देवेंद्र नाथ महतो को पुलिस प्रशासन ने आंदोलन स्थल से हिरासत में लिया

 

  • देवेंद्र नाथ महतो को पुलिस प्रशासन ने आंदोलन स्थल से हिरासत में लिया
  • मगध परियोजना, सीसीएल लातेहार में मृतक बच्चों के परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर चल रहा था धरना

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। मगध परियोजना, सीसीएल लातेहार क्षेत्र में स्थानीय निवासी श्री द्वारिका गोंझू के तीन मासूम बच्चों- माही, दीपिका एवं आर्यन की शुक्रवार को हुई दर्दनाक मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान देवेंद्र नाथ महतो को रविवार देर शाम पुलिस प्रशासन ने आंदोलन स्थल से हिरासत में ले लिया।

ज्ञात हो कि उक्त तीनों बच्चों की मृत्यु अवैध उत्खनन से बने जलाशय में डूबने के कारण हुई थी। घटना के बाद मृतक परिवार को उचित मुआवजा, दोषियों पर कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग को लेकर देवेंद्र नाथ महतो पिछले 48 घंटों से आंदोलनरत थे। वे कंपनी के परिवहन कार्य को रोककर मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे।

आज रविवार शाम लगभग 7 बजे पुलिस प्रशासन ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर देवेंद्र नाथ महतो को हिरासत में ले लिया। उनकी हिरासत की खबर फैलते ही आंदोलन स्थल पर मौजूद समर्थकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया तथा कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बालूमाथ एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों ने प्रशासन से देवेंद्र नाथ महतो की शीघ्र एवं सकुशल रिहाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गयी, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जायेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse