एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय मूल के इंग्लिश गोल्फर आरोन राय ने 2026 पीजीए चैंपियनशिप जीतकर अपने करियर का सबसे बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। पेनसिल्वेनिया के एरोनिमिंक गोल्फ क्लब में खेले गए टूर्नामेंट में राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला मेजर खिताब जीता। 31 वर्षीय आरोन राय ने फाइनल राउंड में शानदार संयम दिखाया और 9-अंडर पार के स्कोर के साथ चैंपियन बने।
टूर्नामेंट का सबसे यादगार पल 17वें होल पर देखने को मिला, जब आरोन राय ने 68 फीट लंबा शानदार बर्डी पुट लगाया। इस शानदार शॉट ने उन्हें बाकी खिलाड़ियों से तीन स्ट्रोक आगे पहुंचा दिया और यहीं से उनकी जीत लगभग तय हो गयी। 18वें होल पर उन्होंने शांत अंदाज में पार पूरा किया और प्रतिष्ठित वानामेकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
आरोन राय 1919 के बाद पीजीए चैंपियनशिप जीतने वाले पहले इंग्लिश खिलाड़ी बन गये हैं। उनसे पहले जिम बार्न्स ने यह खिताब जीता था। यह जीत उनके लिए इसलिए भी खास रही क्योंकि 2026 सीजन में वह लगातार संघर्ष कर रहे थे और कई मौकों पर निराशा हाथ लगी थी।
खिताब जीतने के बाद आरोन राय ने कहा, यह सब किसी सपने जैसा लग रहा है। यह सीजन मेरे लिए काफी निराशाजनक रहा था, इसलिए यहां खड़े होकर ट्रॉफी जीतना मेरी कल्पना से भी बाहर है। उन्होंने गोल्फ को जिंदगी सिखाने वाला खेल बताते हुए कहा, गोल्फ आपको विनम्रता, अनुशासन और कड़ी मेहनत सिखाता है। इस खेल में कुछ भी आसानी से नहीं मिलता।
आरोन राय ने 9-अंडर पार के स्कोर के साथ टूर्नामेंट खत्म किया। उनके पीछे एलेक्स स्मैली और जॉन रहम 6-अंडर पार के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे। वहीं मैटी श्मिड, लुडविग आॅबर्ग और जस्टिन थॉमस 5-अंडर पार के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
पीजीए चैंपियनशिप जीतने के बाद आरोन राय अब गोल्फ की दुनिया के नये मेजर चैंपियन बन गये हैं। एरोनिमिंक में उनका यह प्रदर्शन 2026 सीजन के सबसे यादगार फाइनल राउंड में गिना जा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse