एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुर्गापुर। पर्यावरण संरक्षण और सतत औद्योगिक विकास के संकल्प को मजबूत करते हुए दुर्गापुर स्टील प्लांट में सोमवार को भव्य पौधरोपण कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने पौधरोपण कर हरित अभियान की शुरुआत की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि आज के दौर में औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण को एक-दूसरे का पूरक बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि हरित इस्पात (ग्रीन स्टील) ही देश के औद्योगिक विकास का भविष्य है। उत्पादन के साथ प्रकृति का संतुलन बनाये रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगों को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
अधिक से अधिक पौधरोपण से प्रदूषण पर नियंत्रण के साथ स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन मिलेगा। सांसद ने दुर्गापुर स्टील प्लांट प्रबंधन से अपील की कि पौधरोपण अभियान को प्रत्येक वर्ष व्यापक जनभागीदारी के साथ चलाया जाये। उन्होंने सुझाव दिया कि इस अभियान में स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को जोड़कर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाये।
साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से भी अपने घरों, मोहल्लों और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में दुगार्पुर स्टील प्लांट के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यूनियन के पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse