53:09
गुरुजी की अस्थियां रजरप्पा स्थित दामोदर में विसर्जित

  • स्मृति शेष : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की अस्थियां रजरप्पा स्थित दामोदर नदी में विसर्जित 
  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्रामीण रीति-रिवाज एवं स्थानीय परंपरा के अनुरूप गुरुजी की अस्थियां दामोदर नदी के घाट पर विसर्जित की 

टीम एबीएन, रामगढ़/ रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज स्मृति शेष-र ाज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के अस्थि-कलश को लेकर पैतृक गांव नेमरा से रजरप्पा स्थित दामोदर नदी घाट पहुंचे। 

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने यहां पूरे पारंपरिक विधि-विधान से स्मृति शेष-गुरुजी की अस्थियों को दामोदर नदी में विसर्जित किया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के साथ उनके छोटे भाई विधायक बसंत सोरेन सहित अन्य पारिवारिक सदस्य तथा नेमरा ग्रामवासी मौजूद रहे। 

मुख्यमंत्री ने नम आंखों से स्मृति शेष-दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की अस्थियां विसर्जित की 

रजरप्पा स्थित दामोदर नदी के घाट पर स्थानीय पाहन ने सभी विधिवत रीति-रिवाज का अनुपालन कराते हुए मुख्यमंत्री के हाथों स्मृति शेष-दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अस्थियां विसर्जित करायी। अस्थियां प्रभावित करते समय मुख्यमंत्री की आंखों में अपने पिता को खोने की पीड़ा साफ झलक रही थी।

Published / 2025-08-17 18:25:17
स्वास्थ्य विभाग का रिम्स निदेशक पर पलटवार

नियम उल्लंघन, मनमानी और पारदर्शिता की कमी के गंभीर आरोप 

टीम एबीएन, रांची। रिम्स निदेशक द्वारा स्वास्थ्य विभाग और मंत्री इरफान अंसारी पर फाइलें रोके जाने के आरोप लगाने के बाद अब विभाग ने जोरदार प्रतिक्रिया दी है। स्वास्थ्य विभाग ने निदेशक पर नियमों की अनदेखी, मनमानी और संस्थान में पारदर्शिता की गंभीर कमी के आरोप लगाये हैं।   

विभाग का कहना है कि निदेशक वित्तीय मामलों से जुड़ी संचिकाएं जान-बूझकर सीधे मंत्री के पास भेजते हैं, जबकि नियमानुसार इन्हें शासी परिषद की बैठक में रखना चाहिए ताकि उन पर चर्चा हो सके। चर्चा होने से पारदर्शिता आएगी, लेकिन निदेशक को ऐसे मामलों पर जवाब भी देना होगापर वे जवाब देने से बचना चाहते हैं। इसलिए वे गोपनीय तरीके से ऐसी संचिकाओं को निपटाना चाहते हैं ताकि उन्हें जवाबदेही से बचाया जा सके।   

शासी निकाय की बैठकें न बुलाने का आरोप 

रिम्स अधिनियम, 2002 की धारा 13(3) और रिम्स विनियम, 2014 के विनियम 4 के अनुसार, निदेशक-सह-सदस्य सचिव का कर्तव्य है कि वे शासी निकाय की बैठकें आयोजित करें। लेकिन विभाग का आरोप है कि निदेशक के कार्यकाल में अब तक केवल दो बैठकें ही हुई हैं, जिनमें से एक बैठक विभाग के हस्तक्षेप के बाद आयोजित की गयी। यह स्पष्ट करता है कि निदेशक जानबूझकर शासी निकाय की प्रक्रिया से बचते रहे हैं।   

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि शासी निकाय की बैठक बुलाने का कोई प्रस्ताव लंबित नहीं है और न ही कभी खारिज किया गया है। इसके बावजूद निदेशक ने न तो त्रैमासिक बैठकें आयोजित कीं और न ही इस दिशा में कोई पहल की। विभाग के अनुसार, यह नियमों का सीधा उल्लंघन है।   

बजट प्रबंधन में भी विफलता 

रिम्स के बजट को लेकर भी विभाग ने निदेशक की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। विभाग के अनुसार, रिम्स को शासी निकाय द्वारा अनुमोदित बजट की राशि हर वर्ष बिना किसी कटौती के मंजूर की जाती है, फिर भी संस्थान हर साल धन का समुचित उपयोग करने में विफल रहा है। बजटीय प्रावधान और वास्तविक खर्च का कोई मिलान नहीं किया गया, जिससे संस्थान लगातार वित्तीय अनियमितताओं का शिकार बना हुआ है।   

फाइलों का अनावश्यक विभाग को भेजा जाना 

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि रिम्स, रांची एक स्वायत्त संस्थान है और अधिनियम के अनुसार अधिकांश प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार शासी निकाय के पास हैं। विभाग का कहना है कि किसी भी मामले में विभागीय अनुमति की आवश्यकता तभी होती है जब राज्य सरकार से स्पष्ट निर्देश प्राप्त हों। बावजूद इसके, निदेशक जानबूझकर फाइलें मंत्री को भेजकर न सिर्फ प्रक्रिया की अनदेखी कर रहे हैं, बल्कि बैठकों से बचने का प्रयास भी कर रहे हैं।   

वित्त एवं लेखा समिति की बैठकों की अनदेखी 

विभाग ने कहा है कि निदेशक ने कभी भी वित्त एवं लेखा समिति की बैठक नहीं बुलायी, जबकि वे इसके सदस्य सचिव हैं और उनका दायित्व है कि ऐसी बैठकों का आयोजन करें। अपर मुख्य सचिव द्वारा पहल करने और समय निर्धारित करने के बाद ही बैठकें आयोजित की गयींं। यह साबित करता है कि निदेशक बैठकें बुलाना नहीं चाहते ताकि वे अपनी मनमानी जारी रख सकें और पारदर्शिता से बच सकें।

Published / 2025-08-16 16:52:19
झारखंड : गवर्नर ने दी शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि

टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज झारखंड विधानसभा परिसर में माननीय मंत्री, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता तथा निबंधन विभाग, झारखण्ड सरकार श्री रामदास सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। 

राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि रामदास सोरेन का असामयिक निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। राज्यपाल ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

Published / 2025-08-15 18:06:19
झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 22 से

 दोबारा शुरू हो रहा सत्र चार दिनों तक चलेगा सेशन

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र पुन: 22 अगस्त से 28 अगस्त तक आयोजित होगा। इस बार सत्र के दौरान कुल चार बैठकें होगी। 23 अगस्त को शनिवार और 24 अगस्त को रविवार होने के कारण इन दोनों दिनों में बैठक नहीं होगी। इसके अलावा 27 अगस्त को भी अवकाश होगा।

पहले दिन पेश होगा पहला अनुपूरक बजट
उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र पहले 1 अगस्त से 7 अगस्त तक निर्धारित कि था और इसका शुभारंभ एक अगस्त को हुआ भी था। 

हालांकि, 4 अगस्त को दिशोम गुरु और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के कारण सत्र को तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। सदन के अनिश्चितकाल के लिए स्थगन के बाद विधानसभा सचिवालय द्वारा पुन: बैठक का औपबंधिक कार्यक्रम जारी किया गया है । इसके अनुसार अब मानसून सत्र पुन: 22 अगस्त से शुरू होगा। 

सदन में 22 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पेश की जाएगी। उसके बाद शोक प्रकाश होगा। 25 अगस्त को प्रश्नकाल होगा तथा प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा की जाएगी। 26 अगस्त को प्रश्नकाल होगा एवं राजकीय विधेयक पेश किया जाएगा जाएंगे। 28 अगस्त को प्रश्नकाल और गैर सरकारी संकल्प भी लिए जाएंगे।

Page 53 of 351

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse