एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सीधे जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि संसद में जारी गतिरोध के पीछे जिन गंभीर सवालों के जवाब देश मांग रहा है, उन पर सरकार को स्पष्ट स्थिति रखनी चाहिए।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि राहुल गांधी ने सदन में बेहद स्पष्ट रूप से तीन मांगें रखी हैं। उन्होंने कहा कि यदि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में आते हैं, तो उन्हें किसी अन्य विधेयक पर चर्चा करने के बजाय पहले उन सवालों का जवाब देना चाहिए, जिनको लेकर लगातार गतिरोध बना हुआ है। उन्होंने सबसे बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया? इसका जवाब अमित शाह को देना होगा।
सांसद ने कहा कि यदि गृह मंत्री को इसकी जानकारी नहीं है, तो यह उनकी जिम्मेदारी और क्षमता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि एक स्थिति में जिम्मेदारी तय होती है और दूसरी स्थिति में अक्षमता सामने आती है, दोनों ही परिस्थितियों में अमित शाह को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। सांसद सुखदेव भगत ने राम मंदिर में चोरी के कथित मामले को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर मामले पर प्रधानमंत्री की ओर से अब तक स्पष्ट प्रतिक्रिया क्यों नहीं आयी। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले से जुड़े लोगों में प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़े करीबी लोगों तथा ट्रस्ट से जुड़े सदस्यों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सांसद ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में आरएसएस और भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता के आरोप सामने आ रहे हैं, इसलिए प्रधानमंत्री और भाजपा नेतृत्व की चुप्पी और अधिक सवाल खड़े करती है।
सांसद ने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या भारतीय जनता पार्टी के संरक्षण के बिना संभव नहीं है, इसलिए ये लोग इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार से मांग की कि दोनों मामलों में देश के सामने सच्चाई स्पष्ट की जाए और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना विपक्ष का अधिकार ही नहीं, बल्कि जनता के प्रति उसकी जिम्मेदारी भी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse