झारखंड : गवर्नर के पास पहुंचा देवेंद्रनाथ महतो का मामला

 

स्वतंत्रता दिवस पर छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो को तिरंगा यात्रा एवं ध्वजारोहण से रोकने के मामले में राज्यपाल से निष्पक्ष जांच की मांग 

टीम एबीएन, रांची। भूख हड़ताल के दौरान रांची सदर अस्पताल में उपचाररत छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो को पुलिस द्वारा कथित रूप से धक्का-मुक्की कर ध्वजारोहण एवं तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोके जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। आज यह मामला महामहिम राज्यपाल महोदय तक पहुंचा। 

जेपीएससी-जेएसएससी में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के प्रमुख छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा एवं ध्वजारोहण से रोके जाने तथा उनके साथ  पुलिस बल प्रयोग एवं धक्का-मुक्की के मामले को लेकर आज एक प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल महोदय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में रूपेश कुशवाहा, जयराम महतो, मुकेश कुमार, शिवम, रामा अवतार एवं महावीर साहु शामिल थे। 

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में बताया कि जेपीएससी-जेएसएससी में कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान 10 अगस्त 2026 को विधानसभा घेराव के समय हुए पुलिस लाठीचार्ज के बाद छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो रांची सदर अस्पताल में उपचाररत थे। गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद वे छात्रों के अधिकार एवं न्याय के लिए लगातार भूख हड़ताल पर थे। 

ज्ञापन में कहा गया कि 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपचाररत होने के बावजूद देवेन्द्र नाथ महतो ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने एवं राष्ट्रीय ध्वज फहराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें रोका गया तथा उनके साथ कथित रूप से बल प्रयोग एवं धक्का-मुक्की की गई। 

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि घटना से संबंधित फोटो एवं वीडियो सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं। स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर तिरंगे से जुड़ी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है। 

प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख मांगें 

  1. 15 अगस्त 2026 को देवेन्द्र नाथ महतो को तिरंगा यात्रा एवं ध्वजारोहण से रोके जाने की घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच हो। 
  2. कथित धक्का-मुक्की एवं पुलिस बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। 
  3. घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, फोटो एवं वीडियो सहित सभी साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच में शामिल किया जाए। 
  4. 10 अगस्त 2026 को विधानसभा घेराव के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए। 
  5. आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो की सुरक्षा एवं उचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। 
  6. जेपीएससी-जेएसएससी से संबंधित छात्र आंदोलन की मांगों पर सरकार द्वारा आवश्यक एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 
    प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदय से पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए उचित हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse