धनबाद : कतरास के जीएनएम कॉलेज के पास शराब बेचते 2 व्यक्ति रंगेहाथ गिरफ्तार

 

  • धनबाद : कतरास के जीएनएम कॉलेज के पास शराब बेचते 2 व्यक्ति रंगेहाथ गिरफ्तार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के सख्त निर्देश के आलोक में जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत मछली पट्टी में जीएनएम कॉलेज के पास सहायक आयुक्त उत्पाद अजय कुमार गोंड के नेतृत्व में उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर देशी, विदेशी व महुआ शराब बरामद की है।

इस संबंध में उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत मछली पट्टी में जीएनएम कॉलेज के पास शराब का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इसके बाद उत्पाद विभाग ने कतरास थाना के सहयोग से मछली पट्टी में छापामारी की। इस दौरान मौके से 18.6 लीटर महुआ शराब, 6.9 लीटर देशी शराब तथा 2.52 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

उपायुक्त ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के कारोबार में लिप्त सुशील कुंडू एवं अनिल कुमार बर्नवाल को अवैध शराब बेचते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम एवं संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अवैध शराब कारोबारियों को सख्त चेतावनी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों एवं गैर-कानूनी गतिविधि के कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं रिहाइशी इलाकों के आसपास अवैध शराब या नशीली वस्तुओं की बिक्री में शामिल लोगों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

साथ में उपायुक्त ने जिले के सभी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों व आम जनता से अपील की कि शिक्षण संस्थानों के निकट किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब या नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse