राज काज

View All
Published / 2025-08-27 00:08:15
राज्यपाल ने रिटायर्ड जज नवनीत कुमार को दिलायी शपथ

  • राज्यपाल ने रिटायर्ड जस्टिस नवनीत कुमार को झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष पद की दिलायी शपथ

टीम एबीएन, रांची। झारखंड हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस नवनीत कुमार ने मंगलवार को झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष पद की शपथ ली। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। राजभवन के दरबार हॉल में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था। 

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं सीएम हेमंत सोरेन ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं। झारखंड की मुख्य सचिव अलका तिवारी ने शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति नवनीत कुमार की झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति संबंधी अधिसूचना का वाचन किया।

इसके बाद राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ नितिन कुलकर्णी ने हाईकोर्ट से सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति नवनीत कुमार को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड विधानसभा की सदस्य कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल समेत भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं पुलिस सेवा के पदाधिकारी समेत अन्य मौजूद थे।

Published / 2025-08-25 21:17:26
गृह मंत्री ने सीएम हेमंत की तारीफ क्यों की? क्या हैं मायने...

हेमंत की तारीफ कर अमित शाह ने चौंका दिया, सियासी चाल पर सवाल, क्या हैं मायने? 

टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तारीफ की। उन्होंने हेमंत सोरेन के भ्रष्टाचार के आरोपों में इस्तीफा देने, कोर्ट से बरी होने और फिर 2024 में विधानसभा उपचुनाव जीतकर दोबारा सीएम बनने की प्रशंसा की। 

अमित शाह ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक प्रक्रिया का सम्मान बताया। उनका यह बयान तब और महत्वपूर्ण हो जाता है जब इसी प्लेटफॉर्म से अमित शाह ने महागठबंधन के ही नेता राहुल गांधी और लालू यादव जैसे नेताओं की आलोचना की। खास बात यह कि हाल में ही अमित शाह और हेमंत सोरेन रांची में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में एक मंच पर दिखे थे। 

पिछले बयानों से उलट बोले अमित शाह 

अमित शाह ने हेमंत सोरेन के इस्तीफा, बरी होने और फिर सीएम बनने की प्रशंसा को लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक बताया है। अमित शाह का यह बयान उनके पहले के रुख से अलग है, जहां उन्होंने सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार और घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। 

2024 में साहिबगंज और दुमका रैलियों में शाह ने सोरेन को सबसे भ्रष्ट सरकार का मुखिया बताया था। इस तारीफ के पीछे भाजपा की छवि को नरम करने और विपक्ष के साथ संवाद की राह खोलने की मंशा दिखती है। 

सियासी मायने और रणनीति को समझिये 

जानकार कहते हैं कि अमित शाह का यह बयान सियासी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। दरअसल, झारखंड में भाजपा और झामुमो के बीच कड़ा मुकाबला रहा है, ऐसे में अमित शाह की तारीफ से भाजपा संभवत: गैर-भाजपा दलों के साथ तनाव कम करने की कोशिश करने की अर्थ भी सामने आ रहा है। 

इसके अतिरिक्त यह बिहार और झारखंड में महागठबंधन के साथ भविष्य में गठजोड़ की जमीन तैयार करने का संकेत भी हो सकता है, खासकर 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए।

Published / 2025-08-25 20:25:45
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने किया महाधिवक्ता की पुस्तक का लोकार्पण

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने आज सोमवार को झारखंड विधानसभा में महाधिवक्ता राजीव रंजन द्वारा लिखित पुस्तक बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग देवघर A TOUCH OF THE DIVINE (दिव्यता का स्पर्श) का विधिवत लोकार्पण किया। 

इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने महाधिवक्ता राजीव रंजन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। झारखंड के महाधिवक्ता राजीव रंजन लिखित पुस्तक बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग देवघर A TOUCH OF THE DIVINE (दिव्यता का स्पर्श) में बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग की ऐतिहासिकता, प्राचीनता, पौराणिकता, धार्मिक आस्था सहित सांस्कृतिक तथा वैधानिक तत्वों पर चर्चा की गयी है।

बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग देवघर A TOUCH OF THE DIVINE (दिव्यता का स्पर्श) पुस्तक के लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, महाधिवक्ता राजीव रंजन, सचिव अरवा राजकमल, मुख्यमंत्री के वरीय आप्त सचिव सुनील श्रीवास्तव, अपर महाधिवक्ता अच्युत केशव, राजकीय अधिवक्ता मनोज कुमार उपस्थित थे।

Published / 2025-08-23 22:11:40
मेट्रो शहरों की तर्ज पर विकसित होगा रांची एयरपोर्ट क्षेत्र

45 करोड़ की पांच योजनाओं की मिली स्वीकृति 

टीम एबीएन, रांची। भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट क्षेत्र को मेट्रो शहरों की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।  एयरपोर्ट की ओर से शहर के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले हिनू और बिरसा चौक क्षेत्र का कायाकल्प होगा।  नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने इससे संबंधित पांच योजनाओं के लिए 45 करोड़ 03 रुपये की मंजूरी दे दी है।  विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जुडको को जल्द निविदा निकाल कर क्रियान्वयन शुरू करने का निर्देश दिया है।  

प्रधान सचिव सुनील कुमार ने कहा है कि शहरी नियोजन के तहत राजधानी के एयरपोर्ट क्षेत्र का आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण कराया जा रहा ताकि आने वाले मेहमानों को अच्छी अनुभूति प्राप्त हो. सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट से हिनू चौक तक सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए 10 करोड़ 42 लाख 27 100 रुपये, हरियाली पूर्ण और प्रकाशयुक्त सजावट के साथ हार्ड एंड साफ्ट स्केप के लिए 14 करोड़ 64 लाख, हिनू से बिरसा चौक सड़क के सुदृढीकरण के लिए 7 करोड़ 50 लाख रुपये, हार्ड एंड साफ्ट स्केप के लिए 9 करोड़ 03 लाख रुपये के अलावा हिनू चौक और गोलंबर के विकास के लिए 3 करोड़ 42 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है। 

एयरपोर्ट से हिनू चौक के बीच 1.65 किमी मार्ग को 6 लेन बनाना, सतह नवीनीकरण, फुटपाथ, साइक्लिंग पाथ, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, फ्लोरिंग पैनल, एलइडी लाइटिंग, जनजातीय कला संस्कृति पर आधारित दीवारों पर चित्रकारी, पत्थर की कलाकृतियां, झारखंड की प्राचीन कला संस्कृति पर आधारित भव्य तोरणद्वार, लैंड स्केपिंग, डिजाइनदार पेड़ पौधे, पेयजल और प्रसाधन, खाली स्थान पर पार्क, पार्किंग की व्यवस्था होगी। 

हिनू चौक से बिरसा चौक के बीच 1.2 किमी सड़क का सतह नवीनीकरण के साथ सौंदर्यीकरण, 6 लेन का निर्माण, डिवाइडर की पेड़ पौधो से सजावट, लैंड स्केपिंग, पेवर ब्लॉक, फुटपाथ, साइकिल पाथ-वे, सड़क के दोनों ओर छायादार वृक्ष, डिजाइनदार पौधे, आकर्षक स्ट्रीट एवं एलइडी लाइट, लैंड स्केपिंग, शौचालय की सुविधा रहेगी। इसके अलावा हिनू चौक का आधुनिकीकरण होगा। कपूर्री ठाकुर की प्रतिमा का उन्यन, खाली स्थानों पर झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियां, वर्तमान के 12 मीटर के गोलंबर को 22 मीटर तक विस्तार, लैंड स्केपिंग, आधुनिक एलइडी लाइट, रंग बिरंगे लाइट, हरियाली के खूबसूरत पेड़ पौधे लगाये जायेंगे।

Published / 2025-08-23 18:06:52
भारत ने बंद की अमेरिका के लिए पोस्टल सेवा

ट्रंप के टैरिफ के बाद एक्शन में आया भारत 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिका के साथ टैरिफ की वजह से हुए खराब रिश्तों के बीच भारत ने बड़ा कदम उठाया है। भारत ने 25 अगस्त से अमेरिका के लिए डाक सेवाएं निलंबित कर दी है। भारतीय डाक विभाग ने शनिवार (23 अगस्त 2025) को इसकी घोषणा की है। भारत ने अमेरिकी कस्टम रूल्स में बदलाव का हवाला देते हुए यह कदम उठाया है। 

ट्रंप प्रशासन ने 30 जुलाई को एक आदेश जारी किया था, जिसके तहत 800 डॉलर तक के सामान पर लगने वाली ड्यूटी (सीमा शुल्क) की छूट खत्म कर दी गयी। कम कीमत वाले सामान पहले बिना ड्यूटी के अमेरिका पहुंच जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अमेरिका भेजे जाने वाले हर मूल्य के सामान पर 29 अगस्त से कस्टम ड्यूटी लगेगी। 

हालांकि, दस्तावेज और 100 अमेरिकी डॉलर तक मूल्य वाले गिफ्ट आइटम पर छूट रहेगी। नया नियम इंटरनेशनल इमर्जेंसी इकोनॉमी पावर एक्ट  के तहत लागू होगा। अमेरिकी कस्टम और बॉर्डर प्रोटेक्शन के ने 15 अगस्त 2025 को निर्देश जारी किया कि ट्रंसपोर्ट कैरियर्स और क्वालिफाइड पार्टीज को अंतरराष्ट्रीय डाक शिपमेंट पर ड्यूटी जमा करनी होगी।

Published / 2025-08-22 20:31:44
झारखंड : आजीवन कारावास की सजा काट रहे 51 कैदी जल्द होंगे रिहा

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की 35वीं बैठक संपन्न 
  • बैठक में राज्य के विभिन्न कारागारों में आजीवन सजा काट रहे 51 कैदियों को रिहा किये जाने पर बनी सहमति 
  • झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद द्वारा आयोजित पिछली बैठकों में आजीवन सजा काट रहे कैदियों के रिहाई से संबंधित अस्वीकृत किये गये मामलों सहित कुल 103 मामलों की गहन समीक्षा की गयी।

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की 35वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्य के विभिन्न कारागारों में आजीवन सजा काट रहे 51 कैदियों को रिहा किए जाने पर सहमति बनी। बैठक में रिहाई से संबंधित 37 नए मामलों के साथ-साथ 66 वैसे कैदियों के मामलों पर भी पुनर्विचार किया गया जिन्हें झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की पिछली बैठकों में अस्वीकृत किया गया था।  

बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग वंदना दादेल, डीजीपी अनुराग गुप्ता, प्रधान सचिव सह विधि परामर्शी विधि (न्याय) नीरज कुमार श्रीवास्तव, महानिरीक्षक कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं सुदर्शन प्रसाद मंडल, न्यायिक आयुक्त अनिल मिश्रा, प्रधान प्रोवेशन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

51 कैदियों की रिहाई पर बनी सहमति 

बैठक में मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की अनुशंसा के आलोक में राज्य के विभिन्न कारागारों में आजीवन सजा काट रहे कुल 103 कैदियों को कारामुक्त किये जाने के प्रस्ताव पर अधिकारियों के साथ बिंदुवार गहन विचार-विमर्श किया। राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद द्वारा रिहाई हेतु अनुशंसित एक-एक कैदियों की फाइल पर गंभीरता से विचार किया गया। 

मुख्यमंत्री ने कैदियों के अपराध की प्रवृत्ति तथा न्यायालयों, संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों, जेल अधीक्षक एवं प्रोबेशन अधिकारियों द्वारा दिए गए मंतव्य की पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने रिहाई हेतु अनुशंसित कैदियों की उम्र एवं पारिवारिक, सामाजिक तथा शैक्षणिक स्थिति की भी पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री एवं अधिकारियों के बीच रिहाई हेतु प्रस्तावित सभी मामलों पर गहन विचारोपरान्त कुल 51 कैदियों को रिहा किए जाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री ने अपनी सहमति दी।  

रिहा हो रहे कैदियों को नया जीवन शुरू करने के लिए करें प्रेरित 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक में समीक्षा के उपरांत राज्य के विभिन्न कारागारों में 14 वर्ष या उससे अधिक समय से सजा काट रहे वैसे कैदी जिनकी उम्र ज्यादा हो गयी है तथा जेल में उनका आचरण अच्छा है उन्हें रिहा किया जाता है, अतएव रिहा हो रहे कैदियों को एक बेहतर सामाजिक जीवन शुरू करने के लिए प्रेरित करें। 

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि रिहाई से संबंधित अनुशंसित मामलों में कुछ मामले ऐसे भी हैं जिसमें कैदियों के बीमार होने तथा कुछ की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने की बात कही गई है, इन सभी मामलों के लिए एक बेहतर कार्य योजना तैयार कर ऐसे कैदियों को शारीरिक एवं मानसिक चिकित्सा प्रदान किए जाएं, चिकित्सा के उपरांत डॉक्टरों द्वारा दिये गये रिपोर्ट के अनुसार वैसे कैदियों की रिहाई पर विचार किया जाना चाहिए ताकि वे अपना जीवन सुचारू रूप से व्यतीत कर सकें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिहा होने वाले कैदियों को हर हाल में सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं से जोड़ें।

2019 से अबतक रिहा किये गये 470 कैदियों को मिल रहा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ 

बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक में सहमति के उपरांत वर्ष 2019 से अबतक राज्य के विभिन्न कारागारों से 619 कैदियों को रिहा किया जा चुका है, जिसमें 558 कैदियों का विभाग द्वारा भौतिक सत्यापन भी किया गया है। 61 बंदियों का भौतिक सत्यापन किया जाना बाकी है। 

यह भी बताया गया  कि वर्ष 2019 से अबतक रिहा हुए 619 में से 470 कैदियों को सरकार द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा ई श्रम कार्ड इत्यादि योजनाओं के लाभ से जोड़ा गया है। रिहा हुए वैसे कैदी जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है,  उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने का कार्य प्रक्रियाधीन है, जल्द ही सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से उन्हें आच्छादित किया जायेगा।

Published / 2025-08-22 20:27:33
रांची : सोनाहातू के तत्कालीन सीओ आलोक कुमार के वेतन वृद्धि पर रोक

टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने श्री आलोक कुमार, झा0प्र0से0(को0 क्र0-832/03), तत्कालीन अंचल अधिकारी, सोनाहातु, राँची के विरूद्ध असंचयात्मक प्रभाव से 01(एक) वेतन वृद्धि पर रोक का दण्ड अधिरोपित किया जाता है। इस संबंध में कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने संकल्प जारी किया है। 

Published / 2025-08-21 20:28:33
झारखंड : अब स्कूली बच्चे पढ़ेंगे दिशोम गुरू की जीवनी

झारखंड के स्कूलों में पढ़ायी जायेगी दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनी, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने की ये घोषणा 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के स्कूलों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनी पढ़ायी जायेगी। जी हां, झारखंड सरकार के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने ये घोषणा की है। स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की घोषणा के अनुसार, वर्ष 2026 से राज्य के सभी विद्यालयों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन और योगदान से जुड़ी सामग्री को पाठ्यक्रम में शामिल किया जायेगा। 

पहली से 12वीं कक्षा तक की कुल 8 किताबों में शिबू सोरेन के जीवन पर आधारित अध्याय जोड़े जायेंगे। छोटे बच्चों (कक्षा 1 से 5) के लिए शिबू सोरेन का परिचय सरल भाषा और कहानियों के माध्यम से कराया जायेगा, जबकि बड़ी कक्षाओं में उनके सामाजिक और राजनीतिक संघर्ष, आदिवासी पहचान की रक्षा में उनकी भूमिका और संसदीय जीवन जैसे पहलुओं को विस्तार से पढ़ाया जायेगा। इसके अलावा, विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट वर्क और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से भी इस विषय से जोड़ा जायेगा।

बता दें कि शिबू सोरेन का निधन 4 अगस्त को दिल्ली के सर गंगा अस्पताल में हुआ था। उनका 5 अगस्त को उनके पैतृक गांव नेमरा में अंतिम संसकार हुआ था। बेशक शिबू सोरेन दुनिया छोड़ कर चले गये, लेकिन वह हमेशा सभी के दिलों में रहेंगे।

Page 52 of 351

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse