एबीएन सेंट्रल डेस्क। नई दिल्ली/लोहरदगाः नीट पेपर लीक और लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों को लेकर शुक्रवार को संसद भवन परिसर में इंडिया गठबंधन के सांसदों ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया।
सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। इस प्रदर्शन में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत भी सक्रिय रूप से शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस और इंडिया गठबंधन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में 152 पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, जिससे 7.5 करोड़ से अधिक छात्र प्रभावित हुए हैं। ये केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि देश के युवाओं के टूटे हुए सपनों की कहानी है।
सरकार ट्वीट और भाषण से काम चलाना चाहती है, लेकिन देश के छात्र जवाब और न्याय चाहते हैं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सबसे पहले नीट पेपर लीक का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर उठाया और लगातार छात्रों की आवाज संसद से लेकर सड़क तक बुलंद की।
बावजूद इसके सरकार ने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया।उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से छात्र अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। छात्रों पर लाठीचार्ज और आत्महत्या जैसी घटनाएं सरकार की विफलता का प्रमाण हैं।
प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन के सांसदों ने शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो, छात्रों को न्याय दो और पेपर लीक बंद करो जैसे नारे लगाए। संसद परिसर में हुए इस विरोध प्रदर्शन में शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग उठाई गई।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन देश के छात्रों के साथ मजबूती से खड़ा है। जब तक पेपर लीक के दोषियों को सजा नहीं मिलती, जिम्मेदारी तय नहीं होती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक हमारा संघर्ष और आंदोलन जारी रहेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse