रांची : राज्यपाल ने किया झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 के पोस्टर का भव्य विमोचन

 

टीम एबीएन, रांची। आज रांची के लोकभवन में राज्यपाल संतोष गंगवार के कर कमलों द्वारा चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 के पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया। इस गरिमामय अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर जी, क्षेत्र प्रचारक रामनवमी जी, विभाग संपर्क प्रमुख भानु जालान, महानगर प्रचार प्रमुख स्निग्ध रंजन, चित्रपट झारखंड के अध्यक्ष नंद कुमार सिंह तथा कोषाध्यक्ष सुमित मित्तल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

चित्रपट झारखंड द्वारा आयोजित यह फिल्म महोत्सव आगामी 26, 27 एवं 28 जून 2026 को सरला बिरला विश्वविद्यालय  परिसर, टाटीसिल्वे, रांची में आयोजित किया जायेगा। इस फिल्म महोत्सव का मुख्य उद्देश्य झारखंड के युवा फिल्म निर्माताओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करना है।

इसके माध्यम से झारखंड के फिल्मकार अपनी कला के जरिए राज्य की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत कर सकेंगे। साथ ही, यह आयोजन सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित वसुधैव कुटुंबकम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य भी करेगा। इस फिल्म महोत्सव में केवल झारखंड राज्य के फिल्म निमार्ता ही अपनी फिल्में जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता में फिल्मों की तीन श्रेणियां निर्धारित की गयी हैं— 

  • लघु फिल्म (अधिकतम 20 मिनट) 
  • वृत्तचित्र (अधिकतम 30 मिनट) 
  • परिसर फिल्म (अधिकतम 15 मिनट; इसमें केवल लघु फिल्म ही मान्य होगी) 

पंजीकरण शुल्क 

  • लघु फिल्म : 500 
  • वृत्तचित्र : 500 
  • परिसर फिल्म : 250 

विद्यार्थियों के लिए विशेष रियायत के तहत वे किसी भी श्रेणी में मात्र 250 शुल्क देकर अपनी फिल्म जमा कर सकते हैं। झारखंड में बोली जाने वाली सभी भाषाओं में फिल्में स्वीकार की जायेंगी। हिंदी और अंग्रेजी के अतिरिक्त अन्य भाषाओं की फिल्मों के लिए हिंदी अथवा अंग्रेजी में उपशीर्षक अनिवार्य होगा। 

फिल्मों के लिए निम्नलिखित 12 विषय निर्धारित किये गये हैं: 

  1. झारखंड का इतिहास 
  2. जनजातीय समाज 
  3. ग्राम विकास 
  4. महिला सशक्तिकरण 
  5. पर्यावरण 
  6. सामाजिक समरसता 
  7. युवा और नशामुक्ति 
  8. नागरिक कर्तव्य 
  9. खेल और प्रतिभा 
  10. पलायन 
  11. डिजिटल भारत / तकनीकी परिवर्तन 
  12. भ्रष्टाचार और पारदर्शिता 

आयोजन समिति ने यह भी निर्धारित किया है कि केवल 1 जुलाई 2023 के बाद निर्मित फिल्में ही मान्य होंगी। फिल्म जमा करने की अंतिम तिथि रविवार, 7 जून 2026 निर्धारित की गयी है, जबकि चयनित फिल्मों की सूची 15 जून 2026 को प्रकाशित की जायेगी। 

इस फिल्म महोत्सव में कुल 2,70,000 का नकद पुरस्कार रखा गया है। यह आयोजन झारखंड के युवाओं के लिए फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। उक्त जानकारी  चित्रपट झारखंड के सदस्य नवीन सहाय ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse