जमशेदपुर : पुलिस पहरे में हिमांशु का अंतिम संस्कार, छह थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा

 

पोस्टमार्टम के बाद भारी तनाव के बीच हुई अंत्येष्टि 

भाजपा ने 48 घंटे में गिरफ्तारी की मांग की 

पत्नी को सरकारी नौकरी देने की उठी मांग 

जमशेदपुर के नये एसएसपी डा इस्तेशाम वकारिब और सरायकेला के एसपी पद पर मनोज स्वर्गीयारी ने दिया योगदान 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार एंड कैफे के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की पुलिस वैन से खींचकर की गई हत्या के बाद शहर में तनाव लगातार बना हुआ है। हालात को देखते हुए धालभूम के एसडीओ अर्णव मिश्रा ने साकची, बिष्टुपुर, सोनारी, कदमा, एमजीएम और मानगो थाना क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है। 

बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हिमांशु सिंह का अंतिम संस्कार बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट श्मशान घाट में किया गया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग पर पुलिस की कड़ी निगरानी रही ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। 

इस बीच, राज्य सरकार ने जमशेदपुर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक पियूष पांडेय तथा सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी को पद से हटाकर मुख्यालय रिपोर्ट करने का आदेश दिया। सरकार ने डॉ. इस्तेशाम वकारिब को जमशेदपुर का नया एसएसपी तथा मनोज स्वगीर्यारी को सरायकेला-खरसावां का नया एसपी नियुक्त किया है। 

इधर, हिमांशु के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मंगलवार देर रात उनकी अनुपस्थिति में ही एमजीएम मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करा दिया। काफी देर तक चले विरोध और बातचीत के बाद बुधवार शाम करीब छह बजे शव परिजनों को सौंपा गया। 

शव जैसे ही आदित्यपुर के ओम नगर स्थित आवास पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के बाद शाम करीब सात बजे शवयात्रा पार्वती घाट के लिए रवाना हुई, जहां पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया। 

हिमांशु के आवास से लेकर श्मशान घाट तक सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। अंतिम संस्कार में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। 

वहीं, भाजपा ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि तय समय में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पार्टी व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। दूसरी ओर, जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

 इस दौरान हिमांशु की पत्नी ऋचा सिंह को सरकारी नौकरी देने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गयी, जिस पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया है। हिमांशु हत्याकांड को लेकर पूरे कोल्हान क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गयी है तथा प्रशासन की हर गतिविधि पर लोगों की नजर बनी हुई है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse