टीम एबीएन, रांची। शहर में लगातार बढ़ती गर्मी एवं तीखी धूप से आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा द्वारा एक पहल करते हुए राहगीरों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु चलंत प्याऊ के साथ-साथ अस्थायी प्याऊ सेवा का भी शुभारंभ किया गया।
चलंत प्याऊ सेवा का उद्घाटन मनीष जैन के परिवार एवं प्रांत के अध्यक्ष विशाल पाड़िया के द्वारा हरमू रोड स्थित श्याम मंदिर परिसर से विधिवत रूप से किया गया। वहीं शहर के भीड़-भाड़ वाले प्रमुख स्थानों पर स्थापित किए जाने वाले अस्थायी प्याऊ (घड़े में जल भरकर) का उद्घाटन श्री निखिल टिकमानी एवं उनके परिवार के द्वारा संपन्न हुआ।
मंच के अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शाखा द्वारा पिछले कई वर्षों से इस प्रकार के सेवा कार्य किए जाते रहे हैं। इस वर्ष चलंत प्याऊ आगामी एक माह तक रांची के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए राहगीरों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराएगा, वहीं अस्थायी प्याऊ शहर के भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर स्थापित कर निरंतर जल सेवा प्रदान करेगा।
उन्होंने आगे बताया कि इस सेवा के अंतर्गत केवल पेयजल ही नहीं, बल्कि ग्लूकोज युक्त जल एवं ठंडा शर्बत,नींबू पानी,सत्तू भी वितरित किया जाएगा जिससे तेज धूप एवं लू से प्रभावित लोगों को राहत मिल सके। यह पहल विशेष रूप से श्रमिकों, राहगीरों एवं जरूरतमंदों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
उद्घाटन अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में परोपकार एवं सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। विशेषकर गर्मी के मौसम में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जाता है। ऐसे समय में यह पहल समाज के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मंच के सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना एवं सेवा भाव को प्रोत्साहित करना है। इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्य समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करते हैं और युवाओं को भी सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
इस सफल आयोजन में कार्यक्रम संयोजक श्री योगेश्वर अग्रवाल, श्री साकेत सरावगी एवं श्री गौतम अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके विशेष प्रयासों से यह संपूर्ण कार्यक्रम अत्यंत सुंदर, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।उपरोक्त जानकारी अमित शर्मा ने दी।
कार्यक्रम में झारखंड प्रांत के पदाधिकारी आशीष अग्रवाल, दीपक गोयंका व निवर्तमान अध्यक्ष नीरज अग्रवाल पूर्व अध्यक्ष मुकेश काबरा, मनीष लोधा, अमित चौधरी, उपाध्यक्ष निकुंज पोद्दार, सौरव बजाज, अनीश सरावगी, प्रवीण अग्रवाल शुभम मित्तल, विशाल महलका व अन्य सदस्य मौजूद थे। उक्त जानकारी संघ के पीआरओ अमित शर्मा ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse