टीम एबीएन, रांची। सेठ रामेश्वर लाल पोद्दार भवन न्यास मंडल के तत्वावधान में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन रांची के चुटिया स्थित सेठ रामेश्वर लाल पोद्दार स्मृति भवन (धर्मशाला) में 7 अप्रैल से 13 अप्रैल तक किया जाएगा।यह आध्यात्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, ज्ञान और संस्कारों का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा।
इस पावन कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथा व्यास मां चैतन्य मीरा जी के श्रीमुख से प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से सायं 5 बजे तक किया जाएगा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति के महत्व एवं जीवन के आध्यात्मिक रहस्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को धर्म, ज्ञान और भक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।कार्यक्रम का शुभारंभ 7 अप्रैल को प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा।
यह कलश यात्रा राम मंदिर से प्रारंभ होकर चुटिया धर्मशाला तक पहुंचेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेंगे। कलश यात्रा के दौरान भक्ति गीत, भजन एवं जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान रघुनंदन टिबड़ेवाल हैं।
कथा का आयोजन समस्त टिबड़ेवाल परिवार के सौजन्य से किया जा रहा है, जिनकी सक्रिय सहभागिता से यह कार्यक्रम भव्य रूप ले रहा है। आयोजन से जुड़ी जानकारी देते हुए कार्यक्रम संयोजिका रेखा अग्रवाल एवं मीडिया प्रभारी अनु पोद्दार ने बताया कि इस सात दिवसीय कथा के माध्यम से समाज में धार्मिकजागरूकता एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का भी संदेश देगा। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी अनु पोद्दार (94311 65000) ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse