झारखंड : केजी से आठवीं तक के स्कूल अब सात से 11:30 तक चलेंगे

 

झारखंड में बदला स्कूल टाइम, भीषण गर्मी की वजह से केजी से 8वीं तक सुबह 7 से 11.30 बजे तक चलेगा स्कूल 

टीम एबीएन, रांची। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों का समय 21 अप्रैल से बदलने का निर्णय लिया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, राज्य में संचालित सभी कोटि के सरकारी गैर सरकारी सहायता प्राप्त सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक सहित एवं निजी स्कूलों में अगले आदेश तक केजी वर्ग से वर्ग 8 तक की कक्षाएं सुबह 7 बजे से पूर्वाहन 11:30 तक तथा वर्ग 9 से वर्ग 12 तक की कक्षाएं प्रात:7 बजे से मध्यान्न 12 बजे तक संचालित की जायेगी। 

शिक्षकों को कोई राहत नहीं 

हालांकि सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी को इस आदेश से कोई राहत नहीं मिली है। उन्हें प्रात: 7 बजे से अपराह्न 1 बजे तक विद्यालय में रहना ही होगा और शैक्षणिक कार्य समाप्त होने के बाद वे शेष समय में गैर शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना सुनिश्चित करेंगे। झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के इस आदेश को सरकार के संयुक्त सचिव मोइनुद्दीन खान ने जारी किया है। 

स्कूल पर बढ़ रहा था समय बदलने का दबाव 

गौरतलब है कि झारखंड में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने स्कूलों के समय में बदलाव या अवकाश घोषित करने की मांग की गयी थी। इस संबंध में एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने शिक्षा सचिव को कल ज्ञापन देकर त्वरित कार्रवाई की अपील की थी, जिसके बाद कदम उठाया गया है। 

भीषण गर्मी से खुद के साथ साथ स्कूली बच्चों को भी बचायें 

भीषण गर्मी में स्कूली बच्चों को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा ज्यादा रहता है। जिससे बचाने के लिए उन्हें पर्याप्त पानी या तरल पदार्थ देते रहे। इसमें नींबू पानी या नारियल पानी का इस्तेमाल करना बेहतर होगा। बच्चों को सादे पानी के अलावा ओआरएस भी दे सकते हैं, जो अलग अलग फ्लेवर में इन दिनों मार्केट में उपलब्ध है। 

गर्मी में ऐसे करें अपना बचाव 

इसके अलावा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनाएं और सिर ढककर बच्चों को बाहर भेजें। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में खेलने से बच्चों को जरूर रोके। स्कूल के बैग में हमेशा पानी की बोतल रखें और प्यास न लगने पर भी बीच-बीच में पानी पीने की आदत डाले। घर का बना हल्का और ताजा खाना दें। तरबूज, खरबूजा, खीरा जैसी पानी की अधिकता वाली फल और सब्जियां खिलाएं और तली-भुनी और ज्यादा मसालेदार चीजों से बचे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse