रोमांचक मुकाबलों के साथ मीडिया कप वॉलीबॉल 2026 का आगाज

 

व्हाइट, ब्लैक, नेवी ब्लू और येलो अंतिम चार में 

सेमी फाइनल और फाइनल मुकाबला आज 

टीम एबीएन, रांची। रांची विश्वविद्यालय के वॉलीबॉल कोर्ट में आयोजित मीडिया कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ शनिवार को हुआ। पहले दिन लीग चरण के चले रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मैचों के बाद टीम व्हाइट, टीम ब्लैक, टीम नेवी ब्लू और टीम येलो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब रविवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले और फाइनल मैच खेले जायेंगे, जिसके बाद प्रतियोगिता की विजेता टीम का फैसला होगा। 

पहले दिन खेले गये मुकाबले 

शनिवार को खेले गये उद्घाटन मुकाबले में टीम नेवी ब्लू ने टीम रेड को एकतरफा मुकाबले में 25-8 और 25-11 से पराजित किया। दूसरे मैच में टीम व्हाइट ने टीम ब्लैक को 25-19 और 25-19 से हराकर जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में टीम येलो ने टीम रेड को 25-10 और 25-2 से शिकस्त देते हुए अपनी दावेदारी मजबूत की। चौथे मैच में टीम ब्लैक ने टीम स्काई ब्लू को 25-16 और 25-15 से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ में खुद को बनाये रखा। 

पांचवें मुकाबले में टीम नेवी ब्लू ने टीम येलो को 25-22 और 25-20 से हराया। वहीं दिन के अंतिम और सबसे रोमांचक मुकाबले में टीम व्हाइट ने टीम स्काई ब्लू को तीन सेट तक चले संघर्षपूर्ण मैच में 18-25, 25-14 और 15-4 से पराजित कर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। इस मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और कौशल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ। 

मैन आॅफ द मैच पुरस्कार 

प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन आॅफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पहले मैच में अरविंद प्रताप, दूसरे मैच में किसलय शानू, तीसरे मुकाबले में संतोष गुप्ता, चौथे में अभिषेक कुमार सिन्हा, पांचवें मैच में पुन: अरविंद प्रताप तथा अंतिम मुकाबले में किसलय शानू को यह सम्मान प्रदान किया गया। 

गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन

इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन रांची नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सरोज शर्मा, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, रांची विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो सुदेश कुमार साहू, स्पोर्ट्स कोआॅर्डिनेटर राजेश गुप्ता, स्पोर्ट्स सेक्टर से चंचल भट्टाचार्य, निशिकांत पाठक, अंतरराष्ट्रीय कोच राजेश कुमार सिंह, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी संजय कुमार, झारखंड वॉलीबॉल संघ के  संजय ठाकुर समेत कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। 

सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी समन्वय को भी मजबूत करता है। 

रविवार को होंगे सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 

  1. पहला सेमीफाइनल  : सुबह 7:30 बजे : टीम नेवी ब्लू बनाम टीम ब्लैक 
  2. दूसरा सेमीफाइनल  : सुबह 8:30 बजे : टीम व्हाइट बनाम टीम येलो 
  3. फाइनल मुकाबला  : सुबह 9:30 बजे झ्र पहले सेमीफाइनल के विजेता बनाम दूसरे सेमीफाइनल के विजेता 

पुरस्कार वितरण समारोह  

फाइनल मुकाबले के तुरंत बाद विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इसी के साथ मीडिया कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन होगा। 

उद्घाटन सत्र 

उद्घाटन सत्र के दौरान रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी, सचिव अभिषेक कुमार सिन्हा, सह सचिव चंदन भट्टाचार्य, कोषाध्यक्ष कुबेर प्रसाद सिंह, कार्यकारिणी सदस्य प्रतिमा कुमारी,संजय सुमन अमित कुमार सिंह, निर्भय कुमार, राजन बॉबी, संतोष सिन्हा, अशोक गोप, चंदन वर्मा, विजय गोप एवं सौरभ शुक्ला सहित बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। 

प्रतियोगिता को लेकर पत्रकारों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रांची प्रेस क्लब मैनेजिंग कमिटी को उम्मीद है कि रविवार को होने वाले सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले और भी अधिक रोमांचक होंगे तथा दर्शकों को उच्चस्तरीय वॉलीबॉल का आनंद देखने को मिलेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse